- देश में बीते 8 दिन में ही कोरोना मरीजों की संख्या 3 से 4 लाख हो गई
- दिल्ली में मरीजों को 5 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का फैसला वापस लिया गया
- देश में कोरोना से 13 हजार 270 मरीजों की मौत हुई, इसमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 6053 की जान गई
दैनिक भास्कर
Jun 20, 2020, 11:55 PM IST
नई दिल्ली. राजस्थान में अब कोविड-19 के स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए मरीज को 4500 की जगह 2200 रुपए ही देने होंगे। राज्य सरकार ने शनिवार को निजी लैब और अस्पतालों के लिए टेस्ट की अधिकतम फीस सीमा तय कर दी। आईसीएमआर के निर्देश के बाद निजी लैब कोरोना जांच के लिए 4500 रुपए फीस ले रहे थे। लेकिन राजस्थान सरकार ने आपदा प्रबंधन कानून, 2020 की धारा 4 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करके यह कीमत कम कर दी। उधर, महाराष्ट्र में एक दिन में रिकॉर्ड 3874 कोरोना मरीज मिले।
देश में कोरोना मरीजों की संख्या शनिवार को 4 लाख के पार हो गई। अब तक 4 लाख 7 हजार 689 मामले सामने आ चुके। सिर्फ 8 दिन में संक्रमितों का आंकड़ा 3 से 4 लाख हुआ है। देश में 12 जून को मरीजों की संख्या 3 लाख हुई थी, जो शनिवार को बढ़कर 4 लाख 2 हजार 287 हो गई। शनिवार को तमिलनाडु में 2396, गुजरात में 539, राजस्थान में 381, मध्यप्रदेश में 142 मरीज मिले। यह आंकड़े Covid19.org और राज्य सरकार से मिली जानकारी के आधार पर हैं।
कोरोना अपडेट्स
- उत्तराखंड में कोरोनावायरस की वजह से इस साल कांवड़ यात्रा नहीं होगी। शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने हरियाणा और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद यह फैसला लिया।
- तमिलनाडु में एक दिन में सबसे ज्यादा 2396 कोरोना मरीज मिले, जबकि 38 लोगों की मौत हुई। यह लगातार चौथा दिन था, जब राज्य में 2 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले।राज्य में इस वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या 708 हुई।
- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिठ्ठी लिखकर मनरेगा के तहत रोजगार गारंटी की सीमा प्रति परिवार 100 से बढ़ाकर 200 दिन करने की गुजारिश की है।
- सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को बताया कि विदेशों में फंसे 2.75 लाख भारतीयों को अब तक फ्लाइट और शिप के जरिए देश लाया गया है।
- इधर, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने शनिवार को सभी कोरोना मरीजों को 5 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का फैसला वापस ले लिया। अब मामूली लक्षण वाले मरीज पहले की तरह अपने घर में ही आइसोलेट हो सकेंगे।
5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए
तारीख |
केस |
19 जून | 14721 |
18 जून | 13826 |
17 जून | 13107 |
13 जून | 12031 |
14 जून | 11374 |
दिल्ली में मरीजों की संख्या 50 हजार के पार
दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 50 हजार के पार चली गई। शुक्रवार को राजधानी में रिकॉर्ड 3137 मरीज बढ़े, जबकि 66 की मौत हुई। यह एक दिन में मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राजधानी में अब तक 2035 मौतें हुईं हैं।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: राज्य में शनिवार को 142 मरीज मिले। इंदौर में 42 और भोपाल में 20 नए मामले सामने आए। वहीं देवास में 14, जबलपुर में 6 और ग्वालियर में 8 मरीज मिले। इनमें भाजपा के विधायक ओमप्रकाश सकलेचा भी शामिल हैं। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 4288 हो गई।
महाराष्ट्र: शनिवार को राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा 3874 मरीज मिले, जबकि 160 की मौत हुई। राज्य में संक्रमितों की संख्या 1,28,205 हो गई। वहीं, इस वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 5984 हो गया। मुंबई में 1197 मामले सामने आए, जबकि 136 मरीजों ने दम तोड़ा।
उत्तरप्रदेश: राज्य में शनिवार को कोरोना के 541 मरीज मिले, जबकि 22 लोगों ने दम तोड़ा। हापुड़ में 65, कानपुर में 55, गाजियाबाद में 35, लखनऊ में 27, मेरठ में 19, जौनपुर में 16 संक्रमित मिले। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को राज्य में 14048 सैंपल की जांच की गई। अब तक कुल 5 लाख 42 हजार 972 टेस्ट किए जा चुके हैं।
राजस्थान: राजस्थान में शनिवार को 381 केस सामने आए, जबकि 4 मरीजों की मौत हुई। भरतपुर में 71, जोधपुर में 56, जयपुर में 44, धौलपुर में 40, सिरोही और चूरु में 18-18, जालौर में 12, बीकानेर में 11 मरीज मिले। राज्य में निजी लैब में कोरोना टेस्ट कराने पर मरीज को 2200 रुपए ही देने होंगे।
बिहार: राज्य में शनिवार को 213 कोरोना पॉजिटिव मिले। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पटना में 23, मधुबनी में 16, मुंगेर में 9, सीवान में 7, भागलपुर में 4, कटिहार में 20, समस्तीपुर में 15, दरभंगा में 11, मुजफ्फरपुर में 5 मरीज मिले। राज्य में अब तक इस वायरस से 49 लोगों की मौत हो चुकी है।