May 20, 2024 : 9:57 PM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

ट्रम्प के करीबी नौ सांसद चीन पर प्रतिबंध के लिए संसद में बिल लाए, अमेरिका ने चीन को घेरने की कवायद तेज की

  • बिल मंजूर होने पर अमेरिकी प्रशासन अपने यहां चीन की संपत्तियां सील कर सकेगा
  • चीन पर यात्रा प्रतिबंध लगेगा, चीनी नागरिकों का वीजा रद्द होगा
  • चीन की कंपनियां अमेरिकी शेयर बाजार से बाहर होंगी

डेविड ब्रुन्नस्ट्रॉम/ एलेक्जेंड्रा

May 14, 2020, 06:49 AM IST

वॉशिंगटन.  चीन पर प्रतिबंध लगाने के लिए अमेरिका की संसद में बिल पेश किया गया है। यह बिल नौ सांसदों के समूह ने पेश किया। इसमें कहा गया है कि अगर चीन कोरोनावायरस फैलने के कारणों की पूरी जानकारी नहीं देता है, इस पर काबू करने में सहयोग नहीं करता है तो अमेरिका के राष्ट्रपति को चीन पर प्रतिबंध लगाने की अनुमति दी जाए।

 राष्ट्रपति 60 दिन में यह प्रमाणित करेंगे कि चीन ने अमेरिका, उसके सहयोगियों या डब्ल्यूएचओ जैसी संयुक्त राष्ट्र से संबंधित संस्थाओं को कोरोना पर पूरी जानकारी नहीं दी। उसने मांसाहार बेचने वाले उन सभी बाजारों को बंद नहीं किया, जिनसे जानवरों से इंसानों में संक्रमण फैलने का खतरा था। यह बिल सांसद लिंडसे ग्राहम ने तैयार किया है। आठ अन्य सांसदों ने इस पर उनका साथ दिया।
चीन ने जांच की मंजूरी देने से इनकार किया: ग्राहम
ये सभी नौ सांसद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीबी माने जाते हैं। ग्राहम ने कहा कि चीन ने जांच की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में यह बिल लाना जरूरी था। अगर चीन पर दबाव नहीं बनाया गया, तो वह जांच में कभी सहयोग नहीं करेगा। बिल में यह भी कहा गया है कि चीन हांगकांग के लोकतंत्र समर्थकों को महामारी के दौरान जेल से रिहा करे।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोले- 20 साल में चीन से 5 महामारी आईं
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ ब्रायन ने भी मीडिया से कहा कि 20 साल में चीन से 5 महामारी आईं। इसे किसी को तो किसी छोर पर रोकना होगा। दुनिया चीन की सरकार से कहे कि हम उसके यहां से निकल रही महामारियों को सहन नहीं करेंगे, फिर चाहे ये पशु बाजारों से निकल रही हों या प्रयोगशालाओं से।

कोरोना वुहान से निकला है, हमारे पास सबूत हैं: ब्रायन

ब्रायन ने कहा कि हमें पता है कि यह कोरोना वुहान से निकला है। हमारे पास सबूत हैं। हालांकि, ब्रायन ने सार्स, एवियन फ्लू, स्वाइन फ्लू, कोरोना के नाम ही गिनाए। 5वीं बीमारी का नाम नहीं बताया। बता दें कि अमेरिका में अब तक 14,17,398 मामले आए हैं। 83,980 मौतें हुई हैं।

हमारे खिलाफ बिल अनैतिकः चीन
चीन ने अपने खिलाफ अमेरिकी संसद में आए बिल का विरोध किया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा है कि यह बिल पूरी तरह अनैतिक है। हमने कोरोनावायरस महामारी की शुरुआत से ही जानकारी देने में पारदर्शिता रखी। इसके पहले झाओ ने कहा था कि चीन और अमेरिका को व्यापार सौदे को लागू करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

Related posts

बीते साल पुतिन की कमाई में 11 लाख रु. से ज्यादा का इजाफा हुआ, अब उनकी सालाना आमदनी 1 करोड़ के करीब

News Blast

स्पेस टूरिज्म की नई राह:वर्जिन गैलेक्टिक की पहली स्पेस ट्रिप, अरबपति ब्रैन्सन आज छुएंगे अंतरिक्ष, 6 यात्रियों में एक भारत की बेटी भी

News Blast

शिकागो ऑटो शो में दिखी इनोवेटिव कारें:लाइट चली जाए तो घर को 3 दिन तक रोशन रखेगी इलेक्ट्रिक कार, घरेलू उपकरण भी चला सकेंगे, सिंगल चार्जिंग में 610 किमी तक रेंज

News Blast

टिप्पणी दें