May 13, 2024 : 9:08 AM
Breaking News
लाइफस्टाइल

चंद्रमा पर शनि और राहु की छाया पड़ने से 8 राशियों के लिए ठीक नहीं है दिन, बढ़ सकती हैं कुछ लोगों की मुश्किलें

एक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक
  • 3 ग्रहों की वजह से आज कुछ लोगों के लिए तनाव वाला हो सकता है दिन

27 सितंबर, रविवार को चंद्रमा मकर राशि में शनि के साथ रहेगा। इसके साथ ही चंद्रमा पर राहु की नौवीं दृष्टि भी रहेगी। जिससे चंद्रमा पीड़ित हो रहा है। इस कारण वृष, मिथुन, तुला, धनु, कर्क, सिंह, कन्या और मीन राशि वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अनचाही स्थितियां भी बन सकती हैं। इन 3 ग्रहों की वजह से तनाव वाला दिन हो सकता हैं। किसी खास काम को लेकर टेंशन भी हो सकती है। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक मेष, वृश्चिक, मकर और कुंभ राशि वाले लोग सितारों के अशुभ प्रभाव से बच सकते हैं।

एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों का फल….

  • मेष (Aries)

पॉजिटिव- आज का दिन पारिवारिक व आर्थिक दोनों दृष्टि से शुभ फलदाई है। व्यक्तिगत कार्यों में सफलता मिलने से मानसिक शांति अनुभव करेंगे। कठिन से कठिन कार्य को आप अपने दृढ़ विश्वास से पूरा करने की क्षमता रखेंगे।
नेगेटिव- कभी-कभी आप दूसरों की बातों में आकर अपना नुकसान कर बैठते हैं। आज भी ग्रह स्थिति कुछ ऐसी ही है। इसलिए स्वयं पर भरोसा रखकर कार्य करेंगे, तभी सफलता प्राप्त होगी। साथ ही संपर्क सूत्रों को मजबूत बनाकर रखें।
व्यवसाय- कार्यक्षेत्र में कुछ नए अनुबंध प्राप्त होंगे, जो आर्थिक दृष्टि से फायदेमंद साबित होंगे। व्यवसायिक लोगों के बीच आपकी छवि और प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। नौकरी पेशा व्यक्तियों के लिए अभी स्थिति यथावत ही रहेगी।
लव- पारिवारिक माहौल बहुत ही सुकून भरा रहेगा। सभी सदस्यों का आपस में बेहतरीन तालमेल होने से घर में खुशनुमा वातावरण बना रहेगा।
स्वास्थ्य- स्वास्थ्य ठीक रहेगा। थोड़ी बहुत खांसी, जुकाम जैसे परेशानी महसूस हो सकती हैं। जरा सी सावधानी से बचाव संभव है।

  • वृष (Taurus)

पॉजिटिव- आप घर की साज-सज्जा व रचनात्मक कार्यों में अपने आप को व्यस्त रखेंगे। घर के रखरखाव संबंधी सामान की ऑनलाइन शॉपिंग में भी समय व्यतीत होगा। विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी कोई शुभ सूचना मिल सकती है।
नेगेटिव- ध्यान रखें कि घर की व्यस्तता की वजह से आपके कुछ महत्वपूर्ण काम छूट सकते हैं, जोकि बहुत महत्वपूर्ण थे। इसलिए दिनचर्या को व्यवस्थित रखना अति आवश्यक है। कभी-कभी गुस्सा या वाणी में कटूता के कारण बनते कार्यों में विघ्न आ सकता है।
व्यवसाय- व्यवसायिक क्षेत्र में अधिक निगरानी रखने की आवश्यकता है। कर्मचारियों की कुछ लापरवाही का खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है। और किसी प्रकार के नुकसान की भी आशंका लग रही है।
लव- पति-पत्नी के संबंध मधुर रहेंगे। प्रेम संबंधों में पारदर्शिता रखना अति आवश्यक है। क्योंकि अलगाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
स्वास्थ्य- गैस व कब्जियत की शिकायत रहेगी। तरल पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें।

  • मिथुन (Gemini)

पॉजिटिव- आज छुट्टी का पूरा फायदा उठाएंगे। परिवार के साथ हास-परिहास व मनोरंजन संबंधी कार्यों में समय व्यतीत होने से स्वयं को हल्का-फुल्का और ऊर्जा से भरपूर महसूस करेंगे। घर के रखरखाव संबंधी कार्यों में भी आपकी रूचि रहेगी।
नेगेटिव- ऑफिस के कुछ काम घर से करने पड़ सकते हैं। परंतु आप अपने काम के प्रति एकाग्र चित्त नहीं हो पाएंगे। इसलिए लापरवाही करने के बजाय काम को स्थगित करना ज्यादा उचित है।
व्यवसाय- सरकारी छुट्टी होने के बावजूद भी व्यवसाय संबंधी कार्यों में समय देना पड़ेगा। परंतु किसी भी प्रकार का रिस्क लेने से बचें। कोई बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती हैं। धन का लेनदेन करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
लव-पति-पत्नी के बीच कुछ तकरार रहेगी। परंतु इसका असर परिवार पर ना आने दें। आपस में ही बैठकर सुलझाएंगे तो अच्छा है।
स्वास्थ्य- शरीर में हल्की कमजोरी व थकान महसूस होगी। लापरवाही ना बरतें और तुरंत इलाज करें।

  • कर्क (Cancer)

पॉजिटिव- विद्यार्थियों की पढ़ाई या कैरियर संबंधी किसी समस्या का समाधान होगा। सिर्फ अपनी क्षमताओं का भरपूर इस्तेमाल करने की जरूरत है। इससे आपको सुखद परिणाम हासिल होंगे। पैतृक संपत्ति संबंधी वाद-विवाद भी किसी की मध्यस्थता से आसानी से हल हो जाएंगे।
नेगेटिव- अपरिचित व्यक्तियों पर बिल्कुल भी भरोसा ना करें। आपके साथ विश्वासघात या धोखा हो सकता है। संतान की कोई जिद या अड़ियल रवैया आपके लिए चिंता का कारण बनेगा। इसलिए परिवार में डिसिप्लिन बनाकर रखना अति आवश्यक है।
व्यवसाय- व्यापार में विस्तार संबंधी जो योजना काफी समय से रुकी हुई थी आज उसे पूरा करने का उचित समय है। कोई बड़ा ऑर्डर भी मिल सकता है। आर्थिक गतिविधियों को सुधारने में ध्यान केंद्रित रखें। किसी प्रकार के नुकसान की भी आशंका बनी हुई है।
लव- प्रेम प्रसंग मर्यादा पूर्ण रहेंगे। किसी तीसरे व्यक्ति के कारण पति-पत्नी में तनाव उत्पन्न हो सकता है। इसलिए सचेत रहें।
स्वास्थ्य- जोड़ों में दर्द एवं वायु विकार संबंधी परेशानी उत्पन्न हो सकती है। ज्यादा गरिष्ठ और तैलीय भोजन खाने से परहेज करें।

  • सिंह (Leo)

पॉजिटिव- सिंह लग्न के व्यक्तियों में आत्मबल व आत्मविश्वास की प्रबल भावना रहती है। आज भी ग्रह गोचर इनके पक्ष में हैं। अपने संपर्क सूत्रों को और अधिक मजबूत बनाएं। क्योंकि यह आपके लिए बहुत ही लाभदायक सिद्ध होने वाले हैं।
नेगेटिव- कभी-कभी अति आत्मविश्वास की वजह से आपको नुकसान भी सहना पड़ सकता है। अपनी इस कमीं पर ध्यान दें। आलस को भी अपने ऊपर हावी ना होने दें, क्योंकि इसकी वजह से कुछ उपलब्धियां हाथ से निकल सकती हैं।
व्यवसाय- मार्केटिंग संबंधी कार्यों में आज अधिक समय व्यतीत होगा। परंतु वर्कर्स की गतिविधियों को भी नजरअंदाज ना करें। उनकी वजह से काम में रुकावट आ सकती है। पेमेंट आदि एकत्रित करने के लिए आज का दिन उत्तम है।
लव- विवाहित जीवन खुशनुमा रहेगा। प्रेम संबंधों में गलतफहमियां उत्पन्न होने से दरार आएगी।
स्वास्थ्य- गर्मी व पसीने की वजह से एलर्जी जैसी दिक्कत रहेगी। धूप में जाने से परहेज करें और ठंडी तासीर वाली चीजों का सेवन करें।

  • कन्या (Virgo)

पॉजिटिव- धर्म-कर्म व समाज सेवा से संबंधित कार्यों में व्यस्तता बनी रहेगी। और सामाजिक मान-सम्मान भी प्राप्त होगा। कोई शुभ समाचार मिलने से घर में उत्साह भरा वातावरण रहेगा। युवा वर्ग अपनी पढ़ाई व कैरियर के प्रति पूरी तरह गंभीर रहेंगे।
नेगेटिव- परंतु सामाजिक कार्यों के साथ-साथ पारिवारिक मुद्दों पर भी ध्यान देना आवश्यक है। घर से संबंधित कुछ काम रूकने से तनाव उत्पन्न हो सकता है, हालांकि आप समस्या का समाधान ढूंढ लेंगे।
व्यवसाय- कार्यक्षेत्र पर कर्मचारियों और सहयोगियों की गतिविधियों को नजरअंदाज ना करें। क्योंकि उनकी किसी गलती की वजह से आपको पार्टी के समक्ष नीचा देखना पड़ सकता है। निवेश संबंधी कार्यों में कोई फैसला लेने से पहले उस पर सोच-विचार अवश्य करें।
लव- अविवाहितों के लिए विवाह संबंधी कोई अच्छा रिश्ता आ सकता है। साथ ही प्रेम संबंधों में भी पारिवारिक सहमति मिलने से विवाह में परिणित होने के योग बने हुए हैं।
स्वास्थ्य- अपनी दिनचर्या व खानपान को संयमित रखें। क्योंकि गैस व एसिडिटी जैसी हल्की-फुल्की समस्या उत्पन्न हो सकती हैं।

  • तुला (Libra)

पॉजिटिव- सभी कार्यों को व्यवस्थित रूप से करना और समन्वय बनाकर रखना आपका महत्वपूर्ण गुण है। अपनी ऊर्जा का भरपूर सदुपयोग करें। और अपने काम के प्रति एकाग्र चित्त रहें। आपके लिए अवश्य लाभदायक स्थितियां बनेगी।
नेगेटिव- परिवार के सदस्यों को उनके अपने तरीके से कार्य करने दे। उनका सहयोग करें इससे उनका आत्मबल बढ़ेगा। क्योंकि कभी-कभी आपका गुस्सा व बहुत अधिक अनुशासित होना दूसरों के लिए समस्याएं उत्पन्न कर देता है।
व्यवसाय- कार्यक्षेत्र पर किसी के साथ भी कोई डील या लेनदेन करते समय बहुत अधिक सावधानी बरतें। आपके साथ विश्वासघात होने की आशंका है। साथ ही किसी आर्डर के डूब जाने से नुकसान भी सहन करना पड़ सकता है।
लव- पति-पत्नी के बीच कुछ समय से चल रही गलतफहमियां दूर होंगी। तथा संबंधों में पुनः मधुरता आएगी।
स्वास्थ्य- बदलते मौसम से संबंधित हेल्थ खराब रह सकती है। नकारात्मक विचारों से दूर रहें।

  • वृश्चिक (Scorpio)

पॉजिटिव- राजनैतिक व सामाजिक गतिविधियों में आपका विशेष योगदान रहेगा। तथा आप विशेष मुकाम भी हासिल करेंगे। आर्थिक स्थिति में अप्रत्याशित लाभ होने से प्रसन्नता रहेगी। घर में कुछ रखरखाव और परिवर्तन संबंधी योजनाएं भी बन सकती हैं।
नेगेटिव- परंतु ध्यान रखें कि आपका गुस्सा और दूसरों पर बहुत अधिक अधिकार पूर्ण व्यवहार करना आपको अपने नजदीकी लोगों से दूर कर सकता है। बच्चों का अपनी पढ़ाई व करियर को लेकर तनाव रहेगा।
व्यवसाय- शिक्षा संस्थान तथा बच्चों से संबंधित व्यवसाय में लाभदायक स्थितियां बन रही हैं। परंतु मेहनत की अधिक आवश्यकता है। नौकरी पेशा व्यक्तियों को ऑफिस का काम अधिक होने से घर पर भी समय देना पड़ सकता है।
लव- पति-पत्नी आपसी संबंधों में खटास ना आने दें। प्रेम संबंधित जल्दी ही विवाह में परिणित होने के अवसर बनेंगे।
स्वास्थ्य- एक्सीडेंट या चोट लगने जैसी स्थिति बन रही है। वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं, बेहतर होगा कि आज स्थगित ही रखें।

  • धनु (Sagittarius)

पॉजिटिव- प्रॉपर्टी से संबंधित कोई रुका हुआ काम आपके हक में हो सकता है। रिश्तेदारों के किसी विवाद पूर्व मामले में आपका सहयोग निर्णायक रहेगा। आपकी बुद्धिमानी व सूझबूझ की चर्चा भी होगी।
नेगेटिव- कोई भी हस्ताक्षर करने से पहले दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ लें। आप से कोई भूल हो सकती है या कोई चीटिंग भी कर सकता है। बेहतर तो यही है कि आज इन गतिविधियों को स्थगित रखें।
व्यवसाय- कार्य क्षेत्र में किसी भी गतिविधि को नजरअंदाज ना करें। क्योंकि किसी कर्मचारी का नकारात्मक रवैया आपकी परेशानी का कारण बन सकता है। बेहतर होगा कि सभी कार्य अपनी उपस्थिति तथा निगरानी में ही करवाएं।
लव- पारिवारिक वातावरण मंगलमय रहेगा। प्रेम संबंध भी मर्यादित रहेंगे।
स्वास्थ्य- गलत खानपान की वजह से पेट खराब हो सकता है। अपने वजन को भी कंट्रोल करना आवश्यक है।

  • मकर (Capricorn)

पॉजिटिव– पारिवारिक गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने में आपका विशेष योगदान रहेगा। तथा घर की व्यवस्था को अनुशासित बनाकर रखने में आप कामयाब भी रहेंगे। संतान की ओर से कोई शुभ समाचार मिलने से मन प्रसन्न रहेगा।
नेगेटिव- परंतु ध्यान रखिए कि घर के लोगों के कार्यों में ज्यादा हस्तक्षेप ना करें। सबको अपनी इच्छा अनुसार स्वतंत्रता देने की आवश्यकता है। इससे घर का माहौल खराब नहीं होगा। तथा बच्चों में आत्मविश्वास भी जागृत होगा।
व्यवसाय- आज कार्य क्षेत्र में कोई महत्वपूर्ण अथॉरिटी मिल सकती हैं। परंतु कार्य बिना व्यवधान के संपन्न नहीं होंगे, इसलिए धैर्य बनाकर रखे। कंपटीशन के माहौल में अधिक मेहनत की जरूरत है।
लव- पति-पत्नी के संबंध मधुर रहेंगे। परंतु विवाहेत्तर संबंधों से दूरी बनाकर रखें। इनकी वजह से परिवार में तनाव उत्पन्न हो सकता है।
स्वास्थ्य- खांसी, जुकाम जैसा इंफेक्शन हो सकता है। आयुर्वेदिक चीजों का अधिक से अधिक सेवन करें।

  • कुंभ (Aquarius)

पॉजिटिव- आज आपका दिन पारिवारिक लोगों की सुख-सुविधा तथा देखभाल संबंधी कार्यों में व्यतीत होगा। जिससे सभी सदस्य अपने आपको और अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे। तथा आपसी भावनात्मक संबंध भी मजबूत होंगे।
नेगेटिव- कभी-कभी बच्चों से बहुत अधिक उम्मीदें रखना और उन पर रोक-टोक करना आपके संबंधों के बीच में दूरियां ला सकता है। अपने स्वभाव में लचीलापन बनाकर रखें। युवा वर्ग अपने टारगेट को हासिल करने के लिए अधिक ध्यान दें।
व्यवसाय- पारिवारिक मित्रता के बावजूद कार्य क्षेत्र में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। क्योंकि आपने कार्य संबंधी नीतियों में जो परिवर्तन किए हैं उसके लिए बहुत अधिक मेहनत करनी पड़ेगी।
लव- पति-पत्नी के बीच कुछ मीठी नोकझोंक रहेगी। जो आपसी संबंधों को और अधिक खुशनुमा बनाएगी।
स्वास्थ्य- शारीरिक और मानसिक थकावट रह सकती है। ज्यादा तनाव लेने से बचें।

  • मीन (Pisces)

पॉजिटिव- आपके व्यक्तित्व संबंधी कुछ सकारात्मक बातें लोगों के सामने आने से आपका सामाजिक मान-सम्मान व सम्पर्क का दायरा बढ़ेगा। बच्चों तथा परिवार के साथ शॉपिंग तथा मनोरंजन में भी कुछ समय अवश्य व्यतीत करें।
नेगेटिव- कुछ नकारात्मक प्रवृत्ति के लोग आपका अहित करने की कोशिश करेंगे। इसलिए इन सबकी तरफ से चैकन्ना रहना बहुत जरूरी है। आज बाहरी संपर्क अथवा किसी प्रकार की यात्रा स्थगित ही रखें। क्योंकि कुछ समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
व्यवसाय- बहुत अधिक कामयाबी की चाह में गलत रास्तों का चुनाव ना करें। इससे आपके मान-सम्मान व साख पर धब्बा लग सकता है। अपने अधिकतर महत्वपूर्ण काम दोपहर से पहले निपटा लेंगे तो उचित रहेगा।
लव- पारिवारिक जीवन ठीक रहेगा। परंतु किसी विपरीत लिंगी व्यक्ति के प्रति आकर्षण आपको अपने लक्ष्य से भटका सकता है, इस बात का अवश्य ध्यान रखें।
स्वास्थ्य- थायराइड व रक्तचाप से प्रभावित व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतें। रूटीन चेकअप अवश्य करवाएं।

Related posts

साप्ताहिक पंचांग, 25 से 31 मई के बीच 5 दिन रहेंगे तीज-त्योहार

News Blast

MP Love Jihad: दूसरे शहर ले जाकर युवती के साथ किया दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन के लिए पिलाया गया विशेष पानी

News Blast

मंगल का राशि परिवर्तन: मिथुन, तुला और मीन राशि वाले लोगों के लिए 4 सितंबर तक रहेगा अच्छा समय

Admin

टिप्पणी दें