May 16, 2024 : 6:43 PM
Breaking News
Uncategorized

सूर्य ग्रहण के चलते मठ-मंदिर बंद; 7 किमी लंबे घाटों पर पुलिस का पहरा, घरों में रहकर लोगों ने योगाभ्यास किया

  • जिले में कोरोनावायरस का कहर जारी, 4 नए संक्रमित केस मिले
  • जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 318 पहुंची, युवक ने दम तोड़ा

दैनिक भास्कर

Jun 21, 2020, 12:31 PM IST

वाराणसी. वाराणसी में रविवार को सूर्यग्रहण के चलते काशी विश्वनाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों के कपाट बंद हैं। 7 किमी लंबे घाटों पर भी श्रद्धालुओं के जाने की मनाही है। घाट पर सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इधर, जिले में कोरोनावायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शनिवार रात आई रिपोर्ट में चार नए संक्रमित मिले। वहीं, एक शख्स की मौत हो गई। यहां अब तक 318 संक्रमित मिल चुके हैं। राहत की बात है कि 226 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। अब तक 12 लोगों की जान गई है।  

राजस्थान में प्राईवेट काम करता था मृतक
थाना चोलापुर के विदुरपुर निवासी एक युवक की शनिवार को मौत हो गई। वह राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करता था। 14 जनवरी को वह राजस्थान में हादसे का शिकार हुआ था। इसके बाद उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। 2 फरवरी को वाराणसी आ गया। 16 जून को तबीयत खराब होने पर उसे बीएचयू के ट्रामा सेंटर में एडमिट किया गया। बीते शुक्रवार को सैम्पल लिया गया। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि शनिवार को सेप्टिसेमिक शाक से उसकी मौत हो गई। आज परिवार वालों का सैंपल लिया जाएगा। 

काशी के घाट पर सुरक्षाकर्मी मुस्तैद।

वैज्ञानिक कोरोना संक्रमित निकला
शिवपुर अशोकपुरम काॅलोनी 38 वर्षीय निवासी एक वैज्ञानिक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित डीआरडीओ दिल्ली में साइंटिस्ट के पद पर तैनात है। 17 जून को नई दिल्ली से कार से वाराणासी आए थे। आने से पहले उन्होंने दिल्ली में सैंपल दिया था। रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उनके परिवार का भी सैम्पल लिया जाएगा। इलाके को सील कर दिया गया है। जिले में अभी भी 70 हॉटस्पॉट हैं। 10 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ गए हैं। 

योग दिवस और सूर्य ग्रहण पर घाटों में पहरा
आज योग दिवस है। सुबह लोगों ने घरों में रहकर योगाभ्यास किया है। डीएबी पीजी काॅलेज के मैदान में बीएस एकेडमी के तत्वावधान में विश्व योग दिवस पर लोगों ने योग किया। जिसमें पंकज यादव ने योग के जरिए सबको निरोग रहने और कोरोना से डटकर मुकाबला करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, आज सूर्य ग्रहण है। मान्यता है कि, सूर्य ग्रहण के बाद गंगा नदी में स्नान करने से पुण्य मिलता है। लेकिन, इस बार घाटों पर सन्नाटा पसरा है। अस्सी घाट, दशाश्मेध घाट, तुलसी घाट, दरभंगा घाट, राजेन्द्र प्रसाद घाट, मानमंदिर घाट, भदैनी, राजघाट समेत तमाम घाटों पर पुलिस का पहरा है। किसी को भी घाट पर जाने की अनुमति नहीं है।

डीएबी कॉलेज में योगाभ्यास करते लोग।

टिप्पणी दें