May 5, 2024 : 8:28 PM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

अब तक 46 लाख संक्रमित: जर्मनी और ब्रिटेन में पाबंदियों के खिलाफ प्रदर्शन; सऊदी अरब में संक्रमण के मामले 50 हजार के पार

  • रूस में 2.72 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबिक 2537 लोगों की जान जा चुकी है
  • अमेरिका में अब तक 14.95 लाख संक्रमित हैं, जबकि 89 हजार 133 लोगों की मौत हो चुकी है

दैनिक भास्कर

May 17, 2020, 05:05 PM IST

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 46 लाख 83 हजार 644 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 17 लाख 91 हजार 242 ठीक हो चुके हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 10 हजार 024 हो गया।जर्मनी और ब्रिटेन में लोग शनिवार को लॉकडाउन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। खास बात ये है कि जर्मनी में ज्यादातर पाबंदियां हटाई जा चुकी हैं। चांसलर एंजेला मर्केल पहले ही कह चुकी हैं कि संक्रमण से बचने के लिए कुछ बंदिशें जारी रखना सरकार की मजबूरी है। वहीं, ब्रिटेन में प्रदर्शन कर रहे 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 14,95,614 89,133 3,30,209
स्पेन 2,76,505  27,563 1,92,253
रूस 2,72,043 2,537 58,226
ब्रिटेन 2,40,161 34,466 उपलब्ध नहीं
इटली 2,24,760 31,763  1,22,810
ब्राजील 2,22,877 15,046  84,970
फ्रांस 1,79,506 27,529 60,448
जर्मनी 1,75,699 8,001 1,51,700
तुर्की 1,46,457 4,055 1,06,133
ईरान 1,16,635 6,902 91,836

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

जर्मनी : पाबंदियों के खिलाफ प्रदर्शन

शनिवार को यहां कई शहरों में लोग सड़कों पर उतरे। इन्होंने लॉकडाउन और पाबंदियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। यह प्रदर्शन सरकार के लिए परेशानी की वजह है। क्योंकि, ज्यादातर बंदिशों में पहले ही छूट दी जा चुकी है। चांसलर एंजेला मर्केल पहले ही कह चुकी हैं कि संक्रमण से बचने के लिए कुछ पाबंदियां जारी रखना सरकार की मजबूरी है। राजधानी बर्लिन में तो लगभग सभी कारोबारी गतिविधियों को छूट दे दी गई है।

जर्मनी में सरकार लॉकडाउन में काफी राहत दे चुकी है। ज्यादातर बंदिशें हटाई जा चुकी हैं। लेकिन, लोग बाकी बंदिशें भी हटाने की मांग कर रहे हैं। शनिवार को देश के कई हिस्सों में लोगों ने पोस्टर्स लेकर पाबंदियां खत्म करने की मांग की। इसी प्रदर्शन में मौजूद कुछ लोग।  

ब्रिटेन : यहां भी विरोध प्रदर्शन
लंदन में शनिवार को कई लोगों ने लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन किया। यह लोग सरकार द्वारा लगाई गई पाबंदियों को विरोध कर रहे थे। 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी लोग लंदन के हायड पार्क में जुटे थे। पुलिस ने इन्हें समझाने की कोशिश भी की। यह सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे।  
ब्रिटेन : 468 की मौत
24 घंटे में यहां 468 नई मौतें हुईं। अब यहां मरने वालों का आंकड़ा 34 हजार 466 हो गया है। अब तक 17 लाख लोगों की जांच की गई है। इनमें दो लाख 40 हजार 161 पॉजिटिव हैं। शुक्रवार को देश में करीब एक लाख टेस्ट किए गए। अब तक बोरिस जॉनसन सरकार यह तय नहीं कर पाई है कि बंदिशें ज्यादा सख्त की जानी हैं या इनमें ढील दी जानी है। हालांकि, जून के मध्य से स्कूल खोले जाने पर विचार किया जा रहा है। 
स्पेन : केंद्र सरकार का विरोध
मेड्रिड रीजनल गवर्नमेंट की प्रेसिडेंट इसाबेज डियाज ने केंद्र सरकार से शहर को फिर खोलने की मांग दोहराई। डियाज ने कहा- हम ये नहीं समझ पा रहे हैं कि केंद्र सरकार इस शहर को दोबारा खोलने की मंजूरी क्यों नहीं दे रही। हम कई दिन से यह मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं। वो इसका कारण भी नहीं बताती। शहर में 66 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। 8 हजार 826 की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेझ ने शनिवार को कहा कि वो संसद से राष्ट्रीय आपातकाल एक महीने बढ़ाने की अपील करेंगे। इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।

मेड्रिड में रीजनल गवर्नमेंट की प्रेसिडेंट इसाबेज डियाज ने केंद्र सरकार से फिर शहर को खोलने की मांग की है। 

डब्लूएचओ की सलाह
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सलाह दी है कि कोरोनावायरस को खत्म करने के लिए कीटाणुनाशकों (डिसइन्फेक्टेंट्स) का छिड़काव जरूरी नहीं है। संगठन के मुताबिक, इससे फायदे की बजाए नुकसान भी हो सकता है। लिहाजा, इन्हें स्प्रे करने से बचना चाहिए। डब्लूएचओ ने कहा कि लोगों पर छिड़काव करना तो और गलत है। संगठन ने कहा, ‘खुले मैदान में डिसइन्फेक्टेंट्स या कैमिकल स्प्रे कारगर नहीं है। कुछ सरकारों ने सड़कों पर डिसइन्फेक्टेंट्स स्प्रे कराया है। इससे कोई फायदा नहीं होगा।’
स्पेन : राहत भरी खबर

हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 17 मार्च के बाद शनिवार को यहां एक दिन में सबसे कम मौत हुईं। 24 घंटे में 104 लोगों ने दम तोड़ा। कुल आंकड़ा 27 हजार 563 हो चुका है। हेल्थ डायरेक्टर फर्नांडो सिमॉन ने कहा, “लोग जान गंवा रहे हैं। इसका बहुत दुख है। लेकिन, इसकी रफ्तार बहुत हद तक कम हुई है। लेकिन, मैं लोगों से यह अपील करूंगा कि वो सावधान बने रहें। हमने सात दिन में टेस्टिंग कैपेसिटी बढ़ाई है।” देश में अब तक कुल 48 डॉक्टरों की भी मौत हो चुकी है। हालांकि, सरकार इसकी आधिकारिक पुष्टि करने तैयार नहीं है। 

स्पेन के बार्सिलोना एयरपोर्ट पर यात्रियों से बातचीत की कोशिश करते मीडियाकर्मी। कई पैसेंजर प्रोटेक्टिव गारमेंट्स में यहां पहुंचे। किसी दूसरे देश से स्पेन आने वाले लोगों को दो हफ्ते क्वारैंटाइन रहना होगा। 

अमेरिका : डब्लूएचओ फंडिंग पर अंतिम फैसला नहीं
राष्ट्रपति ट्रम्प ने शनिवार शाम एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने डब्लूटीओ की फंडिंग फिर शुरू करने पर आखिरी फैसला नहीं लिया है। दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि अमेरिका डब्लूटीओ की फंडिंग फिर शुरू करने पर विचार कर रहा है। खबरों के मुताबिक, अमेरिका अब इस संगठन को उतना ही पैसा देगा जितना चीन देता है। लेकिन, ट्रम्प ने साफ कर दिया है कि आखिरी फैसला फिलहाल नहीं किया गया है।

सऊदी अरब : मामले 50 हजार पार
हेल्थ मिनिस्ट्री ने शनिवार शाम कहा कि देश में संक्रमण के मामले 50 हजार से ज्यादा हो गए हैं। शुक्रवार से शनिवार के बीच यहां कुल दो हजार 840 मामलों की पुष्टि हुई। कुल संख्या 51 हजार 980 हो गई। पिछले हफ्ते औसतन पंद्रह सौ केस सामने आए। यहां पहला मामला 2 मार्च को सामने आया था। सरकार ने साफ कर दिया है कि 23 से 27 मार्च के बीच पूरे देश में टोटल लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान छुट्टियां रहेंगी। लेकिन, लोगों को घरों में रहना होगा।

रियाद के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में सामान खरीदती महिला। यहां 23 से 27 मई तक टोटल लॉकडाउन रहेगा। देश में अब संक्रमितों का आंकड़ा 51 हजार से अधिक हो गया है।  

अमेरिका: 5 नाविक फिर संक्रमित 

अमेरिकी नौसेना ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इस सप्ताह यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट के पांच नाविक जो पहले पॉजिटिव मिले थे वे क्वारैंटाइन से आने के बाद दोबारा संक्रमित मिले हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, नाविकों में फ्लू जैसे लक्षण नजर आए हैं। उन्हें शिप से तत्काल आइसोलेशन में भेज दिया गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है।

अमेरिका: 24 घंटे में 1680 मौतें

अमेरिका में 24 घंटे में 1680 लोगों की मौत हो गई। देश में मरने वालों की संख्या 88 हजार से ज्यादा हो चुकी है। वहीं, 14 लाख 84 हजार 285 लोग संक्रमित हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में 27 हजार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि तीन लाख 56 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। राज्य में 13 जून तक स्टे-ऐट-होम ऑर्डर जारी किया गया है।

  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि हम अपने दोस्त भारत को वेंटिलेटर देंगे। महामारी के दौर में अमेरिका, भारत और नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। हम कोरोना की वैक्सीन तैयार करने के लिए भी कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। दोनों देश मिलकर इस अदृश्य दुश्मन को हराएंगे।

  • ट्रम्प ने कहा- कोरोना का कारगर और प्रभावी टीका विकसित होने पर इसे जनता के लिए निशुल्क उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा। इस साल के अंत तक टीका विकसित किया जा सकता है। टीका विकसित करने के लिए ‘ऑपरेशन वार्प स्पीड’ नामक एक नए अभियान की शुरुआत की गई है।

  • न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिका की स्वास्थ्य संस्था सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के निदेशक डॉ. रॉबर्ट रेडफिल्ड ने शुक्रवार को कहा कि देश में 1 जून तक मरने वालों की संख्या 1 लाख से ज्यादा हो जाएगी। सीडीसी ने 12 अलग-अलग मॉडल के अध्ययन के बाद ये बातें कही। 

तस्वीर ब्रुकलिन के डोमिनो पार्क की है। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए धूप का आनंद ले रहे हैं।

ब्राजील: संक्रमण के 15,305 नए मामले
यहां 24 घंटे में 15,305 मामले सामने आए हैं। देश में 2 लाख 18 हजार से ज्यादा मरीज हो गए हैं। एक दिन में 824 लोगों की मौत हो गई। अब मृतकों की संख्या 14 हजार 817 हो गई है। इस बीच ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने सोमवार को लॉकडाउन के नियमों में ढील देते हुए जिम, ब्यूटी पार्लर और नाई की दुकानों को खोलने की छूट दी है। एक महीने में दूसरे स्वास्थ्य मंत्री निलसन कीच ने इस्तीफा दे दिया है।

​​​​​​

ब्रिटेन: मामलों में कमी
ब्रिटेन अब अमेरिका, स्पेन और रूस के बाद चौथा सबसे प्रभावित देश है। यहां एक दिन 3560 केस मिले हैं और 384 लोगों की जान गई है। कुल 34 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 2.36 लाख लोग संक्रमित हैं।  स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने बताया है कि मौतों की संख्या में कमी आ रही है। नर्सिंग होम्स के कर्मचारियों का टेस्ट जून के पहले हफ्ते में करा लिया जाएगा।

एनएचएस कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन और उनकी गर्लफ्रेंड कैरी सायमंड्स।

इटली: 3 जून से विदेश यात्रा की अनुमति
इटली 3 जून से अंतरराष्ट्रीय यात्रा से प्रतिबंध हटा रहा है। इसी दिन देश में भी अंदर फ्री ट्रैवल की मंजूरी दी जाएगी। यहां अब तक 31 हजार 610 लोगों की मौत हो गई है। दो लाख 23 हजार 885 संक्रमित हैं। अमेरिका और ब्रिटेन के बाद सबसे ज्यादा मौतें यहीं हुई हैं। 24 घंटे में 242 लोगों की जान गई है और 700 से ज्यादा नए केस मिले हैं। 18 मई से यहां सभी गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इटली में 21 फरवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था।

इटली में एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी दो टेबल के बीच की दूरी मापते हुए। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए यहां रेस्टोरेंट खोलने की इजाजत दी गई है।

रूस: एंटीबॉडिज के लिए लोगों की स्क्रीनिंग शुरू

रूस में एक दिन में 9200 संक्रमित लोग मिले हैं। यहां मरीजों की संख्या दो लाख 72 हजार 43 हो गई है। वहीं, 2537 लोगों की जान जा चुकी है। देश में एंटीबॉडिज के लिए बड़े स्तर पर लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। इसके लिए अलग-अलग उम्र के लोगों को अस्पताल बुलाया जा रहा है। लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लैबों में भेजे जा रहे हैं।

रूस के एक कब्रिस्तान में संक्रमण से मारे गए लोगों के शव दफन करते हेल्थ वर्कर। यहां मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

पेरु: चीन से ज्यादा मामले

पेरु दुनिया का 12वां सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन गया है। यहां चीन से भी ज्यादा संक्रमण के मामले हो गए हैं। देश में अब तक 84 हजार 495 मरीज मिल चुके हैं। वहीं, 2392 मरीजों की मौत हो चुकी है।

चीन: 21 नए केस मिले

चीन में 21 नए सामने आए हैं। वुहान के 1.1 करोड़ लोगों की टेस्टिंग की जाएगी। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, शुक्रवार को मिले आठ केस में से 6 बाहर से आए मामले थे। देश में अब तक 82 हजार 941 मामले हो चुके हैं, जबकि 4633 लोगों की जान जा चुकी है। 

दक्षिण कोरिया: अब 11,037 मामले
दक्षिण कोरिया में 19 नए मामले सामने आए हैं। मरीजों की संख्या बढ़कर 11,037 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश इस समय नए तरह के संक्रमण का सामना कर रहा है। देश में अभी नाइट क्लबों से फैले संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। बार और नाइट क्लब कई दिन पहले ही दोबारा बंद कर दिए गए हैं। 

Related posts

कान का जुदा अंदाज:रेड कार्पेट पर मास्क में चहलकदमी करेंगे सितारे, हर 48 घंटे में कोरोना टेस्ट, वैक्सीनेशन करा चुके ही शामिल हो सकेंगे

News Blast

सरकार की स्कॉलरशिप पर विदेश गए 132 छात्र मुल्क नहीं लौटे, 14 साल में 106 स्टूडेंट्स का रिसर्च ही पूरा नहीं हुआ

News Blast

राष्ट्रपति ट्रम्प ने 10 साल की भारतीय मूल की लड़की को सम्मानित किया, कोरोना वॉरियर्स को कुकीज और ग्रीटिंग कार्ड्स बनाकर भेजती है

News Blast

टिप्पणी दें