- देश में कोरोना संक्रमण से अब तक 8890 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 3717 लोगों की जान गई
- महाराष्ट्र एक लाख संक्रमितों वाला देश का पहला और प. बंगाल 10 हजार मरीजों वाला देश का 8वां राज्य बना
दैनिक भास्कर
Jun 13, 2020, 10:33 AM IST
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3 लाख 9 हजार 606 हो गई है। शुक्रवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 11 हजार 314 मरीज बढ़े और 388 लोगों ने दम तोड़ा। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। उधर, महाराष्ट्र एक लाख कोरोना मरीजों वाला देश का इकलौता राज्य बन गया। यहां 1 लाख 1 हजार 141 मरीज हो गए। शुक्रवार को राज्य में 3493 संक्रमित मिले। इससे पहले,11 जून को 3607 और 10 जून को 3254 संक्रमित मिले थे।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 93 हजार 804 मरीजों का उम्र के हिसाब से एनालिसिस किया है। इसमें सबसे ज्यादा मरीज 31 से 40 साल की उम्र के हैं, जो राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या का 20.10% है। इसी तरह 21 से 30 साल की उम्र के 17890 संक्रमित मिले। वहीं, राज्य में 10 साल की उम्र तक के 3081 बच्चे संक्रमित हुए।
देश में शुक्रवार को 7259 मरीज ठीक हुए, यह 14 दिन बाद दूसरा बड़ा आंकड़ा
उधर, देश में स्वस्थ हो रहे मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। कल 7259 मरीज ठीक हुए। इससे पहले 29 मई को सबसे ज्यादा 11 हजार 736 मरीज ठीक हुए थे। पश्चिम बंगाल 10 हजार मरीजों वाला देश का 8वां राज्य हो गया। तमिलनाडु में मरीजों की संख्या 40 हजार के पार हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11 हजार 458 मामले सामने आए। वहीं, 386 लोगों की मौत हुई। इसके बाद देशभर में मरीजों की कुल संख्या 3 लाख 8 हजार 993 हो गई। इनमें 1 लाख 45 हजार 779 एक्टिव मामले हैं। वहीं, 1 लाख 54 हजार 330 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 8884 लोगों की मौत हो चुकी है।
5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए
तारीख |
केस |
12 जून | 11314 |
11 जून | 11128 |
10 जून | 11156 |
7 जून | 10882 |
9 जून | 9979 |
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: यहां शुक्रवार को 202 नए मामले सामने आए और 9 मरीजों की जान गई। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार 443 हो गया है, इनमें से 2802 एक्टिव केस हैं। अब तक 440 मौतें हो चुकी हैं। सरकार ने भोपाल में सप्ताह में पांच दिन पूरा शहर खोलने का ऐलान किया। यहां शनिवार-रविवार को जरूरी चीजों की दुकानों को छोड़कर शहर पूरी तरह बंद रहेगा।
उत्तरप्रदेश: यहां शुक्रवार को कोरोना के 528 मामले सामने आए और 20 की जान गई। नोएडा में एक दिन में सबसे ज्यादा 95 मरीज सामने आए। सहारनपुर जिले में संक्रमितों की संख्या 270 हो गई है। राज्य में संक्रमितों की संख्या 12 हजार 616 हो गई है, इनमें से 4642 एक्टिव केस हैं। अब तक 365 लोगों की मौत हुई।
महाराष्ट्र: यहां शुक्रवार को कोरोना के 3493 केस मिले और 127 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में 55 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। राकांपा नेता और कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे पॉजिटिव पाए गए। प्रदेश में मरीजों की संख्या 1 लाख 1 हजार 141 हो गई, इनमें से 49 हजार 628 एक्टिव केस हैं। अब तक 3717 की जान गई।
राजस्थान: यहां शुक्रवार को 230 नए मरीज सामने आए और 7 की जान गई। सिरोही में 47, अलवर में 32, जयपुर और जोधपुर में 29-29 मरीज मिले। प्रदेश में अब संक्रमितों की संख्या 12 हजार 68 हो गई है, इनमें से 2785 एक्टिव केस हैं। अब तक 272 लोगों की मौत हुई।
बिहार: यहां शुक्रवार को कोरोना के 148 मामले बढ़े और 1 की मौत हुई। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 6096 हो चुकी है, इनमें से 2745 एक्टिव केस हैं। अब तक 35 की जान गई। बिहार में कुल 325 कंटेनमेंट जोन हैं। वहीं, 34 कंटेनमेंट जोन ग्रीन जोन में बदल दिया गया।