- 85 साल के टंडन की लखनऊ में शुक्रवार देर रात तबियत खराब हो गई थी
- मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज, डायलिसिस की प्रक्रिया जारी
दैनिक भास्कर
Jun 15, 2020, 09:07 PM IST
लखनऊ. मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन की हालत नाजुक हो गई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। 85 साल के टंडन की लखनऊ में शुक्रवार देर रात तबियत खराब हो गई थी। मेदांता हॉस्पिटल में रात में ही डॉक्टरों को उनका ऑपरेशन करना पड़ा था। अभी वे आइसीयू में ही भर्ती हैं। अस्पताल के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने बताया था कि, अब हालत पहले से बेहतर है। उनका गहन उपचार चल रहा है। लेकिन, अब उनकी दोबारा स्थिति नाजुक हो गई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी मॉनिटरिंग कर रही है।
चार दिन पहले हुई थी तकलीफ
गुरुवार को राज्यपाल को बुखार, पेशाब करने में तकलीफ और सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई। उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। शनिवार को जांच में यूरेनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन पाया गया। ऐसे में एंटीबायोटिक की डोज दी गईं। संक्रमण कम होने पर बुखार कम हुआ। मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक डॉक्टरों ने रात में लिवर की जांच का फैसला किया। इसमें बारीकी से देखने के लिए सीटी गाइडेड प्रोसीजर किया गया। इसके बाद पेट में रक्तस्राव होने लगा। यह रक्त पेट में इकट्ठा हो रहा था, जो कि घातक हो सकता था। लिहाजा, डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर रक्त साफ कर ब्लीडिंग बंद की। इसके बाद उन्हें दोबारा आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
मुख्यमंत्री शिवराज का ट्वीट-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राज्यपाल लालजी टंडन से मोबाइल पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। सीएम चौहान ने उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दी। राज्यपाल लालजी टंडन अभी मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। उनका स्वास्थ्य अच्छा है।
राज्यपाल श्री लालजी टंडन जी अस्वस्थ हैं। मैंने उनके परिवार के सदस्यों से बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। मैं सतत परिवार के संपर्क में हूं। मैं पूरे प्रदेशवासियों के साथ उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने कामना करता हूं।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 15, 2020
सीएम ने मुलाकात कर जाना था हाल
इससे पहले रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात कर उनका हाल जाना था। सीएम योगी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की है।
मध्य प्रदेश के मा. राज्यपाल आदरणीय श्री लालजी टंडन जी, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण मेदांता अस्पताल,लखनऊ में चिकित्सकों की देखरेख में हैं।
आज उनसे भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना।
उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है: CM श्री @myogiadityanath जी pic.twitter.com/dgx0c2GxAR— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) June 14, 2020