May 20, 2024 : 9:57 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

रेमडेसिविर दवा की काला बाजारी पर केंद्र सरकार सख्त, राज्यों को रोक लगाने का आदेश; देश में अब तक 7.40 लाख केस

  • सोमवार को 22 हजार 500 मरीज बढ़े; अब तक 20 हजार 174 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 9026 की जान गई
  • कर्नाटक के मंत्री जेसी मधुस्वामी ने कहा- राज्य में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है, यहां 25 हजार से ज्यादा केस हो गए हैं

दैनिक भास्कर

Jul 07, 2020, 11:28 PM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7 लाख 40 हजार 136 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने संक्रमित मरीजों के इलाज में काम आने वाली रेमडेसिवीर दवा की ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया है। सरकार ने मंगलवार को राज्यों से कहा कि वो सभी अस्पतालों में सही दाम पर रेमडेसिवीर दवा की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित कराएं। 

ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने राज्य और केंद्र शासित राज्य सरकारों को पत्र में रेमडेसिवीर दवा की ब्लैक मार्केटिंग और अस्पतालों में इसकी कमी का जिक्र भी किया है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने दो हफ्ते पहले ही सिप्ला और हेटेरो को रेमडेसिवीर के जेनरिक वर्जन की सप्लाई करने की अनुमति दी थी।

सिप्ला ने रेमडेसिवीर की कीमत 4,000 रुपये जबकि हेटेरो ने 5,400 रुपये तय की है। सप्लाई में कमी आने के चलते इसकी ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई और तय कीमत से 6 से 10 गुना ज्यादा दाम पर लोग इसे बेच रहे हैं। 

LIVE UPDATES : 

  • मुंबई में रोबोट दे रहा कोविड मरीजों को दवाईयां : मुंबई के पोद्दार अस्पताल में कोविड-19 मरीजों के लिए विशेष रोबोट का प्रयोग किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार से सामान्य कोविड मरीजों तक दवाईयां, खाना-पानी पहुंचाने के लिए रोबोट का प्रयोग शुरू कर दिया है। ये रोबोट हर मरीज के बेड के पास जाकर दवाईयां व अन्य जरूरी चीजें सर्व करता है।

  • पश्चिम बंगाल : इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी कंटेनमेंट जोन में 9 जुलाई से पूरी तरह से लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। मतलब इन इलाकों में पड़ने वाली सारी दुकानें, ऑफिस सबकुछ बंद रहेंगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी इन इलाकों से नहीं गुजरेगी। 

  • ओडिशा : राज्य के गंजम जिले के शहरी इलाकों और 5 ब्लॉक मुख्यालय में 9 से 13 जुलाई तक पूरी तरह से लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। जिलाधिकारी के मुताबिक इस दौरान जरूरी चीजों की सप्लाई जारी रहेगी। 

  • महाराष्ट्र में 3520 कोविड बेड की सुविधाएं बढ़ीं : महाराष्ट्र में सरकार ने राज्य में बढ़ते संक्रमितों को देखते हुए 3520 कोविड बेड की सुविधाएं शुरू कीं। मंगलवार को इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने किया।

  • मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक ये सुविधाएं मुलुंड, दहिसर, महालक्ष्मी रेस कोर्स और बांद्रा कुर्ला कॉम्पलैक्स तक स्थापित की गई हैं। राहत की बात है कि महाराष्ट्र में संक्रमितों के ठीक होने की रफ्तार भी तेज हो गई है। अब तक 54.37% मरीज पूरी तरह से ठीक होकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं। 

  • मुंबई में 15 लाख से ज्यादा लोग क्वारैंटाइन : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मंगलवार को बताया कि शहर में अब तक 15 लाख से ज्यादा लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। इनमें से 5.34 लाख लोग हाई रिस्क पर हैं। वहीं, 13.28 लाख लोग अपना क्वारैंटाइन पीरियड पूरा कर चुके हैं।

  • ज्योतिरादित्य सिंधिया के निजी सचिव कोरोना पॉजिटिव : भोपाल में भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के निजी सचिव अनिल मिश्रा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मिश्रा दो जुलाई को शिवराज मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के दौरान शपथ ग्रहण समारोह में राजभवन में मौजूद थे। भाजपा कार्यालय के वर्चुअल रैली के दौरान भी कई नेताओं के संपर्क में रहे।

  • राजस्थान : बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के कोरोना संक्रमित नौ जवानों ने मंगलवार को जयपुर में प्लाजमा डोनेट किया। 

  • केंद्रीय मंत्री होम क्वारैंटाइन में : ओडिशा के विधायक सुकांत कुमार नायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी ने खुद को अलग-थलग कर लिया। वे होम क्वारैंटाइन हो गए हैं। उन्होंने पिछले तीन दिनों में सुकांत के साथ दो कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। सारंगी बालासोर से सांसद हैं। 

  • 24 घंटे में 467 मरीजों की मौत : स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 22 हजार 252 मरीज बढ़े और 467 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7 लाख 19 हजार 665 हो गई है। इनमें से 2 लाख 59 हजार 557 एक्टिव केस हैं और 4 लाख 39 हजार 948 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इस तरह रिकवरी रेट 61.63% हो गया है। अब तक 20 हजार 160 लोगों की मौत हो चुकी है। 
  • एक करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच : इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि 6 जुलाई तक देश में 1 करोड़ 2 लाख 11 हजार 92 कोरोना टेस्ट हो चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 2 लाख 41 हजार 430 मरीज टेस्ट किए गए।
  • कर्नाटक में 25 हजार से ज्यादा संक्रमित : कर्नाटक में 25 हजार से ज्यादा संक्रमित हो गए। राज्य के मंत्री जेसी मधुस्वामी ने कहा कि कर्नाटक में कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है। कुछ इलाकों में तो बदतर हो गए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा इससे इनकार करते रहे हैं।

दिल्ली में 50 हजार से 1 लाख मामले सिर्फ 18 दिन में हो गए

दिल्ली में सोमवार रात को मरीजों की संख्या एक लाख पार कर गई। अब तक 100822 मामले सामने आ चुके हैं। दिल्ली में पहला केस 2 मार्च को सामने आया था। पहले 50 हजार केस होने में 110 लगे (18 जून तक)। यानी शुरू में कोरोना की रफ्तार राजधानी में धीमी थी। इसके बाद सिर्फ 18 दिन में ही 50 हजार मरीज बढ़ गए।

अच्छी बात यह है कि राजधानी में रिकवरी रेट भी 70% से ज्यादा हो गया है। अभी एक्टिव केस 25 हजार 620 हैं, तो 72 हजार 88 मरीज स्वस्थ भी हो गए हैं। यहां अब 17 हजार 141 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। पिछले 24 घंटें में 13 हजार 879 कुल टेस्ट हुए हैं। राजधानी में अब तक कुल 6 लाख 57 हजार 383 टेस्ट हो चुके हैं।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: राज्य में मंगलवार को कोरोना के 343 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 15627 पहुंच गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में 11768 कोरोना मरीज संक्रमण मुक्त होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 3237 है। राज्य में अब तक 622 लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हुई है। राज्य में कोरोना रिकवरी रेट 75 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कोरोना कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 1262 हो गई है। वहीं प्रदेश में अब तक 4,27,143 कोविड सैंपल्स की जांच की गई है।

महाराष्ट्र:  राज्य में मंगलवार को संक्रमण के 5,134 नये मामले सामने आए। अब प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,17,121 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक 9,250 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 5002 लोग मुंबई से थे। अबतक प्रदेश में 1,18,558 कोविड-19 मरीज ठीक हो चुके हैं। एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में मंगलवार को कोविड-19 का मात्र एक मामला सामने आया जिससे मुंबई के इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में इसके कुल मामले बढ़कर 2,335 हो गए।

उत्तरप्रदेश: मुरादाबाद जिले में मंगलवार सुबह 9 महिलाओं समेत 12 पॉजिटिव मिले। इसके साथ संक्रमित मरीजों संख्या बढ़कर 576 हो गई है। उधर, सिद्धार्थनगर में पति-पत्नी संक्रमित हो गए। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने कानपुर स्थित आश्रय गृह में 57 नाबालिग लड़कियों के संक्रमित होने की खबरों को लेकर राज्य सरकार से जबाव मांगा।

राजस्थान: राजस्थान में मंगलवार सुबह 234 केस सामने आए। जोधपुर में 57, अलवर में 36, नागौर में 34, बीकानेर में 29, जयपुर में 22, सिरोही में 19, जालौर में 9, बाड़मेर में 8, कोटा में 5, गंगानगर में 3, भीलवाड़ा, चूरू, झुंझुनू, सीकर और उदयपुर में 2-2, जैसलमेर और दूसरे राज्य से आए 1-1 संक्रमित मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 20 हजार 922 हो गई है। वहीं, भरतपुर, धौलपुर, जोधपुर और नागौर में 1-1 की मौत हो गई।

बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर में भी कोरोना पहुंच गया है। उनकी भतीजी संक्रमित मिली हैं। वे उनके सरकारी आवास में साथ रहती थीं। सोमवार देर शाम उन्हें पटना एम्स में भर्ती किया गया। इसके बाद पूरे आवास को सैनिटाइज किया गया। नीतीश ने 4 जुलाई को टेस्ट कराया था, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उधर, जदयू के एमएलसी गुलाम गौस और उनकी पत्नी पॉजिटिव मिले हैं। इससे पहले 4 जुलाई को विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी।

Related posts

पाकिस्तान से फोन आया, कहा- 26/11 जैसा हमला फिर होगा; होटल की सुरक्षा और तटीय इलाके में पैट्रोलिंग बढ़ाई गई

News Blast

महापौर के आसन का स्टीकर फाड़ा, नेता विपक्ष 15 दिन के लिए निष्कासित

News Blast

विकास चित्र कथा: आगे अपराधी, पीछे सिपाही; नेशनलिज्म, सेक्युलरिज्म और सिटीजनशिप का सीबीएसई कनेक्शन

News Blast

टिप्पणी दें