May 26, 2024 : 11:49 AM
Breaking News
राष्ट्रीय

एक दिन में रिकॉर्ड 21 हजार 468 संक्रमित बढ़े, जायडस कैडिला को वैक्सीन के क्लीनिकल ट्रायल की मंजूरी; देश में अब 6.26 लाख केस

  • देश में कोरोना से अब तक 18 हजार 225 मौतें हुईं, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 8178 की जान गई
  • केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि 6 जुलाई से देशभर की ऐतिहासिक धरोहर, म्यूजियम दर्शकों के लिए खोल दी जाएंगी

दैनिक भास्कर

Jul 03, 2020, 03:56 AM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6 लाख 26 हजार 689 हो गई है। covid19india.org के मुताबिक, गुरुवार को एक दिन में 21 हजार 468 नए मरीज बढ़ गए। यह आंकड़ा एक दिन में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा 19 हजार 999 मरीज ठीक भी हुए। दूसरी ओर, कोरोना की वैक्सीन तैयार करने के लिए भी कोशिशें तेज हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, जायडस कैडिला कंपनी को वैक्सीन के पहले और दूसरे फेज के क्लीनिकल ट्रायल की मंजूरी दी गई है। यह फैसला एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिश पर लिया गया।

वहीं, देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने टेस्टिंग बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टरों के प्रिस्केप्शन पर भी कोरोना की जांच हो सकेगी। अभी तक केवल सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों के कहने पर ही जांच होती थी।

दिल्ली में पहले प्लाज्मा बैंक की शुरुआत हुई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के पहले प्लाज्मा बैंक की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ‘प्लाज्मा डोनेशन के लिए राज्य सरकार ने कुछ नियम तय किए हैं। कोई भी स्वस्थ हुआ मरीज 14 दिन के बाद प्लाज्मा डोनेट कर सकता है। उम्मीद है कि प्लाज्मा थैरेपी से मौतों की संख्या में कमी आएगी। प्लाज्मा बैंक आज से शुरू हो रहा है।’ उन्होंने कहा कि यह तब कामयाब होगा जब कोरोना मरीजों के लिए लोग उनका प्लाज्मा दान करेंगे। जिनकी उम्र 18 से 50 साल के बीच है और वजन 50 किग्रा से कम नहीं है। वे अपना प्लाज्मा डोनेट कर सकते हैं।

LIVE UPDATES : 

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने होम साइसोलेशन के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक हल्के लक्षण या बगैर लक्षण वाले मरीज जिन्हें कोई दूसरी बीमारी नहीं है वो घर में रहकर अपना इलाज करा सकेंगे। हालांकि इसके लिए पहले डॉक्टर की अनुमति लेनी होगी। 

  • मंत्रालय ने कहा कि अगर होम आइसोलेशन में रह रहे मरीज को सांस लेने में तकलीफ होती है। सीने में दर्द शुरू होता है या बोलने में दिक्कत होने लगती है तो तुरंत अस्पताल जाना होगा। 60 साल के ऊपर और जिन्हें डायबिटीज, हाईपर टेंशन, कैंसर, किडनी, फेफड़ों से संबंधित गंभीर बीमारी है उन्हें अस्पताल में ही अपना इलाज कराना होगा।

  • केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि 6 जुलाई से देशभर की ऐतिहासिक धरोहरें, म्यूजियम दर्शकों के लिए खोल दी जाएंगी।  आर्किलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया यानी एएसआई के साथ बैठक में यह फैसला लिया गया। तय हुआ है कि इसके लिए एक डिटेल गाइडलाइन भी जारी की जाएगी। ऐतिहासिक धरोहरों में ताज महल, मेहरानगढ़ का किला, कुतुब मिनार, आगरा का किला, चित्तौड़गढ़ का किला, लाल किला आदि शामिल हैं। 
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, देशभर में अब तक 90 लाख 56 हजार 173 लोगों की जांच हो चुकी है। राहत की बात है कि इनमें 6.70% यानी 6 लाख 6 हजार 938 लोगों की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आई।

शुरू हुई चारधाम यात्रा

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया। अब कोई भी कावंडियां अब हरिद्वार नहीं पहुंच पाएगा। अगर कोई पहुंचता है तो उसे प्रशासन 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन में रखेगा। पूरा खर्च कांवड़िये को उठाना पड़ेगा। इधर, बुधवार से उत्तराखंड में चार धाम की यात्रा शुरू हो गई। हालांकि, अभी केवल उत्तराखंड के रहने वाले लोगों को ही चार धाम यात्रा की अनुमति है। पहले दिन 422 श्रद्धालुओं को ई-पास जारी किए गए थे।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: उज्जैन जिले में गुरुवार दोपहर तक तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 849 गई है। हालांकि, 770 मरीज ठीक भी हो गए। अब तक 71 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, सीहोर जिले में आज दो मरीज मिले। इंदौर में 19, हरदा में आठ और सिवनी में एक मरीज मिला।

महाराष्ट्र: राज्य के 82 जेलों में अब तक कुल 363 कैदी और 102 जेल कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह जानकारी गुरुवार को जेल डिपार्टमेंट ने दी। चार कैदियों  की संक्रमण से मौत हो गई है। 255 कैदी स्वस्थ हो चुके हैं। मुंबई सेंट्रल जेल में अब तक 181 कैदी और 44 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

उत्तरप्रदेश: झांसी में गुरुवार को कोरोना से एक डॉक्टर के.आर. कृष्णा की मौत हो गई। वे मेयर का चुनाव भी लड़ चुके थे। वहीं, मुरादाबाद में एक महिला समेत दो लोगों ने दम तोड़ दिया। झांसी में एक पुलिस विभाग का कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य के कुल मामलों में से 72% मरीजों को कोरोना के हल्के लक्षण सामने आ रहे हैं।

राजस्थान: राजस्थान में गुरुवार को 115 पॉजिटिव सामने आए। उदयपुर में 21, बीकानेर में 12, धौलपुर और राजसमंद में 10-10, जयपुर और जालौर में 9-9, नागौर में 8, भरतपुर में 6, करौली और सिरोही में 5-5, अजमेर और कोटा में 4-4, बारां, दौसा और झुंझुनू में 2-2, अलवर, बाड़मेर, बूंदी, डूंगरपुर और सवाई माधोपुर में 1-1 व्यक्ति संक्रमित मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 18 हजार 427 पर पहुंच गया। वहीं, बीकानेर में दो, जोधपुर में दो और बाड़मेर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

बिहार: राज्य में गुरुवार को दोपहर तक 188 मरीज मिले। नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएचसीएच) में गुरुवार को तीन मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ राज्यों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। वहीं, आरजेडी विधायक शहनवाज आलम की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे जोकीहाट सीट से विधायक हैं। इससे पहले, मंत्री विनोद कुमार सिंह और उनकी पत्नी पॉजिटिव मिली थीं। वहीं, भाजपा विधायक जिबेश कुमार मिश्रा, कांग्रेस विधायक आनंद शंकर सिंह भी पॉजिटिव मिल चुके हैं।

Related posts

भारत का आदेश- 7 दिन में पाकिस्तानी हाईकमीशन का 50% स्टाफ कम किया जाए; इस्लामाबाद में भारतीय हाईकमीशन के स्टाफ में भी इतनी ही कटौती होगी

News Blast

पुलिस ने डाली रात में रेड:दिल्ली में बिना लाइसेंस रेस्त्रां में चल रही शराब और हुक्का पार्टी पर रेड, मैनेजर और मालिक अरेस्ट

News Blast

राहुल ने पूछा- हमारे सैनिकों को मारने वाले, हमारी जमीन लेने वाले चीन का मीडिया मोदी की तारीफ क्यों कर रहा है?

News Blast

टिप्पणी दें