May 4, 2024 : 6:20 AM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

जापान के वैज्ञानिकों ने अर्थराइटिस की दवा एक्टेमरा से इलाज का दावा किया, यहां 67 हजार से ज्यादा संक्रमित; दुनिया में 2.56 करोड़ केस

वॉशिंगटनएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

जापान की राजधानी टोक्यो में ऑफिस कर्मचारी मास्क लगाए जाते हुए। देश में अब तक 67 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। – फाइल फोटो

  • दुनिया में 8.54 लाख लोगों की मौत हुई, अब तक 1.79 करोड़ ठीक हुए
  • अमेरिका में 62 लाख से ज्यादा संक्रमित, अब तक 1.87 लाख की जान गई

दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 56 लाख 21 हजार 925 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 79 लाख 22 हजार 92 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 54 हजार 229 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी 68 लाख 45 हजार 604 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

जापान में रिसर्चर्स ने कोरोना का इलाज ढूंढने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि अर्थराइटिस की दवा एक्टेमरा से इलाज किया जा सकता है। रिसर्चर्स ने अपनी स्टडी में बताया है कि कोरोना होने पर सबसे बड़ी समस्या साइकोटिन स्टार्म है। यह प्रोटीन्स का एक समूह होता है, जो हमारे इम्यून सिस्टम को बहुत तेज या धीमे कर देता है, जिससे जान जाने का खतरा बढ़ जाता है। एक्टेमरा से इम्यून सिस्टम को लेवल पर रखा जा सकता है। जापान में अब तक 67 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 62,11,682 1,87,736 34,55,941
ब्राजील 39,10,901 1,21,515 30,97,734
भारत 36,87,939 65,435 28,37,377
रूस 9,95,319 17,176 809,387
पेरू 6,47,166 28,788 4,55,457
साउथ अफ्रीका 6,27,041 14,149 5,40,923
कोलंबिया 6,15,168 19,663 4,59,475
मैक्सिको 5,95,841 64,158 4,12,580
स्पेन 4,62,858 29,094 उपलब्ध नहीं
अर्जेंटीना 4,17,735 8,660 3,01,195

ट्रम्प ने कहा- एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन फेज-3 के ट्रायल में पहुंची

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन फेज-3 के ट्रायल पर पहुंच गई है। जल्द ही फेज-3 की दूसरी वैक्सीनों के साथ ही इसे भी अनुमति मिलेगी। हम वो काम कर रहे हैं, जिसको लोग असंभव मानते थे।’’ एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स ने विकसित किया है।

कंपनी ने कहा कि फेज-3 के ट्रायल में अमेरिका में 80 जगहों पर लगभग 30 हजार वॉलंटियर को शामिल किया जाएगा। अमेरिका में दो कंपनियों मॉडर्ना और फाइजर की वैक्सीन भी फेज-3 के ट्रायल पर हैं। दोनों कंपनियां 30 हजार वॉलंटियर पर ट्रायल कर रही हैं।

व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प। अमेरिका में अब तीन कंपनियों की वैक्सीन फेज-3 के ट्रायल पर हैं।

व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प। अमेरिका में अब तीन कंपनियों की वैक्सीन फेज-3 के ट्रायल पर हैं।

भूटान: लॉकडाउन में ढील दी गई
भूटान सरकार ने मंगलवार को लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दिया है। यहां 11 अगस्त को लॉकडाउन लगाया गया था। प्रधानमंत्री लोटे सेरिंग ने कहा कि लॉकडाउन में चरणबद्ध तरीके से छूट दी जाएगी। हर 10 दिन के बाद छूट बढ़ाई जाएगी। मंगलवार को अनलॉक के पहले फेज में लोगों को टहलने, साइकिलिंग करने और अपने इलाके में शापिंग की छूट दी गई है। अभी तक देश में 225 संक्रमित मिले हैं, इनमें से 142 लोग ठीक हो चुके हैं।

जापान: भारत के लिए इमरजेंसी लोन बढ़ाया
जापान ने कोरोना महामारी से लड़ने को भारत के लिए इमरजेंसी लोन बढ़ाया है। जापान ने सोमवार को कहा कि उसने 50 अरब येन (करीब 34 अरब रुपए) का इमरजेंसी लोन बढ़ाया है। इस लोन पर सालाना 0.01% का ब्याज होगा और यह 15 साल के लिए होगा। जापान में एक हजार से ज्यादा की जान गई है।

जापान के तोशिमान पार्क में मास्क पहनकर पहुंची युवतियां। महामारी के चलते इस पार्क को 94 सालों में पहली बार बंद किया गया था। अब इसे फिर से खोला गया है।

जापान के तोशिमान पार्क में मास्क पहनकर पहुंची युवतियां। महामारी के चलते इस पार्क को 94 सालों में पहली बार बंद किया गया था। अब इसे फिर से खोला गया है।

इजराइल: 2576 नए मामले
इजराइल में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2576 नए मामले आए और 20 की जान गई। यहां अब तक 1 लाख 16 हजार 596 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 939 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में गंभीर मरीजों की संख्या 437 है। अब तक 95 हजार 9 लोग ठीक भी हो चुके हैं। महामारी के चलते देश में बेरोजगारी बढ़ गई है। फरवरी में जहां बेरोजगारी दर 3.9% थी, वहीं अब यह बढ़कर 20.7% हो गई है। इसके चलते भी लोग नेतन्याहू सरकार से नाराज हैं।

इजराइल के येरूशलम में पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग। यहां लॉकडाउन के सख्त नियमों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।

इजराइल के येरूशलम में पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग। यहां लॉकडाउन के सख्त नियमों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।

ब्राजील: अब तक 1.21 लाख लोगों की मौत
ब्राजील में कोरोना से अब तक 1.21 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पिछले 24 घंटे में 553 लोगों की मौत हुई। यह लगातार पांचवां दिन है जब एक हजार से कम मौतें हुई हैं। यहां एक दिन में 45 हजार 961 नए मामले आए। देश में अब तक 39 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां सबसे ज्यादा प्रभावित साओ पाउलो में मौतों का आंकड़ा 30 हजार के पार हो गया है।

चीन: 10 नए मामले आए
चीन में 24 घंटे में कोरोना के 10 नए मामले आए हैं। ये सभी मामले बाहर से आए हैं, लोकल ट्रांसमिशन का एक भी मामला नहीं है। वहीं, 31 मरीज ठीक भी हुए हैं। चीन में कोरोना संक्रमण के अभी तक 85 हजार 58 मामले आए हैं और 4634 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 34 मरीज बिना लक्षण वाले (एसिम्टोमैटिक) भी पाए गए हैं।

0

Related posts

नयी खदानों से सड़क के जरिए नहीं ले जाया जा सकेगा कोयला, जानिए किस राज्य में लागू हुआ नियम

News Blast

अफगानिस्तान में रॉकेट अटैक: काबुल में ईद की नमाज के दौरान राष्ट्रपति भवन के पास रॉकेट दागे गए, प्रेसिडेंट अशरफ गनी हो सकते थे टारगेट पर

Admin

आज रात मरीज 1 करोड़ हो जाएंगे, अच्छी बात ये है कि 54% ठीक हो चुके; भारत में भी 5 लाख संक्रमित, 2.95 लाख स्वस्थ हुए

News Blast

टिप्पणी दें