May 17, 2024 : 4:05 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

सरकार ने कोरोना के इलाज के लिए डेक्सामेथासोन दवा को मंजूरी दी, दिल्ली में आज से सेरोलॉजिकल सर्वे शुरू; देश में अब तक 5.10 लाख केस

  • देश में कोरोना से अब तक 15 हजार 689 संक्रमितों की मौत, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7106 की जान गई
  • शुक्रवार को महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड 5024 पॉजिटिव मिले, यहां अब डेढ़ लाख से ज्यादा मरीज

दैनिक भास्कर

Jun 27, 2020, 03:57 PM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 10 हजार 692 हो गई। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। उधर, सरकार ने डेक्सामेथासोन दवा को कोरोना के इलाज में इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी है। इस दवा का इस्तेमाल सूजन को कम करने के लिए किया जाता है। जिन मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत होगी, उन्हें यह दवा दी जाएगी। डेक्सामेथासोन का इस्तेमाल मेथाइलप्रेडनिसलोन के विकल्प के तौर पर किया जाएगा। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने डेक्सामेथासोन के प्रोडक्शन को बढ़ाने के लिए कहा है। कुछ दिन पहले ब्रिटिश क्लीनिकल ट्रायल में पाया गया था कि इस दवा में कोरोना के मरीजों की जान बचाने की क्षमता है।

उधर, दिल्ली में शनिवार को कोरोना के खिलाफ सेरोलॉजिकल सर्वे शुरू किया गया। इसके तहत, 20 हजार सैंपल लिए जाएंगे। सेरोलॉजिकल एक एंटीबॉडी टेस्ट है। इससे यह पता चलता है कि वायरस कितना फैला हुआ है। इसके तहत उन लोगों का सैंपल इकट्ठे किए जाएंगे, जो पहले से कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं या जो बिना लक्षण वाले मरीज हैं।

केजरीवाल ने कहा- कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केंद्र ने हमें हाथ पकड़कर चलना सिखाया

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली में कोरोना के हालात पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में इस वक्त 13500 बेड हैं, जिसमें से 6500 अधिग्रहीत किए गए हैं। दिल्ली सरकार रोज 20 हजार टेस्ट भी करवा रही है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केंद्र ने हमें हाथ पकड़कर चलना सिखाया।’ दिल्ली में मामले बढ़ने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने कमान संभाली और कई बैठकें कर फैसले किए। संक्रमण के मामले में दिल्ली देश में दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई मार्च के महीने में शुरू हुई थी। मार्च के महीने में सबसे संक्रमित देशों से करीब 35 हजार भारतीय दिल्ली लौटे। ये लोग जो घर गए, उस वक्त ज्यादा जागरूकता नहीं थी, टेस्टिंग किट भी नहीं थी तो एक से दूसरे और दूसरे से तीसरे को फैलता गया। उस समय टेस्टिंग लैब भी नहीं थे। फिर लॉकडाउन हुआ। इसलिए कोरोना थोड़ा कम फैला।

देश में कोरोना के मामले 5 लाख पार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18 हजार 552 मामले सामने आए। 384 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या 5 लाख 8 हजार 953 हो गई। इनमें 1 लाख 97 हजार 387 सक्रिय मामले हैं। 2 लाख 95 हजार 881 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 15 हजार 685 लोगों की मौत हो चुकी है।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 2 लाख 20 हजार 479 टेस्ट किए गए। वहीं, 26 जून तक देश में 79 लाख 96 हजार707 लोगों के टेस्ट किए जा चुके हैं। 

कोरोना अपडेट्स 

  • गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, ”पूरे राज्य में संक्रमित मिल रहे हैं। इसलिए हम कह सकते है कि यहां कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन होने लगा है। हमें इस सच्चाई को स्वीकार करना होगा।”
  • बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स (बीएसएफ) में पिछले 24 दिनों में 43 पॉजिटिव केस मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 911 हो गई है। अब तक 633 पर्सनल स्वस्थ हो चुके हैं।

जून में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या, बीमार लोगों से ज्यादा बढ़ी 
अनलॉक-1 यानी जून के महीने में 3 लाख से ज्यादा मरीज बढ़ गए। एक जून को 1 लाख 98 हजार 371 मरीज थे। यानी जून के 26 दिनों में 3 लाख 11 हजार 095 मरीज बढ़ गए और संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख से ज्यादा हो गया। अच्छी खबर यह है कि भारत में रिकवरी रेट भी तेजी से बढ़ा है। इस दौरान रिकवरी रेट में भी 16% की बढ़ोतरी हुई और यह अब 58.26% पर पहुंच गया है।  
अनलॉक-1 में सबसे ज्यादा मरीज ठीक हुए। यानी एक्टिव और स्वस्थ हुए मरीज के बीच में गैप बढ़ा है। इसे ऐसे समझें- एक जून को जब अनलॉक-1 शुरू हुआ था तब एक्टिव केस 97 हजार 008 थे, तो रिकवर केस की संख्या 95 हजार 744 थी। उस वक्त 1264 एक्टिव केस ज्यादा थे। 9 जून के बाद रिकवर केस एक्टिव केस से ज्यादा होते गए। 26 जून को एक्टिव केस 1 लाख 97 हजार 784 और रिकवर केस 2 लाख 95 हजार 917 हो गए। दोनों के बीच 98 हजार 133 का अंतर हो गया।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: भोपाल में शनिवार को 40 कोरोना मरीज मिले। इसके साथ राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2688 हो गई है। हालांकि, इनमें से 2011 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। राजधानी में अब तक संक्रमण से 94 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, सागर जिले में भी 10 कोरोना संक्रमित मिले। छिंदवाड़ा जिले के परासिया और पांढुर्णा तहसील में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिले।

यह फोटो भोपाल स्थित राजभवन की है। यहां पर शुक्रवार को 5 मरीज मिले। यहां रहने वाले कर्मचारियों को बस से क्वारैटाइन सेंटर ले जाया गया। राजभवन के अब तक 37 कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं।

महाराष्ट्र: बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने बताया कि एक जुलाई से अस्पतालों को कोरोना बीमारी से जुड़ी मौतों की जानकारी गूगल फॉर्म के जरिए देनी होगी। दरअसल, यह रियल टाइम अपडेट के लिए ऐसा किया जा रहा है। कई बार अस्पताल जानकारी देने में देरी करते थे। उधर, राज्य में शुक्रवार को 5024 संक्रमित मिले थे और 175 लोगों की मौत हो गई थी।

यह फोटो मुंबई के काजुपाड़ा की है। यहां के कंटेनमेंट जोन के रहवासियों का लगातार चेकअप किया जा रहा है।

उत्तरप्रदेश: यहां शुक्रवार को 750 नए मरीज सामने आए और 19 की जान गई। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 136, गाजियाबाद में 89 और लखनऊ में 52 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 20 हजार 943 हो गई, इनमें से 6730 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 630 लोगों की मौत हुई है।

राजस्थान: राजस्थान में शनिवार को कोरोना के 127 पॉजिटिव सामने आए। अलवर में 38, धौलपुर में 30, जयपुर में 13, कोटा में 12, सीकर में 10, अजमेर में 5, उदयपुर में 4, बीकानेर और झुंझुनू में 3-3, दौसा, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, नागौर और सवाई माधोपुर में 1-1 संक्रमित मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 16787 पहुंच गया। वहीं, 9 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें जयपुर और जोधपुर में 3-3, अजमेर, पाली और राज्य में बाहर से आए एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है।

यह तस्वीर जयपुर की है। यहां लोगों को कोरोना के बारे में जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

बिहार: राज्य में शनिवार दोपहर तक 180 नए मरीज मिले। इसके साथ कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8858 हो गई है। वहीं, पटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य में शुक्रवार को 190 संक्रमित मिले थे और एक मरीज ने दम तोड़ दिया था। कोरोना से अब तक 57 लोग जान गंवा चुके हैं।

Related posts

बीएसई 249 अंक और निफ्टी 58 पॉइंट ऊपर खुला, मंगलवार को अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 131 अंक ऊपर बंद हुआ था

News Blast

डीएम के नोटिस पर प्रियंका का पलटवार- आगरा में 48 घंटे में 28 मौतों पर मुख्यमंत्री योगी 48 घंटे में जनता को जवाब दें

News Blast

नेवल एयर स्टेशन आईएनएस परुंदु बेस के 30 से ज्यादा कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव; देश में अब तक 4.72 लाख केस

News Blast

टिप्पणी दें