- देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 10 हजार के पार पहुंची, तमिलनाडु में जान गंवाने वालों की संख्या 500 से ज्यादा
- हरदीप सिंह पुरी ने कहा- हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि एक बार इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने के बाद इसे बंद न करना पड़े
दैनिक भास्कर
Jun 16, 2020, 09:21 PM IST
नई दिल्ली. सिविल एविशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि अगले महीने इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने हवाई यात्रा को लेकर हुए एक वेबिनार में यह बात कही। पुरी ने कहा कि इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने का फैसला अकेले सिविल एविएशन मिनिस्ट्री नहीं कर सकती है।
इसके लिए सभी पक्षों की रजामंदी जरूरी है। राज्यों को विदेशों से आने वाले लोगों की जांच और क्वारैंटाइन की सुविधा का इंतजाम करना होगा। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि एक बार इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने के बाद इसे बंद न करना पड़े।
इधर, देश में कोरोना के मामले बढ़कर 3 लाख 47 हजार 166 हो गए हैं। इस बीच, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत के बाद राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में बीमार मरीजों से ज्यादा स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है। रिकवरी रेट 52.47% से ज्यादा हो गया है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना के हालात पर चर्चा की।
मोदी ने कहा, ‘दुनिया के बड़े-बड़े एक्सपर्ट लॉकडाउन और भारत के अनुशासन की चर्चा कर रहे हैं। भारत में रिकवरी रेट 50% से ऊपर चला गया है। भारत दुनिया के उन देशों में अग्रणी है, जहां संक्रमितों का जीवन बच रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी आबादी के बावजूद भारत में कोरोना उतना नुकसान नहीं कर पाया, जितनी आफत विदेशों में आई; लॉकडाउन और अनुशासन से फायदा हुआ।’
5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए
तारीख |
केस |
13 जून | 12031 |
14 जून | 11374 |
12 जून | 11314 |
11 जून | 11128 |
15 जून | 10014 |
पांच दिन से ठीक हो रहे मरीजों की संख्या बढ़ रही
पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10014 मरीज मिले। वहीं, एक दिन में 10 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए। इससे पहले 13 जून को 8092 संक्रमित अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे। सोमवार को अकेले महाराष्ट्र में 2786, तमिलनाडु में 1843, दिल्ली में 1647, गुजरात में 514 मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
तारीख | ठीक हुए मरीज |
15 जून | 10639 |
14 जून | 7356 |
13 जून | 8092 |
12 जून | 7263 |
11 जून | 6275 |
कोरोना अपडेट्स
- स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 10 हजार 667 केस मिले और 380 लोगों की मौत हुईं।
- बीती रात कोरोना के 4 नए मामले सामने आने के बाद मिजोरम में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 121 हो गई।
- हरियाणा सरकार ने गुड़गांव जिले में खाली पड़ी इमारतों का सर्वे करने को कहा है। सरकार का कहना है कि इनमें आइसोलेशन सेंटर बनाए जाएंगे ताकि जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जा सके।
- लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ने मंगलवार को बताया कि 2301 सैंपल में से 35 केस पॉजिटिव मिले।
- पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी। इसमें उन्होंने कहा, ‘कोरोना संकट के समय में जनता के ऊपर और बोझ नहीं डालना चाहिए। बढ़ी कीमतों को वापस लेना चाहिए और क्रूड ऑयल की घटी कीमतों का फायदा आम जनता को देना चाहिए।
5 राज्यों का हाल
- मध्यप्रदेश: यहां संक्रमण के 133 नए मामले सामने आए। भोपाल में 40, इंदौर में 6, उज्जैन में 9 मरीज मिले। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 10 हजार 935 हो गई। अब तक 7 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना से अब तक 465 की जान गई। रविवार शाम से राज्य के 29 जिलों में कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला।
- उत्तरप्रदेश: यहां सोमवार को 476 संक्रमित मिले, जबकि 18 की मौत हुई। गौतमबुद्धनगर में 60, मेरठ में 25, कानपुर में 19, आगरा में 16, मरीज बढ़े। पूर्व सांसद और सपा नेता धर्मेंद्र यादव की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव है। कोरोना से अब तक 417 ने जान गंवाई।
- महाराष्ट्र: राज्य में सोमवार को रिकॉर्ड 2786 मरीज मिले, जबकि 178 की मौत हुई। अब राज्य में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 10 हजार 744 हो गई। वहीं 56 हजार 49 स्वस्थ भी हुए हैं। सोमवार को अलग-अलग अस्पतालों से 5071 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए। राज्य में रिकवरी रेट 47.2% है।
- राजस्थान: राजस्थान में मंगलवार को कोरोना के 115 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें भरतपुर में 68, जयपुर में 21, झुंझुनू में 8, टोंक में 6, दौसा और सिरोही में 4-4. झालावाड़ में 3, भीलवाड़ा में 1 सक्रमित मरीज मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 13 हजार 96 पर पहुंच गया। वहीं, जोधपुर में एक मरीज की मौत हो गई।
- बिहार: बिहार में मंगलवार को कोरोना के 74 पॉजिटिव मिले। इसके साथ मरीजों की संख्या बढ़कर 6736 हो गई है। वहीं, अब तक 42 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 1 लाख 27 हजार 86 सैंपल की जांच हुई है। अब तक 4226 मरीज ठीक हुए हैं।