- अमेरिका में संक्रमण के मामले 26 लाख से ज्यादा, यहां अब तक 1 लाख 28 हजार 437 लोगों की मौत हुई
- दुनिया में अब तक 55 लाख लोग स्वस्थ हुए, सबसे संक्रमित अमेरिका में 10 लाख से ज्यादा ठीक हो चुके
दैनिक भास्कर
Jun 29, 2020, 03:39 PM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ 2 लाख 42 हजार 932 हो गई है। इनमें 55 लाख 53 हजार 107 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 4 हजार 366 लोगों ने जान गंवाई हैं। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने महामारी और अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर रविवार को कहा कि देश के इतिहास में यह साल सबसे खराब रहा है। 140 साल में हमने ऐसी महामारी नहीं देखी। देश में 2.20 लाख से ज्यादा संक्रमित हैं, जबकि 10 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, 24 घंटे में संक्रमण के 1 लाख 89 हजार 077 केस मिले हैं, जबकि 4612 लोगों की मौत हुई है। शनिवार को 1 लाख 79 हजार 316 मरीज मिले थे।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 26,37,077 | 1,28,437 | 10,93,456 |
ब्राजील | 13,45,254 | 57,658 | 7,33,848 |
रूस | 6,34,437 | 9,073 | 3,99,087 |
भारत | 5,49,197 | 16,487 | 321,774 |
ब्रिटेन | 3,11,151 | 43,550 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 2,95,850 | 28,343 | उपलब्ध नहीं |
पेरू | 2,79,419 | 9,317 | 1,64,024 |
चिली | 2,71,982 | 5,509 | 2,32,210 |
इटली | 2,40,310 | 34,738 | 1,88,891 |
ईरान | 2,22,669 | 10,508 | 1,83,310 |
*ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
कैलिफोर्निया में बार बंद करने के आदेश
कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसॉम ने रविवार को लॉस एंजिल्स समेत सात शहरों में सभी बार बंद करने के आदेश दिए हैं। एक महीने पहले ही राज्यों को दोबारा खोलना शुरू किया गया था। टेक्सास और फ्लोरिडा में भी बार और रेस्टोरेंट बंद कर दिए गए हैं। गवर्नर ने कहा कि लोगों को वायरस को लेकर सतर्क रहना चाहिए। यह अभी भी राज्य में फैल रहा है। कुछ हिस्सों में मामलों में इजाफा हुआ है।
NEW: Due to the rising spread of #COVID19, CA is ordering bars to close in Fresno, Imperial, Kern, Kings, Los Angeles, San Joaquin, and Tulare, while recommending they close in Contra Costa, Riverside, Sacramento, San Bernardino, Santa Barbara, Santa Clara, Stanislaus, & Ventura.
— Gavin Newsom (@GavinNewsom) June 28, 2020
ब्रिटेन: पाकिस्तानी डॉक्टर का लाइसेंस निलंबित
जियो न्यूज के मुताबिक, ब्रिटेन की जनरल मेडिकल काउंसिल (जीएमसी) ने एक पाकिस्तानी मूल डॉक्टर इकबाल आदिल का मेडिकल प्रैक्टिस लाइसेंस निलंबित कर दिया है। आरोप है कि डॉक्टर ने महामारी को लेकर गलत सूचनाएं फैलाई हैं। उन्होंने दावा किया था कि कोरोना दुनिया को नियंत्रित करने की साजिश है। में संक्रमण का मामला 3 लाख 11 हजार से ज्यादा हो गया है। वहीं, अब तक 43 हजार 550 लोगों की जान जा चुकी है।
इराक: सांसदों का संसद सत्र में शामिल होने से इनकार
इराक के सांसदों ने कोरोनावायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए संसद सत्र में शामिल होने से इनकार किया है। इराकी शफाक न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि संसद का सत्र कब आयोजित किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संसदीय बैठक की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। देश के 30 से ज्यादा सांसद कोरोना की चपेट में आए हैं। यहां अब तक 45,402 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1756 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी भी कर्फ्यू जारी है और घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं निलंबित है।
ब्राजील: 57 हजार से ज्यादा मौतें
ब्राजील में 24 घंटे में 552 लोगों की जान गई है। यहां कुल मौतें 57,622 हो गई है। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 13 लाख से ज्यादा हो गया है। इसके अलावा 7 लाख 33 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। देश में एक दिन पहले 38,693 नए मामले सामने आए थे। संक्रमण और मौतों के मामले में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर ब्राजील है। यहां संक्रमण से पहली मौत 12 मार्च को हुई थी। पहले महामारी से पहली मौत 16 मार्च बताई गई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि जांच में पाया गया कि 12 मार्च को 57 साल की महिला की पहली मौत हुई थी। वहीं, दूसरी मौत 15 मार्च को हुई थी।
द.कोरिया: संक्रमण के 42 नए मामले
दक्षिण कोरिया में 24 घंटे में संक्रमण के 42 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 12,757 हो गई है। योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को किसी की मौत की खबर नहीं है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोनावायरस के स्थानीय संक्रमण और बाहरी मामलों में बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई है। अधिकारियों को आशंका है कि गर्मी के मौसम में इस महामारी की दूसरी लहर सामने आ सकती है।
यूएई ने पाकिस्तान से आने वाली उड़ानें सस्पेंड कीं
संयुक्त अरब अमीरात के जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने पाकिस्तान से आने वाली सभी उड़ानें सस्पेंड कर दी हैं। इसमें ट्रांजिट फ्लाइट भी शामिल हैं। पाकिस्तान जब तक यूएई के रूट में जाने वाली उड़ानों के पैसेंजरों के लिए कोरोना की जांच की व्यवस्था नहीं कर लेता, तब तक यह नियम लागू रहेगा। इससे प्रभावित होने वाले यात्री एयरलाइंस को सूचित करें और अपनी यात्रा की डेट रीशेड्यूल करवा लें।
Urgent travel alert for passengers travelling from Pakistan.#YouAreResponsible#We_Are_All_Responsiblepic.twitter.com/cpQ4RUsjms
— NCEMA UAE (@NCEMAUAE) June 28, 2020
चीन: बीजिंग के आसपास के इलाकों में लॉकडाउन
बीजिंग और आसपास के इलाकों में संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद वहां लॉकडाउन लगा दिया गया है। करीब चार लाख लोग अब नजरबंद हो गए हैं। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, प्रशासन ने लोगों की चोतावनी दी है कि संक्रमण की स्थिति अभी भी गंभीर है। बीजिंग से 150 किमी दूर अंशिन काउंटी को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यहां एक दिन में 14 मामले सामने आए। 15 जून के बाद से अब तक 311 केस मिल चुके हैं।