May 20, 2024 : 8:09 AM
Breaking News
राष्ट्रीय

दिल्ली में सभी मरीजों को 5 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का फैसला वापस, अब क्लीनिकिल असेसमेंट के आधार पर तय होगा, अब तक 3.96 लाख केस

  • एक दिन पहले ही उपराज्यपाल ने होम आइसोलेशन के नियम में बदलाव करते हुए सभी कोरोना मरीजों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का आदेश दिया था
  • देश में अब तक कोरोना से 12 हजार 970 लोगों की मौत हुई, इसमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 5893 की जान गई
  • दिल्ली में शुक्रवार को 3137 मरीज बढ़े; वहीं, मुंबई के बाद सबसे ज्यादा 66 लोगोंं ने दम तोड़ा

दैनिक भास्कर

Jun 20, 2020, 06:40 PM IST

नई दिल्ली. दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने सभी कोरोना मरीजों को 5 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का फैसला वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि अब उन्हीं कोरोना पॉजिटिव मरीजों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा, जिन्हें क्लीनिकल असेसमेंट के बाद अस्पताल में भर्ती कराने लायक नहीं पाया जाएगा या फिर जिनके पास होम आइसोलेशन का पूरा इंतजाम नहीं होगा। 

एक दिन पहले ही उपराज्यपाल ने होम आइसोलेशन की गाइडलाइन में बदलाव करते हुए सभी मरीजों को सरकारी क्वारैंटाइन सेंटर में रखने का आदेश जारी किया था। 5 दिन के इंस्टिट्यूशनल क्वारैंटाइन के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा गया कि ऐसे आदेश से संक्रमितों को जबरदस्ती क्वारैंटाइन करने को कहा जा रहा है, जबकि सरकार जरूरतमंदों को बेड और नर्स उपलब्ध नहीं करवा पा रही है।

देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 96 हजार 664 हो गई। इस बीच, एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को बताया कि विदेशों में फंसे 2.75 लाख भारतीयों को अब तक फ्लाइट और शिप के जरिए देश लाया गया।

पुरी ने बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की मांग पर लाइफलाइन उड़ान के तहत 588 फ्लाइट्स के जरिए 940 टन सामान की सप्लाई की गई। इनमें एंजाइम, कोविड से जुड़े रिएजेंट्स, मेडिकल उपकरण, टेस्टिंग किट्स, मास्क, ग्लव्स, मेडिसिन और अन्य सामान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हम इंटरनेशनल फ्लाइट तभी शुरू कर पाएंगे जब दूसरे देश रिसीव करने के लिए तैयार हों।

5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए

तारीख

केस
19 जून 14721
18 जून 13826
17 जून 13107
13 जून 12031
14 जून 11374

दिल्ली में मरीजों की संख्या 50 हजार के पार

दिल्ली से बुरी खबर आ रही है। यहां मरीजों की संख्या 50 हजार के पार चली गई। शुक्रवार को राजधानी में रिकॉर्ड 3137 मरीज बढ़े। यह अब तक सबसे ज्यादा आंकड़ा है। वहीं, 66 मौतें हुईं। इसके साथ राजधानी में मौतें भी 2035 हो गई हैं।

5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: भोपाल में शनिवार को 48 मामले मिले। इनमें भाजपा के विधायक ओमप्रकाश सकलेचा भी शामिल। राजधानी में अब संक्रमितों की संख्या 2505 हो गई। इनमें से 1700 से मरीज ठीक हो चुके हैं। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 4246 हो गई। इनमें से 3149 स्वस्थ हुए हैं।

यह फोटो भोपाल के न्यू मार्केट की है। कोरोना के ज्यादा मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने यहां शनिवार और रविवार को बाजार बंद करने का फैसला किया है।

महाराष्ट्र: मुंबई पुलिस के पीआरओ प्रणय अशोक ने बताया कि मुंबई में शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी की संक्रमण से मौत हुई। इसके साथ मुंबई पुलिस में अब तक 31 जवान दम तोड़ चुके हैं। उधर, राज्य में संक्रमण से अब तक 2349 पुलिसकर्मी जान गंवा चुके हैं। 

मुंबई के रमाबाई आंबेडकर नगर में मास स्क्रीनिंग की जा रही है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) की एक टीम यहां रोज सैंपल इकट्ठा कर रही है। इस टीम में 50 सदस्य हैं। बुधवार से यह काम शुरू हुआ है। 

उत्तरप्रदेश: मुरादाबाद जिले में शनिवार को 8 मरीज मिले। वहीं, महिला समेत दो मरीजों की मौत हुई। इसके साथ, संक्रमितों का आंकड़ा 171 हो गया। लखनऊ में 20, जालौन में 3, और फर्रूखाबाद में चार मरीज मिले। संतकबीरनगर में 14, हरदोई में 8, रामपुर में 9 संक्रमित मिले। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को राज्य में 14048 सैंपल की जांच की गई। अब तक कुल 5 लाख 42 हजार 972 टेस्ट किए जा चुके हैं।

यह तस्वीर उत्तरप्रदेश के सहारनपुर की है। यहां शुक्रवार को 25 नए मामले सामने आए। इसके साथ इस जिले में संक्रमितों की संख्या 330 तक पहुंच गई है।

राजस्थान: राजस्थान में शनिवार को 158 केस सामने आए। इनमें धौलपुर में 40, जयपुर में 36, भरतपुर में 34, झालावाड़ में 12, सिरोही में 11, करौली में 10, राजसमंद में 8, बीकानेर में 3, भीलवाड़ा, झुंझुनू और सवाई माधोपुर में 1-1 संक्रमित मिला। वहीं, राज्य के बाहर से आया एक व्यक्ति भी संक्रमित मिला। इसके साथ कुल पॉजिटिव का आंकड़ा 14314 पहुंच गया है।

बिहार: राज्य के 13 जिलों में शनिवार को 90 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इस तरह अब राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7380 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, औरंगाबाद में 21, बांका में 18, भागलपुर में 1, दरभंगा में 11, गोपालगंज में 1, जहानाबाद में 6, मधेपुरा में 4, पटना में 2, मुजफ्फरपुर में 1, पूर्णिया में 4, समस्तीपुर में 15, सुपौल में 5 और वैशाली में 1 संक्रमित की पहचान हुई। 

यह फोटो पटना के रबींद्र बालिका इंटर-कॉलेज की है। यहां सीआरपीएफ के संक्रमित जवानों के लिए क्वारैंटाइन सेंटर बनाया गया है। शुक्रवार को यहां भारी बारिश होने से पानी जमा हो गया।

Related posts

मौसम विभाग ने जारी किया औरेंज अलर्ट- 24 घंटे में राजधानी में मानसून देगा दस्तक, सप्ताह भर बारिश में भीगेगी दिल्ली, सुहाना होगा मौसम

News Blast

कोरोना के बढ़ती संख्या को देखते हुए 10 हजार बेड तैयार करने के आदेश

News Blast

बैंक से लोन दिलवाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले दो गिरफ्तार

News Blast

टिप्पणी दें