April 26, 2024 : 5:36 AM
Breaking News
लाइफस्टाइल

कुछ लोगों के लिए बड़े बदलाव वाले हो सकते हैं महीने के आखिरी 7 दिन

  • इस हफ्ते 6 राशि वालों को मिल सकता है जॉब और बिजनेस में फायदा

दैनिक भास्कर

May 24, 2020, 07:50 PM IST

मई के आखिरी 7 दिन कई लोगों के लिए खास हो सकते हैं। इन दिनों में बड़े बदलाव होने की संभावना है। काशी के ज्योतिषाचार्य पं. गणेश मिश्रा के अनुसार इस हफ्ते सूर्य और शुक्र वृष राशि में रहेंगे। गुरु और शनि मकर राशि में होंगे। मंगल कुंभ राशि में रहेगा। इन दिनों में चंद्रमा मिथुन से कन्या राशि में जाएगा। ग्रहों की ये स्थिति अचानक बड़े बदलाव लाने वाली हो सकती है। इन ग्रहों के कारण कई लोगों का स्थान परिवर्तन हो सकता है। सितारों की ये स्थिति 6 राशि वालों के लिए महत्वपूर्ण रहेगी। इन ग्रहों के प्रभाव से कई लोगों को जॉब और बिजनेस में फायदा भी हो सकता है।

12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा ये हफ्ता

मेष  – ये सात दिन आर्थिक फायदे वाले रहेंगे। अधिकारियों से संबंधों में मजबूती आ सकती है। आप गंभीर रहेंगे तो इस सप्ताह आपको करियर में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं। आप जितने व्यावहारिक रहेंगे, उतने सफल भी होंगे। कॉन्फिडेंस से बात करें। आसपास के लोगों से समर्थन और सहायता मिल सकती है। बिजनेस में फायदा होने के योग बन रहे हैं। दोस्तों और रिश्तेदारों का महत्व आपके लिए ज्यादा होता जाएगा। अचानक यात्राओं का योग बनेगा। नए लोगों से मुलाकात हो सकती है। रुका पैसा वापस मिलने की संभावना है। राजनीति वाले लोगों के लिए समय शुभ रहेगा। सप्ताह के बीच का समय सावधानी से निकाल लें। 

लव- पार्टनर आपसे कुछ खास चीज एक्सपेक्ट कर रहा है। पार्टनर की इच्छा पूरी करेंगे तो संबंध में मजबूती आ सकती है।

करियर- मेष राशि के स्टूडेंट्स दौड़-धूप से परेशान हो सकते हैं। कुछ कागजी कामों में भी आप उलझ सकते हैं। इन दिनों में अपने सोशल कॉन्टैक्ट और मजबूत बनाने की कोशिश करें। इससे आपको धन लाभ हो सकता है।

हेल्थ- मुंह और दांतों के पुराने रोगों से आप परेशान हो सकते हैं।

वृष – आसपास के कुछ लोगों की मदद से आपको तरक्की में सहयोग मिल सकता है। इन दिनों में कुछ खास काम करने की इच्छा भी तेज हो सकती है। ऑफिस में आप पर थोड़ा दबाव हो सकता है। बड़े लोगों और अधिकारियों के साथ बातचीत में आप थोड़ी सावधानी रखें। बिना तैयारी के बात करेंगे, तो आप उलझ सकते हैं। इन दिनों में आपको निजी मामलों में सफलता मिलने के योग हैं। अविवाहित लोगों को विवाह प्रस्ताव मिल सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सफलता और पैतृक व्यवसाय में फायदा हो सकता है। कुछ अनचाहे फैसले भी लेने पड़ सकते हैं। जरूरी दस्तावेजों संबंधी परेशानी हो सकती है। संभलकर रहना होगा। स्थितियों को सकारात्मक नजरिए से देखकर आगे बढ़ने की कोशिश करें। 

लव- आपकी लव लाइफ के लिए ये सप्ताह अच्छा कहा जा सकता है। पार्टनर से सहयोग मिल सकता है। सप्ताह के कुछ दिन प्रेम और सुख से बीतेंगे।

करियर- इस राशि के स्टूडेंट्स सावधान रहें। महत्वपूर्ण दस्तावेज या कागज गुम होने के योग बन रहे हैं। लेखन संबंधित मामलों में सावधान रहें। 

हेल्थ – पेट के रोग और बदन दर्द हो सकता है। सावधान रहें।

मिथुन – इस सप्ताह आप नई सोच और नई तकनीक से करियर में आगे बढ़ सकते हैं। संचार से जुड़े उपकरण की खरीददारी करने का मन बना सकते हैं। विज्ञान और तकनीक से जुड़े कामों में सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। आपके मन में जो नया विचार चल रहा है, इस सप्ताह उस पर काम हो सकता है। कारोबार और नौकरी में अच्छी स्थितियां बन सकती हैं। सप्ताह की शुरुआत में बाहरी स्थानों से कोई अच्छी खबर मिलने के योग हैं। खर्चे बढ़ सकते हैं। आप सही दिशा में कदम आगे बढ़ाने की कोशिश में सफल हो सकते हैं। अच्छी तरह सोचकर और प्लानिंग से आगे बढ़ने से आपके काम पूरे हो सकते हैं। कारोबार या नौकरी से जुड़ा कोई बड़ा फैसला करने से पहले किसी अनुभवी की सलाह लें। इन दिनों में आपकी तारीफ हो सकती है। 

लव-  इन दिनों में अपने पार्टनर से राय लें। इसका फायदा भी आपको मिलेगा। प्रेमी या पार्टनर को लेकर लापरवाह न रहें।

करियर- स्टूडेंट्स अपनी सेहत का ध्यान रखें। सक्सेस के लिए शॉर्टकट न लें। कार्यक्षेत्र में सोच-समझकर लिए गए फैसलों से बड़ा फायदा हो सकता है।

हेल्थ-  मिथुन राशि वालों को खराब पानी से रोग हो सकते हैं। किसी तरह के इन्फेक्शन या एलर्जी से परेशानी हो सकती है।

कर्क – इस सप्ताह आपको ऐसे मौके मिल सकते हैं, जिनमें आप अपनी प्रतिभा सबके सामने दिखा सकेंगे। बड़े और अनुभवी लोगों से आपकी बातचीत सफल हो सकती है। इन दिनों में धन लाभ और फायदे के योग बन रहे हैं। अपनी आदतों और लालच पर नियंत्रण रखें। आपका वजन बढ़ सकता है और आपको अपने खानपान पर भी पूरा नियंत्रण रखना होगा। निजी संबंधों में भी परेशानियां आ सकती हैं। कुछ खास कामों को लेकर टेंशन बढ़ सकता है।ऑफिस में कुछ झंझट हो सकती है। विभिन्न स्थितियों में कई जिम्मेदारियां एक साथ निभानी पड़ सकती हैं। किसी पुराने व्यक्ति से भी मुलाकात होने के योग बन रहे हैं। यात्रा करने से बचें। मानसिक रूप से शांत रहने की कोशिश करें। 

लव- इन दिनों में पार्टनर के सामने संयम से रहें। गुस्से में कुछ भी कहने से बचें। संबंध बिगड़ सकते हैं। 

करियर- स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा है। पढ़ाई में मन लगेगा। कोई नया फैसला भी ले सकते हैं।

हेल्थ- सेहत में गिरावट महसूस करेंगे। नींद की कमी और थकान हो सकती है।

सिंह – इस सप्ताह आपके कामकाज की भी तारीफ हो सकती है। सभी को साथ लेकर कोई बड़ा काम करने में सफलता मिल सकती है। डॉक्टर, वकीलों और शासकीय कर्मचारियों के लिए समय अच्छा कहा जा सकता है। धैर्य और लगातार कोशिश करने से आप सफल हो सकते हैं। चतुराई और कौशल से आपको सफलता मिल सकती है। अधूरे काम निपटने की भी संभावना है। साझेदारी संबंधी महत्वपूर्ण फैसले आप ले सकते हैं। इस सप्ताह जीवनसाथी की सेहत पर ग्रहों का बुरा असर हो सकता है। आप कुछ खास मामलों में फैसला नहीं ले पाएं। वैवाहिक जीवन में थोड़ी खटास आ सकती है। इन दिनों में आपके खर्चे बढ़ भी सकते हैं।  

लव – लाइफ पार्टनर की सेहत में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें। पार्टनर को आपकी जरूरत है।

करियर- मेडिकल और कानूनी पढ़ाई करने वालों के लिए ये सात दिन अच्छे हो सकते हैं। इन दिनों में बड़ा फैसला तो लेना पड़ेगा, लेकिन आप समय पर काम न कर पाने से परेशान भी हो सकते हैं। 

हेल्थ- लगातार काम करने के कारण शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से थकावट हो सकती है। पुराना दर्द भी बढ़ने की संभावना है।

कन्या – कन्या राशि वालों को इस हफ्ते ऑफिस में खींचतान और मेहनत तो रहेगी, लेकिन फायदा भी हो सकता है। धन लाभ के योग भी बन रहे हैं। मान-सम्मान बढ़ेगा। सेविंग और इनकम में भी बढ़त हो सकती है। शेयर बाजार से जुड़े मामलों में सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। बिजनेस करने वाले लोगों के लिए समय अच्छा कहा जा सकता है। कुछ ज्यादा मेहनत भी करनी पड़ सकती है। इससे आपकी उन्नति के योग हैं। इस सप्ताह किस्मत का भी साथ मिल सकता है। सफलता के लिए आप बहुत बेचैन हो सकते हैं। इन दिनों में आपको मिलने वाली सूचनाएं बहुत खास भी हो सकती हैं। काम का बोझ बढ़ सकता है। जिस सकारात्मक बदलाव का इंतजार आपको है, वह इन दिनों में हो सकता है। पेट संबंधित परेशानियां हो सकती हैं। 

लव- लव लाइफ के मामले में समय अच्छा कहा जा सकता है। पार्टनर खुश रहेगा। संबंधों में सुधार हो सकता है।

करियर- स्टूडेंट्स के लिए दिन अच्छे रहेंगे। पुरानी परेशानियां खत्म होने के योग हैं। शेयर बाजार से जुड़े मामले आपके फेवर में हो सकते हैं। रुका हुआ पैसा मिलने के योग बन रहे हैं।
हेल्थ- पेट के रोग हो सकते हैं। भोजन संबंधित सावधानियां रखें।

तुला – नई योजनाओं में निवेश के लिए समय ठीक नहीं कहा जा सकता। सप्ताह के कुछ दिन आपके लिए हेक्टिक हो सकते हैं। परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। जैसे-जैसे दिन बीतेंगे, वैसे-वैसे अच्छा समय आ सकता है। भविष्य के लिए योजना बना लें और हर संभव मौके पर किस्मत को आजमाने की कोशिश करें। किसी खास काम के लिए आपको अच्छा ऑफर मिल सकता है। कोई ऐसा काम मिल सकता है, जो आम लोगों से जुड़ा हुआ हो। इन दिनों में जोखिम लेने से बचना होगा। संतान के मामले में ये दिन थोड़े प्रतिकूल भी हो सकते हैं। अचानक धन लाभ के योग बन रहे हैं। बिजनेस में कुछ अच्छे मौके आपको मिल सकते हैं, लेकिन फैसले करने में आप असहजता भी हो सकते हैं।  

लव- पार्टनर से प्रेम संबंधों में मजबूती बनेगी। लव लाइफ के लिए समय अच्छा कहा जा सकता है।

करियर- तुला राशि वाले स्टूडेंट्स को परीक्षा में सफलता मिलने के योग हैं। निवेश से संबंधित नई योजनाओं पर काम करने से बचें। रोजमर्रा के कामों में धन लाभ के योग बन रहे हैं।

हेल्थ- सेहत के मामले में समय ठीक नहीं कहा जा सकता। मुंह और दांतों के रोग हो सकते हैं। सावधान रहें। पुराना रोग भी परेशान कर सकता है। 

वृश्चिक – इस सप्ताह आपके सामने बहुत सी अच्छी स्थितियां बन सकती हैं। कुछ खास फैसले बिना दिमाग लगाए और आसानी से भी हो सकते हैं। कोई राज की बात इन दिनों में आपको पता चल सकती है। आप अपने लक्ष्यों को लेकर समर्पित रहेंगे। इस सप्ताह कोई खास काम अचानक शुरू हो सकता है और उसका फायदा भी आपको मिलेगा।पुरानी बातें आपके दिल- दिमाग में चल सकती है। इन दिनों में परेशानी कम हो सकती है। आपका समय अच्छा कहा जा सकता है। परेशानियों से निपटने में पार्टनर की मदद मिल सकती है। रोजमर्रा के काम रुक-रुक कर ही सही, लेकिन पूरे होने की संभावना है। इन दिनों में धन हानि भी हो सकती है, सावधान रहें। माता के लिए समय थोड़ा प्रतिकूल हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को तरक्की मिल सकती है। ठेकेदारों और बिजनेस करने वाले लोगों के लिए सप्ताह के ज्यादातर दिन शुभ कहे जा सकते हैं। 

लव- पार्टनर से चल रहा पुराना विवाद इन दिनों में खत्म हो सकता है। नए फैसले भी आप ले सकते हैं।

करियर- ठेकेदारी और कॉमर्स के स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा साबित होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति के योग हैं। दुश्मनों से सावधान रहें।

हेल्थ- वृश्चिक राशि वाले लोग मौसमी रोग से परेशान हो सकते हैं। पानी की कमी भी हो सकती है।

धनु – धनु राशि वालों के लिए ये 7 दिन मिले-जुले हो सकते हैं। आपकी कुछ योजनाएं धीमी गति से भी पूरी होंगी। इन दिनों में यात्रा करने से बचना चाहिए। इस सप्ताह आप अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तैयार रहेंगे। सप्ताह के बीच में कुछ नया सामान खरीदने का मन बनेगा। कम्प्यूटर, फोन या कोई व्हीकल पुराना या नया, आप खरीदने का मन बना सकते हैं। इन दिनों में आराम करने की इच्छा ज्यादा रहेगी। बॉस के साथ चल रही बातचीत में आपको सफलता मिल सकती है। दोस्तों से फायदा होगा। नई ऊर्जा का संचार होगा। लेखकों, बुद्धिजीवियों, कवि और प्रोफेसरों के लिए समय अच्छा है। सप्ताह के बीच में आपको रोजमर्रा के कामों से जुड़ा कोई अच्छा ऑफर आपको मिल सकता है। 

लव- इन दिनों में लव लाइफ पर सितारों का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। प्यार और तकरार दोनों हो सकती हैं।

करियर- स्टूडेंट्स को इंटरव्यू को लेकर थोड़ा टेंशन हो सकता है। आप भी परेशान हो सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों को किस्मत का साथ मिल सकता है। करियर के लिए सप्ताह के 1-2 दिन नकारात्मक हो सकते हैं।

हेल्थ- आपके रूटीन में बदलाव हो सकता है। सुस्ती दूर होगी। ताजगी भी महसूस होगी और काम करने की नई ऊर्जा भी मिलेगी। 

मकर – बिजनेस करने वाले लोगों को आगे बढ़ने के कुछ अच्छे मौके मिल सकते हैं। इन दिनों में अचानक धन लाभ के योग बन रहे हैं। बातचीत की चतुराई से आपको फायदा मिलेगा। समय में बदलाव भी महसूस होगा। इस सप्ताह आपकी महत्वाकांक्षाएं तेज हो सकती हैं। कम समय में बड़े और महत्वपूर्ण काम पूरा करने की कोशिश करेंगे। कम मेहनत में ज्यादा पैसा कमाने का भी मन बनेगा। इस हफ्ते आपको अचानक फायदा हो सकता है। कानूनी मामलों में आपको किस्मत का साथ मिलेगा। नौकरी या कारोबार में किसी उलझी हुई समस्या का समाधान निकालने में आप सफल हो सकते हैं। निवेश के लिए समय अच्छा रहेगा। माता की सेहत में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। शेयर बाजार से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा साबित हो सकता है।  

लव- इन दिनों में लव लाइफ की उलझनें दूर करने की कोशिश कर सकते हैं। पार्टनर से प्यार और सहयोग भी मिल सकता है। 

करियर- स्टूडेंट्स पढ़ाई में उलझ सकते हैं। कुछ लोग दोस्तों के साथ ज्यादा समय बिताएंगे। करियर के मामले में मकर राशि वालों के लिए समय अच्छा कहा जा सकता है। कोई बड़ा फायदा भी मिल सकता है।

हेल्थ- दौड़-धूप करने से थकान महसूस होगी। सावधान रहें। खान-पान पर ध्यान दें।

कुंभ – सेहत के लिए इन दिनों की शुरुआत थोड़ी जटिलता वाली हो सकती है। जोखिम न लें। आर्थिक हानि के योग बन रहे हैं। ऑफिस या फील्ड में किसी से अनबन भी हो सकती है। नौकरी में आप अपने काम से काम रखें। कोई बड़ा उलटफेर भी हो सकता है। इन दिनों में दुश्मन भी आपको परेशान कर सकते हैं। मैनेजमेंट वाले कामों में और कुछ व्यावहारिक मामलों में सफल रहेंगे। ऑफिस के विवाद सुलझाने में या समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे तो फायदे में रहेंगे। सप्ताह के बीच में चंद्रमा की स्थिति से बिजनेस या अन्य तरीकों से रुका हुआ पैसा मिलने के योग बन रहे हैं। दोस्तों से मदद मिल सकती है। पुरानी योजना पर सफलता से काम हो सकता है। रोजमर्रा के कामकाज से भी फायदा हो सकता है। तकनीकी और संचार क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए ये हफ्ता अच्छा रहेगा।

लव- लव लाइफ के मामलों में सावधान रहें। प्रेमी या लाइफ पार्टनर से कोई भी वादा भावनाओं में आकर न करें। 

करियर- टेक्निकल फील्ड से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा कहा जा सकता है। मेडिकल और कॉमर्स वाले स्टूडेंट्स थोड़े परेशान हो सकते हैं। अचानक हानि के भी योग बन रहे हैं। बच कर रहें।

हेल्थ- मानसिक परेशानियां, तनाव और चिंता से नींद की कमी हो सकती है।

मीन – ऑफिस और फील्ड में अच्छे परफॉर्मेंस की कोशिश करें। आपको रुका हुआ पैसा मिल सकता है। बातचीत, भाषण कला में सफलता मिलेगी। संतान, शिक्षा, राजनीति, यात्रा, जमीन-जायदाद के मामलों से जुड़ा कोई नया काम इस सप्ताह आप कर सकते हैं। इसमें आपको सफलता मिलेगी। बदलते मौसम से आपको त्वचा या गले संबंधी परेशानी होने के योग बन रहे हैं। सावधान रहें। वैवाहिक जीवन में परेशानी आ सकती है। कुछ मामलों में पार्टनर से बहस होने की संभावना है। मतभेद भी हो सकते हैं। बड़े फैसले लेने से भी बचें। वाणी पर संयम रखें। 

लव- इन दिनों में पार्टनर आपकी किसी पुरानी बात पर रूठ सकता है। रूठना-मनाना भी चलता रहेगा, लेकिन संबंध अच्छे हो जाएंगे। 

करियर- स्टूडेंट्स को सीनियर्स की मदद मिलेगी। धन हानि के भी योग बन रहे  हैं। बिजनेस से जुड़े बड़े फैसले इन दिनों में न लें तो ही अच्छा है।

हेल्थ- ये सप्ताह सेहत के मामले में उतार-चढ़ाव भरा हो सकता है। पुराना रोग भी खत्म हो सकता है।

Related posts

राहत भरी सूचनाएं मिलने, सफलता के लिए अतिरिक्त कोशिशें करने का हो सकता है दिन

News Blast

बच्चों की नाक और गले में कई हफ्तों तक रह सकता है कोरोनावायरस, ऐसे एसिम्प्टोमैटिक मरीजों से आबादी में संक्रमण फैलने का खतरा

News Blast

मुरादाबाद के लोगों ने शराब और बीयर में उड़ाए 400 करोड़ रुपये, चौंकाते हैं यह आंकड़े

News Blast

टिप्पणी दें