May 19, 2024 : 6:53 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

दिल्ली में होम आइसोलेशन की जगह सभी मरीज 5 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रहेंगे, केरल में 25 जून से विदेश से आने वालों का कोरोना टेस्ट होगा

  • देश में कोरोना मरीजों की संख्या 3.85 लाख, वहीं जान गंवाने वालों का आंकड़ा 12 हजार 678 हुआ
  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को मैक्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, 17 जून को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी

दैनिक भास्कर

Jun 19, 2020, 09:54 PM IST

नई दिल्ली. दिल्ली में अब सभी कोरोना मरीजों को होम क्वारैंटाइन की जगह सरकारी सेंटर में अनिवार्य रूप से 5 दिन के लिए क्वारैंटाइन किया जाएगा। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने इस फैसले को मंजूरी दे दी है।

इससे पहले सरकार ने हल्के लक्षण वाले मरीजों को होम क्वारैंटाइन में रहने की छूट दी थी। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय दिल्ली सरकार के होम आइसोलेशन के तरीके से नाराज था। संयुक्त सचिव ने शुक्रवार शाम को ही स्पेशल चीफ सेक्रेटी को चिठ्ठी लिखकर सख्ती से गाइलाइन का पालन करने को कहा था। 

इधर, दिल्ली में रैपिड एंटीजन टेस्टिंग किट के जरिए शुक्रवार को 12680 लोगों का टेस्ट किया गया था, जिसमें 951 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। केरल में 25 जून से विदेश से आने वाले सभी लोगों का कोरोना टेस्ट होगा। पहले 21 जून से यह व्यवस्था लागू होनी थी। 

देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 85 हजार 276 हो गई। तमिलनाडु में लगातार तीसरे दिन 2 हजार मरीज बढ़े। यहां शुक्रवार को 2115 नए संक्रमित मिले। राजस्थान मेें 52, मध्यप्रदेश में 156, हरियाणा में 115 मामले सामने आए। यह आंकड़े covid19india.org और राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा- देश में कोरोना टेस्ट की फीस एक होनी चाहिए  
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि सभी राज्यों में कोरोना के टेस्ट की फीस एक होनी चाहिए। कहीं टेस्ट 2200 रुपए में, तो कहीं 4500 रुपए में हो रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई खुद नोटिस कर की। जस्टिस अशोक भूषण ने कहा कि इसके लिए सभी राज्य मिलकर काम करें।

ट्रेन की बोगियों को क्वारैंटाइन सेंटर में तब्दील किया

तेलंगाना में रेलवे ने कोरोना मरीजों के इलाज के लिए ट्रेन की बोगियों को ही क्वारैंटाइन सेंटर में तब्दील किया है। शुक्रवार को ऐसी ही एक स्पेशल ट्रेन को सिकंदराबाद जंक्शन से काजीपेट जंक्शन के लिए रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन में हर बोगी में 8 केबिन हैं और हर केबिन में तीन बेड बनाए गए हैं।

इस ट्रेन की हर बोगी में 8 केबिन हैं और हर केबिन में तीन बेड लगाए हैं। हर बेड पर वेंटिलेटर की सुविधा भी है। 

5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए

तारीख

केस
19 जून 13826
18 जून 13107
13 जून 12031
14 जून 11374
12 जून 11314

कोरोना अपडेट्स 

  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन (55 साल) की तबीयत बिगड़ गई है, उन्हें निमोनिया के बाद मैक्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। उन्हें प्लाज्मा थैरेपी दी जाएगी। उनकी दूसरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 
  • इस महीने की शुरुआत में दूसरे राज्यों से पुडुचेरी आए लोगों को शनिवार तक अपने नजदीकी प्राइमरी हेल्थ सेंटर पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।  
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13,586 नए मामले सामने आए और 336 लोगों की मौत हुई। इसके बाद देश में 3 लाख 80 हजार 532 मरीज हो गए हैं। इनमें 1 लाख 63 हजार 248 एक्टिव केस शामिल हैं।  
  • मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट में कहा कि अब दिल्लीवासियों को टेस्ट कराने में कोई परेशानी नहीं होगी। आने वाले दिनों में टेस्टिंग ज्यादा की जाएगी।  

5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: शुक्रवार को राज्य में संक्रमण के 156 मामले सामने आए। इसमें इंदौर और भोपाल में 55-55 और रतलाम, मंदसौर और देवास में 3-3 मरीज मिले। रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में तैनात रैपिड एक्शन फोर्स की 107वीं बटालियन के 7 जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन जवानों के संपर्क में आए लगभग 170 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।

मध्यप्रदेश के इंदौर में 85 दिन बाद ब्यूटी पार्लर और सैलून खोलने की मंजूरी दी गई। हालांकि, कंटेनमेंट एरिया में पाबंदी जारी रहेगी। 

उत्तरप्रदेश: पिछले 24 घंटों में 809 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। कुल एक्टिव केस 6092 हैं। पूरी तरह से ठीक होकर डिस्चार्ज लोगों की संख्या 9995 और कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 507 है। सहारनपुर में शुक्रवार को 25 कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके साथ जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 330 हो गई है। 

यह फोटो लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन की है। यहां से प्रवासियों के जाने का सिलसिला जारी है। छत्तीसगढ़ के लिए गुरुवार को दूसरी स्पेशल ट्रेन से 1200 लोग रवाना हुए।  

महाराष्ट्र: पिछले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र में 3752 केस सामने आए। यह एक दिन में संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में मरीजों की संख्या कुल 1.20 लाख हो गई। पिछले 24 घंटे में 100 मरीजों की मौत के बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 5751 हुई।

राजस्थान: शुक्रवार को राजस्थान में 52 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें चूरू और झुंझुनू में 13-13, जयपुर में 9, धौलपुर में 5, टोंक में 4, हनुमानगढ़ में 3, झालावाड़ और राजसमंद में 2-2, चित्तौड़गढ़ में 1 संक्रमित मिला। वहीं, जयपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई।

तस्वीर जयपुर के रामगंज की है। यहां घर-घर जाकर सैंपल लिए जा रहे हैं। राज्य में गुरुवार को 16 हजार 879 टेस्ट किए गए। 

बिहार: बिहार में शुक्रवार को 138 पॉजिटिव मिले। इसके साथ राज्य में मरीजों की संख्या 7178 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सारण में 17, दरभंगा में 14, पटना में 13, समस्तीपुर में 10, बांका, गोपालगंज, जहांनाबाद और नवादा में 7-7, बेगुसराय में 4, बक्सर, भागलपुर, नालंदा और वैशाली में 3-3, शेखपुरा में 2 और औरंगाबाद, कैमूर, काशगंज, पुर्णिया और समस्तीपुर में एक-एक मरीज मिला।

Related posts

बिहार के 23 जिलों में बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत, यूपी में 23 और झारखंड में 4 की जान गई

News Blast

रोज 4 घंटे हमारा चैनल देखें, हर महीने 5 हजार मिलेंगे; यह कहकर 819 लोगों को बेचे 4 करोड़ के टीवी, अब कंपनी बंद

News Blast

संक्रमित मरीज और 65 साल से ऊपर के लोग पोस्टल बैलेट से वोट डाल सकेंगे, बिहार इलेक्शन से पहले केंद्र का फैसला

News Blast

टिप्पणी दें