May 17, 2024 : 11:26 AM
Breaking News
राष्ट्रीय

विकास दुबे के घर से ही नहीं, आस-पास के 5-6 घरों से भी पुलिस टीम पर हुई थी फायरिंग; अब पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है

  • पुलिस गुरुवार रात बिकरु गांव में दबिश देने गई थी, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी
  • विकास को पुलिस की टीम की दबिश के बारे में पहले से जानकारी थी, उसने तैयारी कर रखी थी
रवि श्रीवास्तव

रवि श्रीवास्तव

Jul 03, 2020, 06:16 PM IST

कानपुर. कानपुर देहात का बिकरू गांव अब गांव नहीं, पुलिस छावनी नजर आ रहा है। ये वही गांव है, जहां गुरुवार रात बदमाशों ने दबिश डालने पहुंचे 8 पुलिसवालों की हत्या कर दी। पुलिस टीम का टारगेट कानपुर का हिस्ट्री शीटर विकास दुबे था। पर, दबिश के दौरान विकास के घर से ही नहीं, बल्कि आसपास के 5 घरों से पुलिस की टीम पर फायरिंग की गई। विकास फरार हो गया है और अब उसके घर पर केवल उसके पिता, नौकरानी और नौकरानी के बच्चे हैं। 

घटना के कुछ घंटों बाद जब भास्कर बिकरु गांव पहुंचा तो हर तरफ केवल पुलिसवाले नजर आ रहे थे। मेन सड़क से 200 मीटर दूर गांव के बीच बड़े सा अहाता नजर आया। चारदीवारी और तारों से घिरे अहाते में जो मकान है, वो विकास दुबे का है। उसके घर के आसपास खासमखास रिश्तेदारों के घर हैं और इन्हीं घरों से पुलिस टीम पर गोलियां चलाई गईं।

यह विकास के घर का अहाता है। घटना के बाद पुलिसकर्मियों और मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है।
  • घर में मिली नौकरानी और उसके बच्चे

अहाते से होते हुए जब हम बड़े से घर में घुसे तो लॉबी में एक पंखा टूटा हुआ दिखाई पड़ा। खिड़की के शीशे टूटकर बिखर गए थे। गैलरी से जाने पर एक बड़ा सा आंगन है और इसी के पास किचन है। खटिया पर दो बच्चे बैठे थे, जिनके लिए एक महिला बच्चों के लिए उबले आलू और रोटी ला रही थी। यह महिला विकास की नौकरानी रेखा है। जो अपने बच्चों के खाने का इंतजाम कर रही थी।

विकास की नौकरानी रेखा अपने बच्चों को खाना खिलाते हुए।
  • विकास के पिता को पैरालिसिस है, घर में ही मिले

घर में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि एनकाउंटर के बाद घर में तोड़फोड़ की गई है। रेखा ने बताया कि उसके पति कल्लू को पुलिस पकड़कर ले गई है। विकास के पिता रामकुमार यहीं रहते हैं, वो काफी दिन से बीमार हैं। उन्हें पैरालिसिस है।

हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के घर में टूटे पड़े खिड़की के शीशे व जमीन पर पड़ा पंखा।

रेखा ने बताया कि विकास यहां काफी दिनों से नहीं आया। रात में जब पुलिस घर में आई तो पता चला कि विकास को ढूंढा जा रहा है। रेखा इसलिए परेशान है कि घर में पुलिसवालों ने तोड़फोड़ बहुत की है और अब उसे सबकुछ नए सिरे से संभालना होगा। 8 पुलिसवालों की हत्या के कुछ घंटों बाद ही हमने उसे देखा, पर रेखा के चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखी।

विकास के घर के भीतर बिखरा पड़ा सामान।
  • विकास के मामा के घर में हुई सीओ की हत्या

विकास दुबे के घर के ठीक सामने 200 मीटर पर उसके मामा प्रेम प्रकाश का घर है। इसी घर में डीएसपी देवेंद्र मिश्र को गोली मारी गई। प्रेम प्रकाश को पुलिस ने एनकाउंटर में सुबह सात बजे के करीब मार दिया है। उसका बेटा शशिकांत फरार है। दोनों घरों के बीच सड़क है। इसी रोड पर पुलिस को रोकने के लिए जेसीबी को खड़ा किया गया था। 

यह विकास के मामा प्रेम प्रकाश का घर है। यहीं डीएसपी देवेंद्र को गोली मारी गई।
  • विकास के मामा का एनकाउंटर हुआ, पर घरवालों को ये पता नहीं

प्रेम प्रकाश के घर में दाखिल होने पर सबसे पहले उनकी पत्नी सुषमा पांडेय दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि बेटा शशिकांत बेगुनाह है। उन्हें अभी भी ये नहीं पता है कि उनका पति एनकाउंटर में मारा जा चुका है। इसी कमरे में शशिकांत की पत्नी मनु भी दिखी, जो रो रही थी। उसका बेटा सो रहा था। हम गैलरी में बढ़े तो आगे बड़ा सा आंगन दिखा। आंगन के एक कोने में बहुत खून दिखाई दिया। पुलिस ने हमें बताया कि देवेंद्र मिश्र को यहीं गोली मारी गई थी।

यह तस्वीर सुमन पांडेय की है। सुमन के पति प्रेम प्रकाश का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। लेकिन सुमन को यह नहीं पता।
  • फैक्ट्री में काम करता था विकास का ममेरा भाई

मनु ने बताया कि शशिकांत घड़ी डिटर्जेंट फैक्ट्री में काम करते थे। रात में ससुर भी आये थे। वह उसी फैक्ट्री से हाल ही में रिटायर हुए हैं। रात में गोलीबारी हो रही थी, जब 12 बजे आंगन में गए तो एक आदमी दिखाई दिया, जिसकी मौत हो चुकी थी। 2 आदमी बाहर मरे हुए पड़े थे।

यह तस्वीर मनु की है। उसका पति शशिकांत फरार है।
  • गांव में सड़क बनवा रहा था विकास, जेसीबी किराए पर ली थी

मनु ने बताया कि गोलीबारी देख मेरे पति और ससुर भाग गए। हम लोगों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। विकास कई दिनों से यहीं रह रहा था। वह गांव में कोई सड़क बनवा रहा था, जिसके लिए जेसीबी किराए पर मंगाई थी। दूसरी ओर, पुलिसवालों ने हमे बताया कि प्रेमप्रकाश के मकान से भी गोलीबारी हुई। सीओ अंदर गए तो उन्हें भी गोली मार दी गई।  

विकास व उसके मामा के घर के सामने वाली रोड पर जेसीबी खड़ी कर दी गई थी, ताकि पुलिस वालों को दबिश देने में परेशानी हो।

बिकरु से ही थोड़ी दूर पर पुलिस ने सुबह 7 बजे प्रेम प्रकाश और विकास के भतीजे अतुल को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। 

यह तस्वीर विकास के पिता की है। वे लंबे समय से बीमार हैं। घर पर लेटे हुए मिले।
  • विकास को पहले ही दबिश का पता चल गया था

विकास को पुलिस की दबिश का पता पहले से ही चल गया था। उसने अपने घर और आस-पास के घरों में हमले की तैयारी कर रखी थी। उसके आदमी असलहों के साथ तैयार थे। पुलिस को घेर लिया गया था, जब टीम जेसीबी तक पहुंची तो उस पर चारों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई थी। विकास घर के अलावा अगल-बगल के घरों से भी गोलियां चलाई जा रही थीं। इन घरों में रहने वाले लोग फरार हो गए हैं। 

यह तस्वीर विकास के घर को जाने वाली मुख्य सड़क की है। 
  • गांव के कई युवकों से पूछताछ जारी

पुलिस ने गांव के कई युवकों को पकड़ा है।सब पर आरोप है कि ये विकास के लिए काम करते हैं। कई के मोबाइल जब्त किए गए हैं। कुछ फरार हैं। पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।

मुठभेड़ वाली जगह पर पड़ी बंदूक और खून के धब्बे।
  • कोई विकास के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं

गांव में डर का माहौल बना हुआ है। कोई भी विकास के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं है। विकास के घर से दूर बने घरों में भी लोग अंदर दुबके हुए हैं। कोई भी यह बताने को भी तैयार नहीं है कि रात में आखिर क्या हुआ था। मर्द कम ही नजर आए। कहीं-कहीं कुछ घरों में औरतें दिखाई पड़ीं।

एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार बिकरु गांव पहुंचे थे।
  • विकास का बड़ा बेटा विदेश में पढ़ रहा

विकास की नौकरानी रेखा ने बताया कि विकास की पत्नी और दो बेटे लखनऊ में रहते हैं। लखनऊ का पता मालूम नहीं है। विकास का बड़ा बेटा विदेश से एमबीबीएस कर रहा है जबकि छोटा बेटा लखनऊ में इंटर कर रहा है।

Related posts

कुल 8996 संक्रमित, 384 ने जान गंवाई; शिवराज का दावा- राज्य का रिकवरी रेट बेहतर, देश की तुलना में केवल 2% पॉजिटिव

News Blast

16.5 हजार करोड़ रुपए का है फैंटेसी स्पोर्ट्स मार्केट, 90% हिस्सेदारी आईपीएल की नई स्पॉन्सर ड्रीम-11 के पास

News Blast

अब तक 4.40 लाख केस: 24 घंटे में 13 हजार 548 मरीज बढ़े, यह 5 दिन में सबसे कम; 10 हजार 879 संक्रमित भी ठीक हुए

News Blast

टिप्पणी दें