- अमेरिका में 16 लाख 32 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं, जबकि 97 हजार 102 लोगों की मौत हुई है
- अमेरिका ने कहा- वक्त बर्बाद न करे डब्लूएचओ, वो ये पता लगाए कि कोरोनावायरस कहां से शुरू हुआ और कैसे फैला
- ट्रम्प ने कहा- कोरोना से मरने वालों के सम्मान में तीन तक दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया जाएगा
दैनिक भास्कर
May 23, 2020, 02:37 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक 52 लाख 62 हजार 91 लोग संक्रमित हैं। 21 लाख 25 हजार 53 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 37 हजार 809 हो गया। ब्रिटेन से शुक्रवार रात दो अहम खबरें आईं। देश की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने कहा कि 8 जून से जो भी व्यक्ति ब्रिटेन आएगा, उसे 14 दिन सेल्फ आइसोलेशन में रहना होगा। दूसरी खबर स्कूलों से जुड़ी है। सरकार यहां 1 जून से स्कूल फिर शुरू करना चाहती है। लेकिन, हेल्थ और साइंस एक्सपर्ट इसका विरोध कर रहे हैं।
अमेरिका : कोरोनावायरस की जांच करे डब्लूएचओ
अमेरिका ने एक बार फिर डब्लूएचओ पर दबाव बढ़ा दिया है। हेल्थ मिनिस्ट्री में असिस्टेंट सेक्रेटरी ने डब्लूएचओ को लिखे पत्र में कहा, ‘वक्त बर्बाद क्यों किया जा रहा है। डब्लूएचओ फौरन जांच शुरू करे कि कोरोनावायरस कहां से शुरू हुआ। इसके बाद यह कैसे फैला? राष्ट्रपति 18 मई को डब्लूएचओ के डायरेक्टर को पत्र में सारी बातें साफ कर चुके हैं। हम स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।’
अफ्रीकी महाद्वीप : संक्रमित अब एक लाख से ज्यादा
अफ्रीकी महाद्वीप में संक्रमितों की संख्या शुक्रवार को एक लाख से ज्यादा हो गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमितों की संख्या गुरुवार के 95 हजार 201 आंकड़े से बढ़कर शुक्रवार को 1 लाख 330 हो गई। 24 घंटे में 5129 नए मामले सामने आए। मरने वालों की संख्या बढ़कर 3 हजार 101 हो गई।
हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन से फायदा नहीं
लेंसेट जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोनावायरस संक्रमण के दौरान हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन या क्लोरोक्विन दवा से कोई फायदा नहीं होता। आमतौर पर इस दवा का इस्तेमाल आर्थराइटिस के लिए किया जाता है। लेकिन, हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा था कि वो खुद हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन टेबलेट लेते हैं। इसके बाद हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन और क्लोरोक्विन के फायदों पर नई बहस शुरू हो गई।
ब्रिटेन : 14 दिन सेल्फ आइसोलेशन में रहना होगा
होम सेक्रेटरी प्रीति पटेल ने शुक्रवार को कहा कि 8 जून से जो भी व्यक्ति ब्रिटेन आएगा, उसे 14 दिन सेल्फ आइसोलेशन में रहना होगा। प्रीति ने कहा, “जो भी लोग 8 जून से ब्रिटेन आएंगे। उन्हें 14 दिन सेल्फ आइसोलेशन में रहना होगा। सिर्फ उन्हें इससे अलग रखा जाएगा जो छूट के दायरे में आते हैं।” ब्रिटिश सरकार ने यात्रा से संबंधित नए नियम भी जारी किए हैं। नियम तोड़ने वालों को जुर्माना भी देना होगा।
ब्रिटेन : 1 जून से स्कूल खोलना मुश्किल
ब्रिटेन सरकार एक जून से कुछ स्कूल खोलने पर विचार कर रही है। लेकिन, मेडिकल एक्सपर्ट्स ने ऐसा न करने की सलाह दी है। ब्रिटिश सरकार के पूर्व साइंस एडवाइजर डेविड किंग ने कहा- पहले यह देखा जाना चाहिए कि हमारे देश में संक्रमण कितना कम हुआ। अगर बिना तैयारी के स्कूल खोल दिए जाएंगे तो यह खतरनाक हो सकता है। मुझे लगता है कि यह खतरनाक साबित हो सकता है।
जॉर्डन : एक शादी से फैला संक्रमण
जॉर्डन यूनिवर्सिटी के मुताबिक, देश के इरबिड शहर में 13 मार्च को एक शादी हुई थी। इसमें शामिल एक संकमित की वजह से 85 लोग संक्रमित हुए। शादी में कुल 360 मेहमान शामिल हुए थे। इसके चार हफ्ते बाद यहां संक्रमण तेजी से बढ़ा और लॉकडाउन के हालात पैदा हुए। अब तक यहां कुल 684 मामले सामने आ चुके हैं। 9 लोगों की मौत हुई है।
दक्षिण कोरिया : 25 मई से फिर स्कूल खुलेंगे
इंचेन प्रांत में 20 मई को स्कूल खुले थे। दो घंटे बाद ही इन्हें बंद करना पड़ा क्योंकि दो छात्र पॉजिटिव पाए गए थे। 972 छात्रों की जांच हुई। स्कूलों को सैनिटाइज किया गया। अब 25 मई से इन्हें फिर खोले जाने का ऐलान किया गया है। एजुकेशन मिनिस्ट्री ने कहा- संक्रमण स्थानीय स्तर पर न फैले। इसके लिए तमाम उपाय किए जा रहे हैं। देश में कुल 11 हजार 142 मामले सामने आ चुके हैं। 264 लोगों की मौत हुई है।
ग्वाटेमाला : भूख के लिए सफेद झंडा
ग्वाटेमाला में सिर्फ महामारी ही संकट नहीं है। लोग आंतरिक हिंसा की वजह से भी मारे जा रहे हैं। ‘द गार्डियन’ के मुताबिक, अब यहां की सड़कों पर लोगों की कतारें दिख रही हैं। इनके हाथ में अलग-अलग रंग के झंडे रहते हैं। सफेद झंडे का मतलब लोग भूखे हैं, उन्हें खाना चाहिए। लाल झंडा दवाई की जरूरत बताता है। काले, पीले या नीले रंग का अर्थ है कि महिला, बच्चा या बुजुर्ग खतरे में हैं।
ऑस्ट्रेलिया :17 सितंबर तक नहीं आ सकेंगे विदेशी क्रूज
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने शुक्रवार को विदेशी क्रूज के अपने जलक्षेत्र में प्रवेश पर रोक 17 सितंबर तक बढ़ा दी। 17 मार्च को सिडनी में रूबी प्रिंसेज क्रूज से संक्रमण फैला था। इसके बाद100 से ज्यादा यात्रियों को लाने वाले किसी भी जहाज के ऑस्ट्रेलियाई समुद्री सीमा में आने पर रोक लगा दी गई थी। ये 31 मई को खत्म हो रही थी। लेकिन, इसके पहले ही इसे 17 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
ब्रिटेन : वैक्सीन का दूसरा ट्रायल
कोरोना वैक्सीन बनाने में जुटी ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने कहा है कि वो इंसानों पर दूसरे चरण का ट्रायल जल्द शुरू करेगी। यूनिवर्सिटी ने शुक्रवार को बताया कि इस ट्रायल में 10 हजार 260 लोगों को शामिल किया जाएगा। 1 हजार से ज्यादा इम्युनाइजेशन के साथ यूनिवर्सिटी पहले चरण का ट्रायल पूरा कर चुकी है।
इस बार ईद पर नहीं खुलेगा इंडोनेशिया का राष्ट्रपति भवन
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने ईद के मौके पर राष्ट्रपति भवन नहीं खोलने की घोषणा की है। इस बार ईद रविवार को है। राष्ट्रपति ने सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया। परंपरा के मुताबिक, हर साल ईद के मौके पर हजारों लोग प्रेसिडेंशियल पैलेस पहुंचते थे। राष्ट्रपति से हाथ मिलाते थे और उन्हें ईद की मुबारकबाद देते थे।
अमेरिका : संक्रमण की दूसरी लहर में बंद नहीं होगा देश
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि देश को संक्रमण की दूसरी लहर में बंद नहीं किया जाएगा। ट्रम्प ने कहा- कभी न खत्म होने वाले लॉकडाउन से स्वास्थ्य का संकट बढ़ेगा। हमारे पास मजबूत अर्थव्यवस्था होनी चाहिए। स्थाई लॉकडाउन किसी देश या राज्य की रणनीति नहीं होती। हमारा देश शटडाउन के लिए नहीं है।
ट्रम्प ने का फिर मास्क पहनने से इनकार
ट्रम्प ने गुरुवार को मिशिगन में फोर्ड के प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कैमरे के सामने मास्क पहनने से मना कर दिया। साथ ही कहा कि वे मीडिया को ऐसा करते देखने का आनंद नहीं दे सकते। उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट किया- कोरोना से मरने वालों के सम्मान में अगले तीन तक दिन सभी सरकारी बिल्डिंग और राष्ट्रीय धरोहरों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया जाएगा।
….On Monday, the flags will be at half-staff in honor of the men and women in our Military who have made the Ultimate Sacrifice for our Nation.
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) May 21, 2020
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 16,32,629 | 97,102 | 3,85,270 |
रूस | 3,26,448 | 3,249 | 99,825 |
ब्राजील | 3,10,921 | 20,082 | 1,25,960 |
स्पेन | 2,80,117 | 27,940 | 1,96,958 |
ब्रिटेन | 2,50,908 | 36,042 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,28,006 | 32,486 | 1,34,560 |
फ्रांस | 1,81,575 | 28,132 | 63,354 |
जर्मनी | 1,79,021 | 8,309 | 1,58,000 |
तुर्की | 1,53,548 | 4,249 | 1,14,990 |
ईरान | 1,29,341 | 7,249 | 100,564 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: 25 हजार नए केस मिले
अमेरिका में गुरुवार को 25 हजार 294 नए मामले सामने आए और 1263 लोगों की मौत हो गई। देश में संक्रमितों की संख्या 16 लाख 20 हजार से ज्यादा हो गई है। यहां अब तक 96 हजार 355 मौतें हुई हैं। वहीं, 3 लाख 82 हजार 169 लोग ठीक हुए हैं।
पाकिस्तान : संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार
पाकिस्तान में शुक्रवार को 2 हजार 603 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या 50 हजार के पार हो गई। पिछले 24 घंटे में 50 मौतें होने के साथ देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या1 हजार 67 हो गई है। प्रधानमंत्री इमरान खान ने पेशावर के बाशा खान अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से विमानों की आवाजाही शुरू करने की घोषणा की।
सिंगापुर : संक्रमितों की संख्या 30 हजार के पार
सिंगापुर में पिछले 24 घंटे में 614 नए मामले सामने आए। देश में अब संक्रमितों की संख्या 30 हजार के पार हो गई। ज्यादा तादाद प्रवासी मजदूरों की है। ये डोरमेट्रीज में रहते हैं। अप्रैल में इन डोरेमेट्रीज में संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद से हर दिन करीब 400 से 800 नए मामले सामने आ रहे हैं।
ब्राजील: 20 हजार से ज्यादा मौतें
ब्राजील में कोरोना से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को 20 हजार के पार हो गई। बुधवार को यहां 1188 लोगों की जान गई है, जबकि 18 हजार 508 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या तीन लाख 10 हजार 921 पहुंच गई है। अमेरिका और रूस के बाद ब्राजील तीसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश है।
इटली: मौतों की संख्या ज्यादा हो सकती है
इटली में अब तक 32 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। इटली के नेशनल सोशल सिक्यॉरिटी एजेंसी ने कहा कि देश में मार्च और अप्रैल में जितनी मौतें बताई गईं हैं उनसे 19 हजार ज्यादा लोगों की मौत होने का अनुमान है। सरकारी आंकड़े भरोसे लायक नहीं हैं।
मैक्सिको: 2,973 नए मामले
लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको में 24 घंटे में 2,973 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमिताें की संख्या बढ़कर 59,567 हो गई है। इस दौरान महामारी से 420 लोगों की मौत हुई। अब यहं मरने वालों की संख्या 6,510 हो गई है। उप स्वास्थ्य मंत्री ह्यूगो लोपेज-गटेल ने रविवार को कहा था कि पिछले एक सप्ताह के दौरान कोरोना से बुरी तरह प्रभावित राजधानी मैक्सिको सिटी और अन्य शहरों में स्थिति धीरे-धीरे सुधरने लगी है। यहां 16 अप्रैल को लगी लॉकडाउन 30 मई तक बढ़ाने की घोषणा की गई है।
चिली: 57,581 संक्रमित
चिली में महामारी के 57,581 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 589 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार देश में 24 घंटे में संक्रमण के 3964 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 45 मरीजों की मौत हो गई है। यह देश में महामारी का प्रकोप शुरू होने के बाद से एक ही दिन का ज्यादा मामला है। स्वास्थ्य मंत्री जैमे मनालीच ने बताया कि देश में अभी भी वेंटिलेटरों की संख्या बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। हम 6 नए वेंटिलेटर लाए हैं। अगले कुछ दिनों में चार और अगले हफ्ते में 10 अतिरिक्त वेंटिलेटर लाए जाएंगे।
यमन: अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद की गुहार
यमन में सरकार के नियंत्रण वाले इलाकों में 13 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 193 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में 10 अप्रैल को पांच लोग ठीक हो चुके हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। अदन समेत कई शहरों में आंशिक कर्फ्यू लगाया गया है। यहां की सरकार ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद की गुहार लगाई है।