May 11, 2024 : 2:02 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

जनरल नरवणे ने कहा- चीन के साथ सटी भारत की सीमा पर हालात काबू में, नेपाल के साथ भी रिश्ते मजबूत

  • सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा- मैं सभी को भरोसा दिलाता हूं कि चीन के साथ हमारी सीमाओं पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है
  • लद्दाख में चीन के साथ सीमा विवाद चल रहा तो लिपुलेख में नेपाल के साथ टकराव बना हुआ है

दैनिक भास्कर

Jun 13, 2020, 12:45 PM IST

देहरादून. सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने चीन और नेपाल के साथ चल रहे सीमा विवाद को लेकर बयान दिया। नरवणे ने कहा कि मैं सभी को भरोसा दिलाता हूं कि चीन के साथ हमारी सीमाओं पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हम लगातार संपर्क में हैं। कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई है और स्थानीय स्तर पर समकक्ष रैंक के कमांडरों की बैठकें जारी हैं। नरवणे शनिवार को इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेने देहरादून पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ भी हमारे रिश्ते मजबूत हैं। हमारे बीच भौगोलिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक जुड़ाव है और दोनों देशों के लोग आपस में जुड़े हैं। यह रिश्ते आगे भी मजबूत रहेंगे। जनरल ने कहा कि जहां तक जम्मू-कश्मीर की बात है। पिछले 10 से 15 दिनों में 15 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं। यह सब सुरक्षाबलों और एजेंसियों के बीच अच्छे तालमेल की वजह से हुआ है। कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ ज्यादातर ऑपरेशन स्थानीय लोगों के इनपुट्स के बाद चलाए जाते हैं। यह बताता है कि स्थानीय लोग भी आतंकवाद से पूरी तरह से परेशान हो चुके हैं। वे चाहते हैं कि हालात सामान्य हो जाएं।

एक महीने से भारत और चीन के रिश्ते ठीक नहीं

लद्दाख के साथ सिक्किम में मई के पहले हफ्ते से भारत और चीन की सेनाओं के बीच तनातनी चल रही है। पिछले दिनों दोनों देशों के कोर कमांडरों के बीच कुछ दौर की बातचीत हुई। इसके बाद टकराव कम हुआ है। चीन ने बुधवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच सेना पीछे हटाने को लेकर आपसी सहमति बन चुकी है। भारत पहले ही साफ कर चुका है कि दोनों देशों के बीच तनाव पूरी तरह तब खत्म होगा, जब चीन सीमा से 10 हजार सैनिकों को हटाएगा। इससे पहले 9 मई को सिक्किम में भी भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए थे।

भारत और नेपाल के बीच भी सीमा विवाद चल रहा

  • भारत और नेपाल में सीमा विवाद के कारण रिश्ते तनावपूर्ण हैं। आठ मई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिपूलेख से धारचूला तक बनाई गई सड़क का उद्घाटन किया था। इसके बाद नेपाल ने लिपुलेख को अपना हिस्सा बताते हुए विरोध किया था। 18 मई को नेपाल ने नया नक्शा जारी किया। इसमें भारत के तीन इलाके लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को अपना हिस्सा बताया।
  • सीमा विवाद के बीच शुक्रवार को बिहार के जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल की तरफ से फायरिंग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। तीन घायल हुए। दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। जानकीनगर बिहार के सीतामढ़ी जिले में आता है। यहां भारत का सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तैनात है।

Related posts

धारावी ने रोकी कोरोना की धाराः दो माह में 47,500 लोगों की घर में ही जांच और 7 लाख की स्क्रीनिंग कर संक्रमण रोक दिया

News Blast

कल भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकालने की इजाजत; सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हालात बेकाबू हों तो सरकार यात्रा रोक भी सकती है

News Blast

आज 377 लोगों की जान गई; महाराष्ट्र में मरने वालों का आंकड़ा 4 हजार के पार, एक दिन में 178 की मौत, दिल्ली में 73 संक्रमितों ने दम तोड़ा

News Blast

टिप्पणी दें