दैनिक भास्कर
Jun 14, 2020, 04:08 AM IST
दिल्ली. साउथ दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट टू में एक सिक्यूरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई। इस वारदात को अंजाम देने के बाद उसके शव में आग लगा दी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच अधजली हालत में शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजवाया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान इमरत सिंह के तौर पर हुई, जो मूलरुप से दामोह मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वह भी पेशे से सिक्यूरिटी गार्ड है। शराब पीने के बाद हुए झगड़े में यह वारदात हुई।
डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रेटर कैलाश पार्ट टू में हत्या की सूचना मिली। चितरंजन थाना पुलिस ने कॉल मिलने पर मौके पर पहुंची, जहां इमरत सिंह एक बिल्डिंग की पार्किंग एरिया में मिला। उसने पुलिस को बताया वह दिन में ग्यारह बजे सरनाम सिंह की हत्या कर चुका है। वह मैनपुरी यूपी निवासी है, जो इसी एरिया में सिक्यूरिटी गार्ड है। मर्डर के बाद उसने शव को जला दिया था।