
- घर की दक्षिण दिशा में बड़े पेड़-पौधे लगाना शुभ होता है इस दिशा में भारी चीजें रखनी चाहिए
दैनिक भास्कर
May 28, 2020, 06:09 AM IST
वास्तु में घर की सभी चीजों के लिए शुभ-अशुभ दिशाएं बताई गई हैं। घर में और आंगन लगे फूलों से सकारात्मकता बढ़ती है और साथ ही ये वास्तु के अनुसार भी बहुत शुभ माना गया है। वास्तु शास्त्र में घर की सकारात्मकता बढ़ाने और नकारात्मकता घटाने की टिप्स बताई गई हैं। पेड़-पौधों के लिए कौन सी दिशा शुभ होती है, इस संबंध में भी खास बातें बताई गई हैं। कोलकाता की वास्तु विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा राठी के अनुसार जानिए पेड़-पौधों से जुड़ी कुछ खास वास्तु टिप्स…
घर में गुलाब, गेंदा, चंपा, चमेली, मोगरा फूल के पौधे सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं। इन पौधों को घर की उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना चाहिए।
अगर घर में तुलसी का पौधा लगाना हो तो इसे भी पूर्व या उत्तर दिशा में ही लगाएं। पुरानी परंपरा है कि घर के आंगन में तुलसी का पौधा जरूर होना चाहिए। बाल गोपाल को तुलसी के बिना भोग नहीं लगाना चाहिए। इसके पत्ते आयुर्वेद के अनुसार बहुत गुणकारी होते हैं। इनका रोज सेवन करना चाहिए। रोज सुबह तुलसी को जल चढ़ाएं और शाम को इसके पास दीपक जलाएं। इन बातों का ध्यान रखेंगे तो घर में तुलसी वजह से सकारात्मकता बढ़ती है।
घर की दक्षिण दिशा में पेड़-पौधे लगाने बचना चाहिए।
छोटे पौधे जिनको सजावट के लिए लगाया जाता है, उन्हें उतर या पूर्व दिशा में लगाना शुभ रहता है। घर में छोटा सा बगीचा बनाना चाहते हैं तो घर की पूर्व, उत्तर या पश्चिम दिशा में बना सकते हैं। ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में फूल वाले पौधे और बेल लगा सकते हैं।
घर में पेड़-पौधे लगाने से वातावरण में ठंडक बनी रहती है। ये पर्यावरण के लिए भी बहुत फायदेमंद है। हरियाली की वजह से घर में रहने वाले लोगों की नकारात्मक सोच खत्म होती है और सकारात्मकता बढ़ती है। ध्यान रखें पेड़-पौधे के खराब हिस्से तुरंत हटा देना चाहिए। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अगर पेड़-पौधों के आसपास गंदगी रहेगी तो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।