May 8, 2024 : 10:02 PM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

अमेरिका बोला- भ्रष्टाचार खत्म हो तो डब्ल्यूएचओ में शामिल होने पर विचार करेंगे; दुनिया में अब 62.36 लाख संक्रमित

  • दुनिया में अब तक 3 लाख 73 हजार 198 लोगों की मौत हो चुकी है, अमेरिका में सबसे ज्यादा 1 लाख 6 हजार 128 जानें गईं
  • ब्राजील में एक दिन में 890 की जान गई, मौतों का आंकड़ा (29,101) यूरोप के चौथे सबसे संक्रमित देश फ्रांस से भी ज्यादा हुआ

दैनिक भास्कर

Jun 01, 2020, 03:09 AM IST

वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक 62 लाख 36 हजार 296लोग संक्रमित हैं। 27 लाख 81 हजार 903 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 73 हजार 198 हो गया। रविवार को व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यदि भ्रष्टाचार और चीन पर निर्भरता खत्म होती है तो अमेरिका डब्ल्यूएचओ में फिर शामिल होने पर विचार करेगा।

वहीं, दक्षिण कोरिया में सरकार संक्रमण रोकने के लिए अब टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगी। बार और नाइटक्लब जैसी जगहों पर क्यूआर कोड से एंट्री मिलेगी। दूसरी तरफ, स्पेन के प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया है कि सरकार राष्ट्रीय आपातकाल दो हफ्ते और बढ़ाना चाहती है। इसके लिए संसद में प्रस्ताव लाया जाएगा।

बर्लिन के नर्सिंग होम्स में फ्री कॉन्सर्ट

जर्मनी में कोरोनावायरस की वजह से लॉकडाउन के दौरान संगीतकार रिहर्सल भी नहीं कर सके थे। ऐसे में दो महीने से ज्यादा वक्त तक रिहर्सल से दूर रहे म्यूजीशियन बर्लिन के नर्सिंग होम्स में परफॉर्म कर रहे हैं। डचिस ओपरा के संगीतकार नर्सिंग होम्स के गार्डन्स में फ्री कॉन्सर्ट आयोजित कर रहे हैं। इससे संगीतकारों को उन बुजुर्गों का मनोरंजन करने का मौका मिला है, जो नर्सिंग होम से बाहर नहीं जा सकते।

कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 18,33,908 1,06,128 5,41,138
ब्राजील 5,06,708 29,101 2,05,371
रूस 4,05,843 4,693 1,71,883
स्पेन 2,86,509 27,127 1,96,958
ब्रिटेन 2,74,762 38,489 उपलब्ध नहीं
इटली 2,32,997 33,415  1,57,507
भारत  1,90,609   5,408  91,852
फ्रांस 1,88,882 28,802 68,355
जर्मनी  1,83,494  8,605 1,65,200
तुर्की 1,63,942   4,540

 1,27,973

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

दक्षिण कोरिया : अब क्यूआर कोड से एंट्री

हेल्थ मिनिस्टर पार्क न्यूंग हू ने रविवार को कहा कि 10 जून से बार, नाइटक्लब और इंडोर जिम जैसी जगहों पर क्यूआर कोड एंट्री होगी। इसके लिए अलग लॉग बनेगा। यह डाटा चार हफ्ते तक सुरक्षित रखा जाएगा। इन जगहों पर ऑपरेटर की यह जिम्मेदारी होगी कि वो सैनिटाइजेशन और दूसरी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करे। हर कस्टमर को मास्क लगाना जरूरी होगा। नियम न मानने पर स्पॉट फाइन किया जाएगा। मई की शुरुआत तक दक्षिण कोरिया में संक्रमण पर बहुत हद तक काबू पा लिया गया था। लेकिन, सियोल के एक नाइटक्लब और कोपांग में एक लॉजिस्टिक सेंटर से यह फिर फैल गया। दोनों जगहों से संबंधित 382 मामले सामने आए। 

स्पेन : 21 जून आपातकाल बढ़ाने की कोशिश
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेझ ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार 21 जून तक आपातकाल बढ़ाना चाहती है। इसका प्रस्ताव संसद में पेश किया जाएगा। देश के कई हिस्सों में पाबंदियों का विरोध हो चुका है। लेकिन, सरकार का कहना है कि आपातकाल हटाना खतरनाक साबित हो सकता है। सरकार छठवीं बार आपातकाल बढ़ाना चाहती है। देश में 14 मार्च से इमरजेंसी लागू है। 

रविवार को स्पेन के मैड्रिड में एक रेस्टोरेंट में मौजूद लोग। यहां सरकार राष्ट्रीय आपातकाल दो हफ्ते बढ़ाना चाहती है। इसके लिए संसद में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। हालांकि, कुछ चीजों के लिए सशर्त छूट पहले ही दी जा चुकी है।

यरुशलम : अल अक्सा मस्जिद खुली
यरुशलम की अल अक्सा मस्जिद दो महीने बाद रविवार को खुल गई। यहां संक्रमण को रोकने के मकसद से इस मस्जिद को बंद किया गया था। मस्जिद आने वालों को कुछ नियमों का पालन करना होगा। उन्हें फेस मास्क लगाना होगा। नमाज के लिए जरूरी सामान साथ लाना होगा।  

ईरान : मामले डेढ़ लाख हुए
पाबंदियां हटने के बाद ईरान में मामले तेजी से बढ़े। अब यहां संक्रमितों की संख्या डेढ़ लाख के पार हो गई है। सरकार ने भी माना है कि मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कई प्रांतों में नए क्लस्टर देखे गए हैं। 24 घंटे में यहां 2516 मामले सामने आए। इसी दौरान 63 लोगों की मौत हुई। अब तक कुल 7797 लोगों की मौत हो चुकी है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। 

पोप फ्रांसिस ने कहा- हिम्मत हारने की जरूरत नहीं
पोप फ्रांसिस ने रविवार को कहा कि फिलहाल जो हालात हैं, उनसे निराश होने या हिम्मत हारने की जरूरत नहीं है। सेंट पीटर्स बेसिलिका में पोप ने कहा- कुछ लोगों को यह लग रहा है कि हालात अब पहले जैसे नहीं हो सकेंगे। इसकी वजह से वो निराश हैं। इस दौर में हिम्मत हारने की कोई वजह नहीं है। हमें एकजुट रहना होगा। खुद की गलतियों को स्वीकार करना होगा। पोप की सभा में कम लोग मौजूद थे। यह सभी मास्क लगाए हुए थे।

पोप फ्रांसिस ने कहा है कि लोगों को वर्तमान हालात में निराश और हिम्मत नहीं हारना चाहिए। उनके मुताबिक, इस दौर में एकजुटता बेहद जरूरी है। (फाइल)

स्कॉटलैंड : लॉकडाउन न हटाया जाए

स्कॉटलैंड की प्रधानमंत्री (फर्स्ट मिनिस्टर) निकोला स्टर्जन ने ब्रिटेन से लॉकडाउन न हटाने के लिए कहा। उन्होंने आगाह किया कि इससे संक्रमण का दूसरा दौर शुरू हो सकता है। निकोला ने अपने देश के लोगों से ब्रिटेन के लॉकडाउन के हटाने के नियमों को न मानने के लिए कहा। स्टर्जन ने कहा- हमें सावधान रहने की जरूरत है। संक्रमण का खतरा टला नहीं है। अगर हम सतर्क नहीं रहे तो यह दोबारा फैल सकता है। 

स्कॉटलैंड की प्रधानमंत्री निकोला स्टर्जन ने अपने देशवासियों से ब्रिटेन के लॉकडाउन हटाने के नियमों को न मानने की अपील की।

बड़ी सभाओं के लिए डब्ल्यूएचओ की नई गाइडलाइन

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को बड़ी सभाओं और बाहरी आयोजनों के लिए नई गाइडलाइन जारी की। डब्ल्यूएचओ ने कहा- सभा स्थलों पर लोगों को बारी-बारी से आने के लिए कहा जाए। इनमें शामिल होने के लिए आने वाले लोगों के लिए ट्रांसपोर्ट फ्रिक्वेंसी बढ़ाई जाए। हर एक व्यक्ति की सीट पहले से तय हो। कार्यक्रम करने के स्थान की क्षमता से कम लोगों को बुलाया जाए। ऐसे कार्यक्रमों को वर्चुअल या खुले स्थानों पर किया जाए। 

पाकिस्तान : सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना जरूरी

पाकिस्तान में भीड़-भाड़ वाली और सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। सरकार ने यह फैसला तब लिया, जब देश में 24 घंटे में 3,039 मामले दर्ज किए गए। इन जगहों में मस्जिद, बाजार, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक परिवहन शामिल हैं। यहां अब तक 69 हजार 496 केस मिल चुके हैं, जबकि 1483 लोगों की जान जा चुकी है।

पाकिस्तान के पेशावर शहर में एक मस्जिद को सैनिटाइज करते सरकारी कर्मचारी।

वेनेजुएला : लॉकडाउन में आंशिक राहत का ऐलान

वेनेजुएला ने लॉकडाउन में आंशिक राहत देने की योजना का ऐलान किया है। राष्ट्रपति निकोलस माडुरो ने शनिवार को कहा कि 1 जून से देश के 9 आर्थिक क्षेत्रों को खोला जाएगा। इसके बाद अगले 10 दिन तक फिर से पाबंदिया लागू रहेंगी। पाबंदियों में छूट के दौरान सीमावर्ती शहर बंद रहेंगे। वहीं, अगले 10 दिन के लॉकडाउन में खाने पीने के स्टोर और स्वास्थ्य सुविधाएं खुली रहेंगी और जरूरी गतिविधियों को मंजूरी दी जाएगी। 

वेप्युर्टो कैबेलो बंदरगार पर ईरान से तेल टैंकर पहुंचने के बाद स्वागत में झंडा लहराते वेनेजुएला की सरकारी तेल कंपनी के कर्मचारी।

नेपाल: 14 जून तक लॉकडाउन बढ़ा

नेपाल में लॉकडाउन 14 जून तक बढ़ा दिया गया है। नेपाल सरकार के प्रवक्ता युबराज खातीवाड़ा ने इसकी पुष्टि की। प्रवक्ता के अनुसार, काठमांडू में जिन इलाकों में कोरोना के मामले ज्यादा हैं, वहां सेना तैनात की जाएगी। द हिमालयन टाइम्स के अनुसार, सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 30 जून तक के लिए निलंबित कर दिया गया है। देश में लॉकडाउन 2 जून को खत्म होने वाला था। 

मास्क पहने नेपाल के वित्त मंत्री युबा राज खातिवाडा 2020-21 के बजट के साथ संसद में जाते हुए।

बेल्जियम: प्रिंस जोआकिम संक्रमित

बेल्जियम के प्रिंस जोआकिम (28) संक्रमित पाए गए हैं। रॉयल पैलेस ने शनिवार को बताया कि प्रिंस 26 मई को इंटर्नशिप के लिए स्पेन गए थे। वहां दो दिन बाद वे एक पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद उनमें कोरोना के हल्के लक्षण नजर आए हैं। प्रिंस जोआकिम बेल्जियम के राजा फिलिप के भतीजे हैं। वे स्पेन के कोर्डोबा शहर में की गई पार्टी में शामिल 27 लोगों में से एक थे। स्पेन के लॉकडाउन के नियमों के मुताबिक वहां फिलहाल 15 से ज्यादा लोगों के जुटने की पाबंदी होने के बावजूद यह पार्टी की गई थी। इस पार्टी में शामिल हुए सभी लोग क्वारैंटाइन में हैं। 

बेल्जियम के राजकुमार संक्रमित, स्पेन की एक पार्टी में शामिल होने के बाद उनमें हल्के लक्षण नजर आए।

ब्राजील: मौतों का आंकड़ा फ्रांस से ज्यादा

ब्राजील में 24 घंटे में संक्रमण के 30 हजार से ज्यादा मामले मिले। देश में मरीजों की संख्या 5 लाख के करीब पहुंच चुकी है। यहां एक दिन में 890 लोगों ने दम तोड़ा है। इससे मौतों का कुल आंकड़ा 28 हजार 834 हो गया है। यह संख्या यूरोप के चौथे सबसे संक्रमित देश फ्रांस से ज्यादा हो गई है। फ्रांस में अब तक 28 हजार 771 लोगों की मौत हो चुकी है।

रियो डी जेनेरियो में स्थित एक कब्रिस्तान में कोरोना से जान गंवाने वाले युवक का शव दफन करते लोग।

अमेरिका: एक दिन में 960 की मौत
अमेरिका में एक दिन में 960 की जान गई है और 23 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। यहां 1 लाख 5 हजार 557 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 18 लाख 16 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। 

स्पेन: 24 घंटे में 271 नए मामले
स्पेन में 24 घंटे में 271 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 लाख 39 हजार 228 हो गई है। मैड्रिड में 95 नए मामले मिले, जबकि कैटालोनिया में 88 मामले सामने आए हैं। स्पेन में पिछले सात दिनों में 43 मौतें हुई हैं। कुल मौतों की संख्या बढ़कर 27,125 हो गई है। स्पेन में लॉकडाउन में ढील देने के लिए 28 अप्रैल से चार चरणों का प्लान शुरू किया गया है। इसमें पहली चरण की शुरुआत 11 मई से हुई है।

स्पेन में लॉकडाउन में ढील दी जा रही है। यहां मामलों में भी अब काफी कमी आई है। लोग अपने घरों से निकल रहे हैं।

द.अफ्रीका: संक्रमितों की संख्या 30,967 हुई
द.अफ्रीका में 24 घंटे के दौरान 1,727 नए मामले मिले हैं। देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,967 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री ज्वेली मखीजे ने कहा कि देश में अब तक 643 मौतें हो चुकी हैं। यहां अब तक 7 लाख 1 हजार 883 टेस्ट किए गए हैं। देश में सबसे ज्यादा 20 हजार 160 मामले वेस्टर्न केप प्रांत में सामने आए हैं। वहीं, यहां 465 लोगों की मौत हो चुकी है।

दक्षिण अफ्रीका में एक बंद वाइन शॉप के पास से मास्क पहनकर गुजरता युवक।

सऊदी अरब: 1618 नए केस मिले
सऊदी अरब में 1618 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट कर ये जानकारी दी। देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 83 हजार 384 हो गई है। इस दौरान 22 मौतें सामने आने के बाद कुल मौतों की संख्या बढ़कर 480 हो गई है। देश में 1870 मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वस्थ मरीजों की संख्या बढ़कर 58 हजार 883 हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्री तौफीक अल-रबिया ने जनता से ऐहतियात बरतने की अपील की है।

कतर: 2,355 नए मामले
कतर में 24 घंटे में 2,355 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55 हजार 262 हो गई है। यहां मौतों की संख्या 36 पर स्थिर है। एक दिन में 5,235 मरीजों की हालत में सुधार आया है। कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या बढ़कर 25 हजार 839 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, विदेशी श्रमिकों और कतर के नागरिकों के बीच नए मामले सामने आए हैं। कतर में संक्रमण का खतरा बढ़ने के बावजूद रविवार से ज्यादातर बिजनेसेज खुल रहे हैं।

चिली: 94,858 मामले
चिली में शनिवार को संक्रमितों की संख्या 94 हजार 858 हो गई है। वहीं, 997 लोगों की इस बीमारी से मौतें हो चुकी हैं। 24 घंटें में 4,220 नए मामले सामने आए हैं और 53 मौतें हुई हैं। इस बीमारी से अब तक 40 हजार 431 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। है।

Related posts

ऑल पार्टी कॉन्फ्रेंस से पहले आर्मी चीफ बाजवा ने विपक्षी नेताओं से मुलाकात की थी, फौज को सियासत से दूर रखने की वॉर्निंग दी थी

News Blast

पत्नी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भड़के जायर बोल्सोनारो, जर्नलिस्ट से कहा- मुक्कों से मुंह तोड़ दूंगा

News Blast

भास्कर ग्राउंड रिपोर्ट:स्पेन में लॉकडाउन में बढ़े पतियों के जुल्म; विरोध में 250 जगहों पर प्रदर्शन, एक महीने में पत्नी की हत्या के 13 मामले

News Blast

टिप्पणी दें