May 16, 2024 : 10:25 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

कोरोना के चलते वोटिंग नियमों में बड़ा बदलाव: संक्रमित और 65 साल से ऊपर के लोग पोस्टल बैलट से वोट डाल सकेंगे; देश में 6.06 लाख केस

  • चुनाव आयोग ने यह बदलाव तब किए हैं, जब अक्टूबर-नवंबर में बिहार में विधानसभा के चुनाव होने हैं
  • देश में कोरोना से अब तक 17 हजार 848 मौतें हुईं, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 8053 की जान गई

दैनिक भास्कर

Jul 02, 2020, 05:13 PM IST

नई दिल्ली. कोरोना महामारी के चलते चुनाव आयोग ने वोटिंग के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्शन कमीशन ने कहा है कि संक्रमित मरीज, संदिग्ध मरीज और 65 साल से ऊपर आयु के लोग पोस्टल बैलेट से वोट डाल सकते हैं। आयोग ने यह बदलाव तब किए हैं, जब अक्टूबर और नवंबर में बिहार में विधानसभा के चुनाव होने हैं।

केजरीवाल ने प्लाज्मा बैंक की शुरुआत की

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को देश के पहले प्लाज्मा बैंक की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ‘प्लाज्मा डोनेशन के लिए राज्य सरकार ने कुछ नियम तय किए हैं। कोई भी स्वस्थ हुआ मरीज 14 दिन के बाद प्लाज्मा डोनेट कर सकता है। उम्मीद है कि प्लाज्मा थैरेपी से मौतों की संख्या में कमी आएगी। प्लाज्मा बैंक आज से शुरू हो रहा है।’ उन्होंने कहा कि यह तब कामयाब होगा जब कोरोना मरीजों के लिए लोग उनका प्लाज्मा दान करेंगे। जिनकी उम्र 18 से 50 साल के बीच है और वजन 50 किग्रा से कम नहीं है। वे अपना प्लाज्मा डोनेट कर सकते हैं। 

देश में अब तक संक्रमण के 6 लाख 6 हजार 647 मामले सामने आ चुके हैं। उधर, covid19india.org के मुताबिक, बुधवार को 19428 मामले सामने आए। वहीं,12057 मरीज स्वस्थ हो गए। मिजोरम और सिक्किम दो राज्य ऐसे रहे, जिनमें कोई भी केस नहीं मिला। सिक्किम में लगातार तीन दिन से कोई मामला नहीं आया है।

कोरोना अपडेट्स 

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 19 हजार 148 केस सामने आए और 434 लोगों की मौत हो गई। उधर, देश में अब तक 6 लाख 4 हजार 641 केस हो चुके हैं। इनमें से 2 लाख 26 हजार 947 एक्टिव केस हैं। वहीं, 3 लाख 59 हजार 860 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक इस बीमारी से 17 हजार 834 लोग दम तोड़ चुके हैं। 
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि बुधवार को देश में 2 लाख 29 हजार 588 सैंपल की जांच की गई। वहीं, अब तक देश में 90 लाख 56 हजार 173 टेस्ट किए जा चुके हैं। 

शुरू हुई चारधाम यात्रा

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब कोई भी कावंडियां अब हरिद्वार नहीं पहुंच पाएगा। अगर कोई पहुंचता है तो उसे प्रशासन 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन में रखेगा। पूरा खर्च कांवड़िये को उठाना पड़ेगा। इधर, बुधवार से उत्तराखंड में चार धाम की यात्रा शुरू हो गई। हालांकि, अभी केवल उत्तराखंड के रहने वाले लोगों को ही चार धाम यात्रा की अनुमति है। पहले दिन 422 श्रद्धालुओं को ई-पास जारी किए गए थे।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: उज्जैन जिले में गुरुवार दोपहर तक तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 849 गई है। हालांकि, 770 मरीज ठीक भी हो गए। अब तक 71 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, सीहोर जिले में आज दो मरीज मिले। इंदौर में 19, हरदा में आठ और सिवनी में एक मरीज मिला।

महाराष्ट्र: राज्य के 82 जेलों में अब तक कुल 363 कैदी और 102 जेल कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह जानकारी गुरुवार को जेल डिपार्टमेंट ने दी। चार कैदियों  की संक्रमण से मौत हो गई है। 255 कैदी स्वस्थ हो चुके हैं। मुंबई सेंट्रल जेल में अब तक 181 कैदी और 44 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

उत्तरप्रदेश: झांसी में गुरुवार को कोरोना से एक डॉक्टर के.आर. कृष्णा की मौत हो गई। वे मेयर का चुनाव भी लड़ चुके थे। वहीं, मुरादाबाद में एक महिला समेत दो लोगों ने दम तोड़ दिया। झांसी में एक पुलिस विभाग का कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य के कुल मामलों में से 72% मरीजों को कोरोना के हल्के लक्षण सामने आ रहे हैं।

राजस्थान: राजस्थान में गुरुवार को 115 पॉजिटिव सामने आए। उदयपुर में 21, बीकानेर में 12, धौलपुर और राजसमंद में 10-10, जयपुर और जालौर में 9-9, नागौर में 8, भरतपुर में 6, करौली और सिरोही में 5-5, अजमेर और कोटा में 4-4, बारां, दौसा और झुंझुनू में 2-2, अलवर, बाड़मेर, बूंदी, डूंगरपुर और सवाई माधोपुर में 1-1 व्यक्ति संक्रमित मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 18 हजार 427 पर पहुंच गया। वहीं, बीकानेर में दो, जोधपुर में दो और बाड़मेर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

बिहार: राज्य में गुरुवार को दोपहर तक 188 मरीज मिले। नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएचसीएच) में गुरुवार को तीन मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ राज्यों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। वहीं, आरजेडी विधायक शहनवाज आलम की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे जोकीहाट सीट से विधायक हैं। इससे पहले, मंत्री विनोद कुमार सिंह और उनकी पत्नी पॉजिटिव मिली थीं। वहीं, भाजपा विधायक जिबेश कुमार मिश्रा, कांग्रेस विधायक आनंद शंकर सिंह भी पॉजिटिव मिल चुके हैं।

Related posts

ट्विटर पर बायो बदलने की खबरों पर ज्योतिरादित्य सिंधिया का ट्वीट, कहा- सच की तुलना में झूठ बहुत तेजी से फैलता है

News Blast

560 नए मामले आए, 13 लोगों की फिर कोरोना से मौत, प्रदेश में कुल 130 की जा चुकी जान

News Blast

25 लाख की मांगी रंगदारी, देने से इंकार करने पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार

News Blast

टिप्पणी दें