May 20, 2024 : 4:32 AM
Breaking News
राष्ट्रीय

ममता सरकार ने केंद्र से मांगी मेट्रो ट्रेन चलाने की इजाजत, कहा- हॉटस्पॉट से आने वाली घरेलू उड़ानों पर बैन लगाया जाए; देश में 5.68 लाख केस

  • देश में कोरोना से अब तक 16 हजार 904 मौतें हुईं, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7610 की जान गई
  • तमिलनाडु, महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया, इससे पहले बंगाल, झारखंड में बढ़ाया गया था

दैनिक भास्कर

Jun 30, 2020, 06:08 PM IST

नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल सरकार ने गृह मंत्रालय से कोलकाता में जरूरी सप्लाई के लिए मेट्रो चलाने की अनुमति मांगी है। मंगलवार को इसके लिए राज्य के चीफ सेक्रेटरी राजीव सिन्हा ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने कंटेनमेंट जोन से आने वाली घरेलू उड़ानों पर 6 जुलाई से दो हफ्ते तक रोक लगाने की मांग भी की है। कहा कि दिल्ली, मुंबई, पुणे, चेन्नई, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर और इंदौर से पश्चिम बंगाल के लिए कोई फ्लाइट न भेजी जाए।
दूसरी ओर राज्य सरकार ने अनलॉक 2.0 में शादी समारोहों और श्राद्ध में 25 की बजाय 50 लोगों के शामिल होने की मंजूरी दे दी है। सुबह साढे पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मॉर्निंग वॉक की इजाजत भी दे दी गई है।  

संक्रमितों की संख्या 5.68 लाख हुई

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 68 हजार 315 हो गई है। covid19india.org के मुताबिक, सोमवार को 18 हजार 339 नए मरीज सामने आए और 13 हजार 497 ठीक हो गए। तमिलनाडु में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में यहां रिकॉर्ड 3949 मरीज बढ़े, यह संख्या 5वें दिन 3500 से ज्यादा रही। सबसे ज्यादा संक्रमितों वाले राज्यों में यह दूसरे नंबर पर आ गया है। सोमवार को देश में 417 लोगों की जान गई।

LIVE UPDATES :  

  • गुजरात सरकार ने दुकानों और रेस्टोरेंट्स को ज्यादा देर तक खोलने की मंजूरी दी है। अब राज्य में दुकानें 7 की बजाय 8 बजे बंद होंगी। रेस्टोरेंट भी अब रात 8 की बजाय 9 बजे तक खुले रहेंगे। 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कोरोना वैक्सीन बन जाने के बाद उसके टीकाकरण की तैयारियों को लेकर एक बैठक की। इसमें भारत और ग्लोबल स्तर पर बनाई जा रही वैक्सीन के मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कोविड के खिलाफ टीकाकरण की कोशिशों में भारत की जिम्मेदारी को दोहराया। मोदी ने अफसरों को बेहतर तरीके से और समय पर टीकाकरण करने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने इसके लिए तत्काल योजना बनाने पर जोर दिया।

  • पिछले 24 घंटे में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 53 जवान कोरोना संक्रमित मिले। वहीं, चार जवान स्वस्थ हो गए। बीएसएफ में अब कुल 354 एक्टिव मामले हैं। 659 जवान ठीक हो चुके हैं। 
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि 29 जून तक 86 लाख 8 हजार 654 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें से 2 लाख 10 हजार 292 सैंपल का सोमवार को टेस्ट किया गया।
  • केंद्रीय स्वास्थ मंत्रालय ने मंगलवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18 हजार 522 मामले सामने आए। वहीं, 418 लोगों की मौत हुई। इसके साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5 लाख 66 हजार 840 हो गई है। इनमें से 2 लाख 15 हजार 125 मामले एक्टिव हैं। वहीं, 3 लाख 34 हजार 822 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 16 हजार 893 लोगों की मौत हो चुकी है।

तमिलनाडु में सोमवार को रिकॉर्ड नए मामले

मुंबई, अहमदाबाद और ठाणे में सबसे ज्यादा मौतें, लेकिन मृत्युदर में सोलापुर और जलगांव इनसे भी आगे

अब संक्रमण देश के छोटे जिलों में भी बढ़ रहा है। कुछ जिलों में मौतें 200 से ज्यादा हो गई हैं और मृत्यु दर तेजी से बढ़ रही है। इनमें महाराष्ट्र के सोलापुर और जलगांव शामिल हैं। यहां मृत्यु दर सबसे ज्यादा मौतों वाले जिलों जैसे मुंबई (4463 मौतें), अहमदाबाद (1432 मौतें), ठाणे (871 मौतें) और कोलकाता (372 मौतें) से ज्यादा है। सोलापुर में मृत्यु दर 9.75% और जलगांव में 6.90% है। वहीं, मुंबई में मृत्यु दर सिर्फ 5.78% है, जबकि यहां मौतें साढ़े चार हजार के करीब पहुंच गई हैं।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: भोपाल में मंगलवार दोपहर तक 44 पॉजिटिव मरीज मिले। इसके साथ शहर में संक्रमितों की संख्या अब 3066 हो गई है। उधर, बालाघाट जिले में 3 मरीज मिले। मंदसौर में 20 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें शहर के एएसपी का ड्राइवर भी शामिल है। इससे पहले सोमवार को भोपाल में 24, इंदौर में 49 और मुरैना में 24 पॉजिटिव केस बढ़े थे।

महाराष्ट्र: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि मुंबई में अब तक 750 कंटेनमेंट जोन हैं। उधर, महाराष्ट्र पुलिस में 67 पॉजिटिव मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 4810 हो गई है। वहीं, 59 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले सोमवार को मुंबई में 1226 मामले बढ़े, यहां अब 76 हजार 765 मरीज हो गए।

उत्तरप्रदेश: यहां सोमवार को 681 नए मरीज सामने आए और 12 की जान गई। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 57, गाजियाबाद में 70 और लखनऊ में 23 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 22 हजार 828 हो गई, इनमें से 6650 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 672 लोगों की मौत हुई है

राजस्थान: राज्य में मंगलवार दोपहर तक 94 मामले सामने आए। सबसे ज्यादा 33 पॉजिटिव सीकर में, अलवर में 22, जयपुर में 12, कोटा में 7, सिरोही में 5, दौसा में 3, अजमेर, नागौर और पाली में 2-2, चुरू, टोंक और श्रीगंगानगर में एक-एक केस मिला। वहीं, चार मरीजों ने दम तोड़ दिया। इस बीच, राज्य सरकार ने अनलॉक-2 के लिए गाइडलाइंस जारी कीं। इसके मुताबिक, स्कूल और कॉलेज 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। कोचिंग, बड़े मंदिर अभी नहीं खुलेंगे।

बिहार: राज्य में मंगलवार दोपहर तक 127 केस आए। इससे पहले सोमवार शाम को एक बारात में शामिल हुए 108 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शादी में शामिल 375 लोगों का सैंपल लिया गया था। यह शादी डीहपाली गांव के इंजीनियर अनिल की थी। अनिल गुड़गांव से अपने गांव आया था। 15 जून को उसकी बारात नौबतपुर गई थी। 17 जून को उसकी मौत हो गई थी। राज्य में सोमवार को 394 संक्रमित मिले और एक मौत हुई थी।

Related posts

CM शिवराज का ‘नायक’ अंदाज, अचानक इस जिले में पहुंचकर पांच अफसरों को किया सस्पेंड

News Blast

डॉक्टरों के संघों की ओर से याचिका:एलोपैथी मामले में हाईकोर्ट ने बाबा रामदेव से एक सप्ताह के भीतर मांगा जवाब, अगली सुनवाई 10 अगस्त को होगी

News Blast

कोरोना से स्मॉल इंडस्ट्री को उबारेगी जीईसीएल योजना, बैंकों ने एक साल तक बगैर किसी किस्त के लोन देना शुरू किया

News Blast

टिप्पणी दें