दैनिक भास्कर
Jul 07, 2020, 04:00 AM IST
नई दिल्ली. स्वरूप नगर इलाके में एक हिट एंड रन मामले में एक तेज रफ्तार कार ने घर लौट रहे एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। जबकि मंगोलपुरी इलाके में भी एक हिट एंड रन मामले में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। वह हैदरपुर इलाके में रहता था।
सोनू के भाई सूरज ने बताया कि दोनों भाई मजदूरी करते हैं। रविवार शाम 7.30 बजे के करीब जब दोनों भाई मजदूरी कर वापिस पैदल घर की तरफ लौट रहे थे। सर्विस रोड गली नंबर-3 के सामने से बस पकडऩे के लिए सड़क पर पार कर रहे थे। हनुमान मन्दिर की तरफ से एक बेलगाम कार आई। जिसने सोनू को कुचल दिया। वह काफी दूरी तक कार को रोकने के लिए भागा भी था। लेकिन चालक ने कार की रफ्तार तेज कर मौके पर से भाग गया।
पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोनू को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं मंगोलपुरी रविवार रात 12.45 बजे अनुकंपा चौक पर सड़क हादसा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस को पता चला कि युवक को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।