May 4, 2024 : 8:27 PM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

चिली में संक्रमण बढ़ने पर स्वास्थ्य मंत्री ने इस्तीफा दिया, पाकिस्तान के पूर्व पीएम गिलानी संक्रमित; दुनिया में अब तक 78 लाख से ज्यादा मामले

  • दुनिया में अब तक 4 लाख 29 हजार 965 लोगों की मौत, जबकि 40.02 लाख से ज्यादा ठीक हुए
  • अमेरिका में 1 लाख 17 हजार 39 लोगों की मौत हुई, 21.27 लाख से ज्यादा संक्रमित

दैनिक भास्कर

Jun 13, 2020, 11:36 PM IST

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 29 हजार 965 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमितों का आंकड़ा 78 लाख 1हजार 786 हो गया है। अब तक 40 लाख 2 हजार 947 लोग ठीक हो चुके हैं। पाकिस्तान में शाहिद खकान अब्बासी के बाद एक और पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी संक्रमित हो गए हैं।

वहीं, चिली के स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोनावायरस के मामले बढ़ने पर शनिवार को इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति सेबैस्टियन पिनेरा ने स्वास्थ्य मंत्री जेम मैनेलिच के इस्तीफे की जानकारी दी। चिली में अब तक संक्रमण के कुल एक लाख 67 हजार 355 मामले आए हैं और 3101 लोगों की मौत हो चुकी है।  

10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 21,27,031 1,17,039 8,42,921
ब्राजील 8,31,064 41,952 4,27,610
रूस  5,20,129 6,829  2,74,641
भारत 3,17,368 9,109 1,59,597
ब्रिटेन 2,94,375 41,662 उपलब्ध नहीं
स्पेन 2,90,289  27,136 उपलब्ध नहीं
इटली 2,36,651 34,301 1,74,865
पेरू 2,20,749 6,308 1,07,133
जर्मनी 1,87,324 8,863 1,71,900
ईरान 1,84,955 8,730 1,46,748

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

अपडेट्स

  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि हम वायरस को खत्म कर इस पर जीत हासिल करेंगे। ट्रम्प मिलिट्री एकेडमी के 1107 ग्रेजुएट्स को संबोधित कर रहे थे। ट्रम्प ने सेना की सभी ब्रांच को वायरस से लड़ाई करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इस दौरान वायरस को अदृश्य दुश्मन बताया। 
  • अमेरिका में नेशनल इंस्टीट्यूड ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शियस डिसीज के डाइरेक्टर डॉ. एंथनी फौसी ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि अमेरिका में संक्रमण की दूसरी लहर आएगी। उन्होंने कहा कि संक्रमण के मामले बढ़ने पर कुछ लोग इसे संक्रमण की दूसरी लहर बता रहे हैं, लेकिन यह ठीक नहीं है।

पाकिस्तान : एक और पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव
9 जून को पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी पॉजिटिव पाए गए थे। अब शनिवार 13 जून को यूसुफ रजा गिलानी की टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यानी चार दिन में पाकिस्तान के दो पूर्व प्रधानमंत्री पॉजिटिव पाए गए हैं। गिलानी के बेटे ने आरोप लगाया है कि उनके पिता नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो यानी नैब की वजह से संक्रमित हुए। खास बात ये है कि नैब गिलानी और अब्बासी दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। इन दोनों से कई बार पूछताछ हो चुकी है। 

बीजिंग : कुछ हिस्सों में लॉकडाउन
चीन की राजधानी बीजिंग के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह लॉकडाउन लगा दिया गया। हेल्थ मिनिस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक, शहर में कुछ क्लस्टर सामने आए हैं। लोकल ट्रांसमिशन के भी दो मामले सामने आए थे। यहां देश के सबसे बड़े सीफूड मार्केट जिंगशेन को भी बंद कर दिया गया है। बीजिंग में सोमवार से स्कूल खुलने थे। अब इस आदेश पर रोक लगा दी गई है।

 शुक्रवार को बीजिंग के दो बाजारों में संक्रमण के मामले आए थे। यहां आने वाले 10 हजार लोगों का टेस्ट किया जाएगा। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, बीजिंग में 11 जून के पहले 55 दिन तक कोई मामला नहीं था। अब 46 संक्रमित हैं।

रूस: 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 8700 मामले 
रूस में 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के रिकॉर्ड 8700 मामले सामने आए और 114 लोगों की मौत हो गई। रूस में संक्रमण के कुल मामले पांच लाख 20 हजार 129 हो गए हैं। 

रूस की राजधानी मॉस्को में एक हॉस्पिटल में कोरना मरीज का इलाज करते डॉक्टर। रूस में संक्रमण से अब तक 6829 लोगों की जा चुकी है। 

ब्राजील : दम तोड़ते लोग
ब्राजील में शुक्रवार रात मरने वालों का आंकड़ा 41 हजार 952 हो गया। इसके साथ ही मौतों के मामले ब्राजील ब्रिटेन से आगे निकल गया। ब्रिटेन में इसी दौरान मरने वालों की संख्या 41 हजार 662 रही। कई दिन तक आंकड़े छिपाने के बाद अब ब्राजील सरकार ने अपडेट देना शुरू किया है। शुक्रवार को यहां 843 और संक्रमितों की मौत हुई। संक्रमण के लिहाज से ब्राजील पहले ही अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर था। 

नेपाल:  सरकार के खिलाफ प्रदर्शन 
नेपाल में सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क रहा है। कोरोनावायरस के संक्रमण को काबू में न कर पाने पर लोगों ने सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। शनिवार को पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वालों में 7 विदेशी हैं। नेपाल में अब तक संक्रमण के 5335 मामले सामने आ चुके हैं और 18 लोगों की मौत हो चुकी है। 

नेपाल की राजधानी काठमांडू में युवा पर्चे और तख्ती के साथ सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए। यहां बीते चार दिनों से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।

फ्रांस : यूरोप में यात्रा की इजाजत मिलेगी
फ्रांस सरकार 15 जून से ट्रैवल बैन कुछ हद तक हटाने जा रही है। यहां जानकारी गृह मंत्री क्रिस्टोफी कास्टनर ने दी। यूरोपीय यूनियन से आवाजाही अब हो सकेगी। अंडोरा, आईसलैंड, मोनाको, नॉर्वे, सैन मरीनो और स्विट्जरलैंड से भी लोग आवाजाही कर सकेंगे। इन देशों से आने वालों पर क्वारैंटाइन की पाबंदियां भी लागू नहीं होंगी। स्पेन और ब्रिटेन के लिए सख्त पाबंदियां फिलहाल जारी रहेंगी। स्पेन से आने वालों को 14 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।

फ्रांस के एक ट्रेनिंग सेंटर में क्लास अटेंड करते स्टूडेंट्स। करीब तीन महीने बाद फ्रांस 15 जून से यूरोप के कुछ देशों के लिए अपनी सीमाएं खोलने जा रहा है।

अमेरिका : विरोध प्रदर्शनों से खतरा 
अमेरिका में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख 17 हजार से ज्यादा हो गया है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, शुक्रवार को यहां 9618 मामले सामने आए। इसी दौरान 308 लोगों की मौत हुई। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हुए प्रदर्शनों की वजह से अमेरिका में संक्रमण का खतरा ज्यादा बढ़ा है।
अमेरिका में बढ़ते मामलों के मद्देनजर एक बार फिर से प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के अफसर जे बटलर ने कहा, “अगर कोरोना मामले इसी तरह बढ़ते रहे तो उसको रोकने के वही उपाय किए जा सकते हैं जो मार्च में किए गए थे। हम अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे, लेकिन विकल्प खुले हैं।” 

डब्ल्यूएचओ : फीडिंग से बच्चे को खतरा नहीं 
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि ब्रेस्ट फीडिंग से संक्रमण का खतरा नहीं है। इसलिए संक्रमित महिलाएं बच्चों को फीडिंग करा सकती हैं। डब्ल्यूएचओ चीफ डॉ. तेद्रोस गेब्रियेसस ने शुक्रवार को कहा, “कोविड-19 से संक्रमित या संक्रमण का संदेह होने पर भी बच्चे को फीडिंग कराई जानी चाहिए। जब तक मां बहुत ज्यादा बीमार नहीं है, बच्चे को उससे अलग नहीं किया जाना चाहिए।” 

अमेरिका की हेल्थ मिनिस्ट्री के एक अफसर ने शुक्रवार को कहा कि अगर देश में संक्रमण की यही रफ्तार रही तो मार्च में लगाए गए सख्त प्रतिबंध फिर लगाए जा सकते हैं। फोटो मियामी के एक हाईवे का है। यहां हेल्थ वर्कर लोगों की जांच कर रहे हैं। (फाइल)

Related posts

अमेरिका में पटाखों से परेशान लोगों ने मेयर के घर के बाहर रातभर हॉर्न बजाया; सुबह नए नियम बन गए

News Blast

लाइब्रेरी में सिरफिरे का आतंक: कनाडा की लाइब्रेरी में बैठे लोगों पर चाकू से हमला; एक की मौत, कई लोग हुए घायल

Admin

फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए टिकटॉक स्टार ने पति की मौत का फेक वीडियो वायरल किया, शोक जताने के लिए घर पहुंचे लोग

News Blast

टिप्पणी दें