May 12, 2024 : 12:15 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

विकास दुबे का करीबी प्रभात मिश्रा कानपुर में मारा गया, दूसरा साथी बऊआ दुबे इटावा में ढेर; विकास की तलाश में 3 राज्यों में छापे

  • प्रभात की गिरफ्तारी फरीदाबाद से हुई थी, कानपुर लाते वक्त उसने भागने की कोशिश की थी
  • विकास दुबे का राइट हैंड अमर दुबे बुधवार को हमीरपुर में एनकाउंटर में मारा गया

दैनिक भास्कर

Jul 09, 2020, 09:20 AM IST

कानपुर. कानपुर शूटआउट के मुख्य आरोपी विकास दुबे का एक और करीबी प्रभात मिश्रा भी मारा गया है। प्रभात को पुलिस ने बुधवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। यूपी पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर ले जा रही थी। रास्ते में प्रभात ने भागने की कोशिश की, उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रभात मारा गया। दूसरी ओर विकास दुबे गैंग के ही बऊआ दुबे उर्फ प्रवीण को पुलिस ने इटावा में मार गिराया। दोनों बदमाश 2 जुलाई को कानपुर के बिकरू गांव में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल थे।

प्रभात के एनकाउंटर की लोकेशन।

7 दिन में विकास दुबे गैंग के 5 बदमाशों का एनकाउंटर
पुलिस ने बुधवार को ही विकास के करीबी अमर दुबे का भी एनकाउंटर कर दिया था। अमर हमीरपुर में छिपा था। अब तक विकास गैंग के 5 लोग एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। विकास की तलाश में यूपी के अलावा दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान पुलिस अलर्ट है। विकास मंगलवार को फरीदाबाद के एक होटल में देखा गया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।

चौबेपुर थाने के एसओ और दरोगा गिरफ्तार
जिस थाने में बिकरू गांव आता है, उस चौबेपुर थाने के एसओ विनय तिवारी और दरोगा केके शर्मा को भी बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कानपुर रेंज के आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि तिवारी और शर्मा 2 जुलाई को बिकरु गांव में मौजूद थे, लेकिन, शूटआउट शुरू होते ही भाग गए थे। एसएसपी दिनेश प्रभु ने बताया कि विनय तिवारी और केके शर्मा ने विकास दुबे को जानकारी दी थी कि पुलिस की रेड पड़ने वाली है।

कानपुर शूटआउट केस में अब तक क्या हुआ?
2 जुलाई:
विकास दुबे को गिरफ्तार करने 3 थानों की पुलिस ने बिकरू गांव में दबिश दी, विकास की गैंग ने 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी।
3 जुलाई: पुलिस ने सुबह 7 बजे विकास के मामा प्रेमप्रकाश पांडे और सहयोगी अतुल दुबे का एनकाउंटर कर दिया। 20-22 नामजद समेत 60 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
5 जुलाई: पुलिस ने विकास के नौकर और खास सहयोगी दयाशंकर उर्फ कल्लू अग्निहोत्री को घेर लिया। पुलिस की गोली लगने से दयाशंकर जख्मी हो गया। उसने खुलासा किया कि विकास ने पहले से प्लानिंग कर पुलिसकर्मियों पर हमला किया था।
6 जुलाई: पुलिस ने अमर की मां क्षमा दुबे और दयाशंकर की पत्नी रेखा समेत 3 को गिरफ्तार किया। शूटआउट की घटना के वक्त पुलिस ने बदमाशों से बचने के लिए क्षमा दुबे का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन क्षमा ने मदद करने की बजाय बदमाशों को पुलिस की लोकेशन बता दी। रेखा भी बदमाशों की मदद कर रही थी।
8 जुलाई: एसटीएफ ने विकास के करीबी अमर दुबे को मार गिराया। प्रभात मिश्रा समेत 10 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
9 जुलाई: प्रभात मिश्रा और बऊआ दुबे एनकाउंटर में मारे गए।

Related posts

डीयू की ऑनलाइन परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर संजय सिंह ने निशंक को लिखा पत्र

News Blast

आज से सत्यापित होंगे आवेदन, टॉप -10 में सबसे अधिक आवेदन वाले कॉलेजों में गुड़गांव के 3 कॉलेज शामिल

News Blast

डॉक्टर ने जहर खाकर सुसाइड किया; पता चलते ही पत्नी ने 2 बेटियों के साथ वाटर टैंक में छलांग लगाई, एक बेटी की जान बची

News Blast

टिप्पणी दें