- प्रधानमंत्री ने कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा कर रहे
- इससे पहले मोदी ने गलवान घाटी में शहीद हुए जवानों के लिए 2 मिनट का मौन रखा
दैनिक भास्कर
Jun 17, 2020, 05:08 PM IST
नई दिल्ली. कोरोना प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लॉकडाउन में लाखों लोगों को ट्रेस किया गया। आज देश का हर नागरिक वायरस के प्रति पहले से ज्यादा सचेत हुआ है। हमें हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर, इन्फॉर्मेशन सेक्टर, पब्लिक पार्टिसिपेशन पर इसी तरह जोर देना होगा। हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। टेस्टिंग पर हमें जोर देना होगा, ताकि संक्रमित को ट्रेस कर सकें और इलाज कर सकें। कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार दूसरे दिन राज्यों से चर्चा कर रहे हैं। महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली समेत सबसे ज्यादा प्रभावित 15 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस हो रही है।
6 राज्यों को छोड़ बाकी प्रदेश लिखित में अपनी बात पहुंचाएंगे
मोदी की राज्यों के साथ चर्चा में आज 6 मुख्यमंत्रियों को अपनी बात रखने का मौका मिल सकता है। जिन राज्यों को बोलने का मौका नहीं मिलेगा, वे लिखित में अपनी बात रखेंगे। मीटिंग में अनलॉक-1 के असर पर राज्यों का फीडबैक लिया जाएगा और आगे की स्ट्रैटजी पर चर्चा होगी। इससे पहले मंगलवार को मोदी ने 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों से बात की थी।
आज की मीटिंग में ये 15 राज्य/केंद्र शासित प्रदेश शामिल
महाराष्ट्र | तमिलनाडु | दिल्ली |
गुजरात | राजस्थान | उत्तर प्रदेश |
मध्य प्रदेश | पश्चिम बंगाल | कर्नाटक |
बिहार | आंध्र प्रदेश | हरियाणा |
जम्मू-कश्मीर | तेलंगाना | ओडिशा |
3 महीने में राज्यों के साथ मोदी की 7वीं मीटिंग
कोरोना संकट पर मोदी मार्च से लगातार राज्यों से चर्चा कर रहे हैं। मंगलवार को छठी मीटिंग थी। इसमें मोदी ने कहा था कि हमें लोगों की जिंदगी और रोजी-रोटी पर फोकस करना चाहिए। तीन महीने में राज्यों के साथ मोदी की आज 7वीं बैठक होगी।
पिछली 6 मीटिंग कब-कब हुईं, तब क्या स्थिति थी?
मीटिंग की तारीख | क्या चर्चा हुई | कोरोना के केस | कोरोना से मौतें |
20 मार्च | मोदी ने सोशल डिस्टेंसिंग और 22 मार्च के जनता कर्फ्यू पर फोकस किया। | 249 | 5 |
2 अप्रैल | 9 मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा हुई। मोदी ने कहा- लॉकडाउन के बाद धीरे-धीरे छूट देना ही बेहतर होगा। | 2,543 | 72 |
11 अप्रैल | लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने पर सहमति बनी। मीटिंग में शामिल 10 मुख्यमंत्रियों ने समर्थन किया। | 8,446 | 288 |
27 अप्रैल | हॉटस्पॉट के बाहर 4 मई को लॉकडाउन खोलने पर सहमति बनी। पांच राज्य 3 मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाने के फेवर में थे। | 29,451 | 939 |
11 मई | मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा- 15 मई तक बताएं कि अपने राज्य में कैसा लॉकडाउन चाहते हैं। | 70,768 | 2,294 |
16 जून | मोदी ने कहा- हमें लोगों की जिंदगी और रोजी-रोटी पर फोकस करना चाहिए। हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर और कोरोना की टेस्टिंग के साथ ही इकोनॉमिक एक्टिविटीज भी बढ़ानीं चाहिए। | 3,54,161 | 11,922 |