May 14, 2024 : 9:40 PM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

45.93 लाख संक्रमित: भारत को वेंटिलेटर देगा अमेरिका, ट्रम्प ने कहा- संकट के दौर में मोदी के साथ हैं, मिलकर कोरोना को हराएंगे

  • ब्राजील में पिछले 24 घंटे में 7 हजार 7 नए मामले सामने आए हैं, इससे संक्रमितों की संख्या 2 लाख 3 हजार 165 हुई
  • अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 27 हजार 367 नए मामले सामने आए हैं और 1 हजार 779 मौतें हुई हैं, न्यूयॉर्क सबसे प्रभावित राज्य
  • डब्लूएचओ ने कहा- वैक्सीन या दवा जब भी आए तो उसका फायदा बराबरी से मिले, तभी महामारी रुकेगी

दैनिक भास्कर

May 16, 2020, 02:27 AM IST

वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक 45 लाख 93 हजार 285 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 17 लाख 38 हजार 166 ठीक हो चुके हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 06 हजार 376 पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि हम अपने दोस्त भारत को वेंटिलेटर देंगे। महामारी के दौर में अमेरिका, भारत और नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। हम कोरोना की वैक्सीन तैयार करने के लिए भी कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। दोनों देश मिलकर इस अदृश्य दुश्मन को हराएंगे।

उधर, कोरोनावायरस के वैक्सीन और दवा पर कई देशों में रिसर्च जारी हैं। इजराइल और इटली ने तो इसमें सफलता के दावे भी किए हैं। अब डब्लूएचओ ने कहा है कि कोई भी वैक्सीन या दवा दुनिया के लिए तभी कारगर साबित होगी जब इसका फायदा सभी को मिले।

डब्लूएचओ : अहम बात

डब्लूएचओ के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस एडहेनोम ने शुक्रवार रात एक अहम बात कही। उन्होंने कहा, “कोविड-19 के लिए वैक्सीन और दवाओं पर कई देशों में रिसर्च किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इसमें जल्द सफलता मिलेगी। लेकिन, एक बात ध्यान में रखना होगी। अगर यह दवाएं या वैक्सीन सभी लोगों को बराबरी से नहीं मिलीं तो महामारी को खत्म नहीं किया जा सकेगा। लिहाजा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि दवा हो या वैक्सीन, ये सभी को बराबरी से मुहैया हो।”

अमेरिका : नई चिंता
‘द गार्डियन’ के मुताबिक, अमेरिका में करीब 25 हॉटस्पॉट्स हैं। इनमें से 12 ऐसे हैं जिनके संक्रमित कहीं न कहीं मीट कारोबार से जुड़े हुए हैं। छोटे शहरों और दूर-दराज के इलाकों में कई मामले सामने आ चुके हैं। सरकार ने जब इस बारे में जांच की तो इन हॉटस्पॉट्स का मीट बिजनेस कनेक्शन सामने आया। अब मांग उठने लगी है कि इन जगहों के लिए नई और ज्यादा सख्त गाइडलाइंस तय की जाएं। 

लास एंजिलिस में एक फूड बैंक के बाहर मौजूद कर्मचारी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में कुल 25 हॉटस्पॉट्स की पहचान हुई है। इनमें से 12 ऐसे हैं जिनका संबंध मीट कारोबार से है।

डेनमार्क : 24 घंटे में कोई मौत नहीं
यहां गुरुवार और शुक्रवार के बीच 24 घंटे में कोई मौत नहीं हुई। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 13 मार्च के बाद यह पहला मौका है जब एक दिन कोई मौत नहीं हुई। सरकार ने कहा है कि टेस्टिंग के दायर में उन लोगों को भी लाया जाएगा जिनमें बहुत मामूली लक्षण हैं या जिन्हें संदिग्ध की श्रेणी में रखा जा सकता है। 

अमेरिका : इस साल के आखिर तक आ सकता है वैक्सीन
राष्ट्रपति ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि दुनिया के कई देशों में वैक्सीन पर रिसर्च जारी है, अमेरिका सहयोगी देशों से संपर्क में है। ट्रम्प ने कहा- हमें लगता है कि कोरोना वैक्सीन इस साल के आखिर या उससे भी पहले उपलब्ध हो सकता है। मैं उम्मीद करता हूं कि अच्छी खबर बहुत जल्द सामने आ सकती है। 

ब्राजील : अजीब व्यवस्था
महामारी का दौर जारी है। दो लाख से ज्यादा संक्रमित इस देश में मिल चुके हैं। राष्ट्रपति बोल्सानोरो पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। एक महीने में उन्होंने दूसरा स्वास्थ्य मंत्री बदल दिया। शुक्रवार रात नील्सन टेच ने इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति से उनके कई मुद्दों पर मतभेद थे। मीडिया में भी इसकी चर्चा थी। इसके पहले एक हेल्थ मिनिस्टर को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही इस्तीफा देने को कह दिया था। 

ब्राजील की राजधानी रियो डि जेनेरियो के करीब एक स्थान पर राहत सामग्री ले जाते सैनिक। देश में दो लाख से ज्यादा मामले हो गए हैं और सरकार आलोचकों के निशाने पर है। एक महीने में यहां दूसरे हेल्थ मिनिस्टर ने इस्तीफा दे दिया। 

ईरान : बेहद मुश्किल दौर

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता कियानोश जहानपुर ने शुक्रवार रात संकेत दिए कि देश में संक्रमण बढ़ता जा रहा है। 24 घंटे में यहां दो हजार 102 नए मामले सामने आए। कुल मामले एक लाख 16 हजार से ज्यादा हो गए हैं। 24 घंटे में 48 लोगों की मौत हो गई। अब तक कुल 6 हजार 902 लोग दम तोड़ चुके हैं। 6 अप्रैल के बाद शुक्रवार को सबसे ज्यादा लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 

तस्वीर ईरान की राजधानी तेहरान के एक दफ्तर की है। यहां एक महिला कर्मचारी प्रोटेक्टिव फेस मास्क लगाकर काम कर रही है। ईरान में 24 घंटे में दो हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।  

इटली : बड़ा फैसला

इटली के लोग 3 जून से देश के अंदर कहीं भी यात्रा कर सकेंगे। सरकार ने इस बारे में ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। इसका ऐलान भी रविवार तक किया जा सकता है। अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए भी कई उपाय किए जा रहे हैं। छोटी दुकानें खोलने की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है। अब बड़े कारोबार या फैक्ट्रियां भी शुरू की जाएंगी। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों के लिए अलग गाइडलाइंस जारी की जा सकती हैं। 

इटली के ताओरमीना में गुरुवार को टहलते लोग। सरकार यहां 3 जून से यात्रा प्रतिबंध हटाने जा रही है। इसके बाद यहां के लोग देश में कहीं भी कुछ ऐहतियात के साथ सफर कर सकेंगे। 

बेल्जियम : बुजुर्गों पर टैक्स की मांग
यहां एक इकोनॉमिस्ट ने सुझाव दिया है कि उम्रदराज लोगों पर स्पेशल टैक्स लगाया जाना चाहिए। इस टैक्स का इस्तेमाल युवाओं की मदद के लिए किया जाना चाहिए। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर जेन एमेनुएल डि नेवे ने कहा- संक्रमण से बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित हुए। लेकिन, खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ा। उनका रोजगार छिन गया और वो घरों में कैद हो गए। बुजुर्गों को यह समझना चाहिए। उन पर लगाए टैक्स का इस्तेमाल सरकार युवाओं की भलाई में करे। 

बेल्जियम मूल के एक इकोनॉमिस्ट के मुताबिक, कोरोना से सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को हुआ है। लिहाजा, बुजुर्गों पर नया टैक्स लगाकर इसका इस्तेमाल युवाओं की बेहतरी के लिए किया जाना चाहिए। (प्रतीकात्मक)

चेक रिपब्लिक : 300 लोग जुटेंगे
सरकार यहां इस महीने के आखिर तक एक जगह 300 लोगों को जुटने की मंजूरी देने का फैसला ले चुकी है। हेल्थ मिनिस्टर एडम वोज्टेक ने कहा- बाकी राहतों के साथ हम खेल गतिविधियां भी फिरू शुरू करने जा रहे हैं। यह 25 मई से होगा। रेस्टोरेंट्स और पब भी पहले की तरह खुलेंगे। शॉपिंग सेंटर्स, सिनेमा और हेयर सैलून भी खुलेंगे। यहां कुल 8 हजार 352 केस हैं। 293 की मौत हो चुकी है। 8 जून से 500 और 22 जून से एक हजार लोगों को जुटने की मंजूरी दी जाएगी।  

दक्षिण कोरिया : नाइट क्लब ने बढ़ाई मुसीबत
सियोल के एक नाइट क्लब में पहुंचे 29 साल के शख्स से दोबारा हुआ संक्रमण मुसीबत बन गया है। इस शख्स से 153 लोग संक्रमित हुए। सभी पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रशासन ने अब तक इस मामले में 46 हजार लोगों के टेस्ट किए हैं। जानकारी के मुताबिक, पांच हजार 500 लोग इन क्लब्स में गए थे। 

जर्मनी : बर्लिन में रेस्टोरेंट्स खुले

जर्मनी ने लॉकडाउन से कई राहतें दी हैं। राजधानी बर्लिन में भी रेस्टोरेंट्स खुल गए हैं। हालांकि, ये सशर्त है। सरकार ने एक बयान में कहा- समय आ गया है जब हम न्यू नॉर्मल को अपनाएं। यहां एक ही परिवार के लोग एक रेस्टोरेंट में आ सकते हैं। इन्हें सोशल डिस्टेंसिंग की जरूरत नहीं होगी। लेकिन, अगर दो परिवार एक ही रेस्टोरेंट में जुटते हैं तो उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग रखनी होगी। 

जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शुक्रवार से रेस्टोरेंट्स खुल गए। सरकार ने इसके लिए सशर्त मंजूरी दी है। इसके अलावा भी कुछ राहत दी गई है। यहां जल्द ही यात्रा प्रतिबंध भी कम किए जा सकते हैं। 

तीन देशों की बातचीत
दक्षिण कोरिया, चीन और जापान के स्वास्थ्य मंत्री महामारी पर चर्चा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। दक्षिण कोरिया के एक अधिकारी के मुताबिक, मीटिंग में संक्रमण से निपटने के उपायों पर चर्चा होगी। महामारी के इस दौर में यह पहला मौका है जब तीनों देशों के हेल्थ मिनिस्टर्स एक साथ बातचीत करेंगे। तीनों ही देशों में शुरुआती दौर में संक्रमण तेजी से फैला। हालांकि, बाद में काफी हद तक इस पर काबू पा लिया गया। यही वजह है कि चीन, जापान और दक्षिण कोरिया ने अपने यहां बंदिशों में राहत दी है। 

रूस में दो हफ्ते से हर रोज संक्रमण के 10 हजार से ज्यादा मामले
 रूस में कोरोना संक्रमण का स्तर कम नहीं हो रहा। यहां पिछले दो सप्ताह से हर रोज 10 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को भी 10 हजार 598 नए मामले सामने आए। संक्रमण के मामले में रूस फिलहाल अमेरिका और स्पेन के बाद तीसरे नंबर पर है। अब तक देश में 2 लाख 62 हजार 843 मामले आ चुके हैं और 2418 मौतें हुई हैं। 

रूस की राजधानी मॉस्को में एक बुजुर्ग महिला को सड़क पार करने में मदद करता स्वास्थ्यकर्मी। 

चीन में पिछले एक महीने से एक भी मौत नहीं

चीन में पिछले एक महीने से एक भी मौत नहीं हुई हैं। हालांकि, संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। वुहान में शुक्रवार को 11 नए मामले सामने आए। हाल ही में वुहान के सभी नागरिकों की जांच की शुरूआत की गई थी। वुहान शहर में अब तक 50 हजार संक्रमित मिले हैं और 3 हजार 869 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही जिलिन प्रांत में भी चार लोग पॉजिटिव मिले हैं।  

wuhan
चीन के वुहान में जांच में जुटे स्वास्थ्यकर्मी। करीब 1 करोड़ आबादी वाले इस शहर के सभी लोगों की जांच की जा रही है। 

वर्ल्ड बैंक ने भारत को 7500 करोड़ रु. का सोशल प्रोटेक्शन पैकेज दिया

बैंक ने भारत को 1 अरब डॉलर( करीब 7500 करोड़ रुपए) का सोशल प्रोटेक्शन पैकेज देने का ऐलान किया। यह रकम भारत में कोरोना से जुड़े काम के लिए चलाई जा रही भारत सरकार की योजनाओं पर खर्च की जाएगी।  विश्व बैंक भारत के साथ स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और एमएसएमई( छोटे, लघु और मध्यम उद्योग) के क्षेत्र में साथ काम करेगा। बैंक के भारत के निदेशक जुनैद अहमद ने शुक्रवार को कहा था कि सोशल डिस्टेंसिंग से भारत की अर्थव्यवस्था में मंदी आई है। सरकार गरीबों की मदद के लिए गरीब कल्याण योजना चला रही है।  

फ्रांस में मौतों का आंकड़ा स्पेन से ज्यादा

फ्रांस में मौतों का आंकड़ा स्पेन से ज्यादा हो गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यहां पिछले 24 घंटे में 351 लोगों की जान गई है। इसके साथ मौतों का आंकड़ा 27 हजार 425 हो गया है। मंत्रालय ने कहा कि संक्रमण अभी भी देश में फैल रहा है। फ्रांस संक्रमण से मौतों के मामले में अमेरिका, ब्रिटेन और इटली के बाद दुनिया में चौथे नंबर पर है। वहीं, स्पेन में अब तक 27 हजार 321 मौतें हुई हैं और 2 लाख 72 हजार 746 संक्रमित हैं।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में में शनिवार को धूप का आनंद लेते लोग। यहां सरकार ने लॉकडाउन में राहत दी है।

 कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 14,70,688 87,773 3,17,614
स्पेन 2,74,367 27,459 1,88,967
रूस 2,62,843 2,418 58,226
ब्रिटेन 2,36,711 33,998 उपलब्ध नहीं
इटली 2,23,885 31,670 1,20,205
ब्राजील 2,08,031 14,267 79,479
फ्रांस 1,78,060 27,074 58,673
जर्मनी 174,975 7,928 1,50,300
तुर्की 1,44,749 4,007 1,04,030
ईरान 1,14,533 6,854 90,539

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

मैक्सिको :  24 घंटे में 257 मौतें

मैक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में यहां 257 मौतें हुईं। 2 हजार 409 मामले सामने आए हैं। देश में पहली बार है जब संक्रमितों की संख्या एक ही दिन में 2 हजार से ज्यादा हुई है। अब तक देश में 42 हजार 595 संक्रमित मिले हैं और 4 हजार 477 मौतें हुई हैं। 

मैक्सिको के एक कब्रिस्तान में शव दफनाने के लिए कब्र तैयार करते कर्मचारी। मृतक के परिजन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पीछे खड़े हैं।

बांग्लादेश : शरणार्थी शिविर में पहला संक्रमित मिला

बांग्लादेश के शरणार्थी शिविर में पहला मामला सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र ने बांग्लादेश सरकार के हवाले से बताया कि कॉक्स बाजार के शरणार्थी शिविर में गुरुवार को एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके साथ ही शिविर के पास रहने वाला एक अन्य व्यक्ति भी संक्रमित मिला। इस शिविर में करीब 10 लाख शरणार्थी रहते हैं जो पड़ोसी देश म्यांमार से पलायन कर पहुंचे हैं। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक देश में अब तक 18 हजार 863 लोग संक्रमित मिले हैं और 283 मौतें हुई हैं।

जर्मनी के लिपजिग एयरपोर्ट पर शुक्रवार को कार्गो प्लेन से सामान उतारते कर्मचारी। यह प्लेन चीन से पीपीई किट लेकर पहुंचा था

ऑस्ट्रेलिया:  लॉकडाउन में राहत 

ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार से सिडनी में लॉकडाउन में राहत दी है। कुछ समुद्री तटों, पब्स और रेस्तरां खोले गए हैं। यहां पर अब ज्यादा से ज्यादा 10 लोगों को एक साथ जुटने की इजाजत दी गई है। हालांकि अधिकारियों ने हिदायत दी है कि वे सुरक्षा उपायों का पालन करें। ऑस्ट्रेलिया में अब तक 7 हजार 19 संक्रमित मिले हैं। इनमें से 3 हजार 71 सिर्फ सिडनी से हैं।

अर्जेंटीना में पिछले 24 घंटे में 255 नए मामले
अर्जेंटीना में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 255 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब संक्रमितों की संख्या 7 हजार 134 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में नौ मौतों भी हुई हैं, जिससे मरने वालों की संख्या 393 पहुंच गई है।

Related posts

सीएम शिवराज के सख्‍त तेवर, बोले- बंद करो हुक्‍का लाउंज

News Blast

PoK में हिंसा पर कश्मीरी पार्टी भड़की:नेशनल अवामी पार्टी बोली- PoK के लोगों को बोलने और जीने का हक मिले, वहां दिनदहाड़े हत्याएं हो रहीं

News Blast

रीवा की 38 पंचायतों को बिना आडिट के 13 करोड़ ग्रांट आवंटित करने का मामला, हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

News Blast

टिप्पणी दें