दो दिनों तक बारिश की रंगत में सराबोर मौसम का मिजाज अब सुधरने लगा है। दिन में तेज धूप से तापमान में भी उछाल आ रहा है। लेकिन रात में ठंडक का अहसास अब भी बना हुआ है। रात में उत्तरी ठंडी हवाओं के जोर से बीते 24 घण्टे में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक गिर गया। सोमवार को सुबह से ही सर्द हवाएं चल रही है। जिससे वातावरण में ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि सूरज के तेवर सख्त हो रहे है। तेज धूप ठंडी हवाएं का जोर कम कर रही है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर भी कमजोर पड़ गया है। । सुबह से चल रही सर्द हवाओं के बीच धूप में तीखापन महसूस किया जा रहा है। दोपहर तक वातावरण में गरमाहट का अहसास बढ़ सकता है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री से मामूली रुप से उछल कर 27.4 डिग्री पर पहुंच गया था। सोमवार को सुबह 8:30 बजे तक तापमन 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रहा।
अब घुल रही फाल्गुनी रंगत: बहरहाल मौसम में अब फाल्गुनी रंगत घुलती जा रही है। दिन में हल्की गर्माहट तो रात में ठंडक का मिलाजुला असर महसूस हो रहा है।
फिर बदल सकता है मौसम: मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो गया है। जिससे एक-दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने 22 फरवरी के बाद सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक बार फिर जबलपुर सहित संभाग के जिलों में बादल, बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान के ऊपर बन रहे चक्रवाती समीकरण: क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात से मौसम में बदलाव देखा गया। अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से प्रभावी हो रहा है। राजस्थान के ऊपर चक्रवाती समीकरण बनने से 22 फरवरी के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। कहीं-कहीं बादल छाने और बौछारे पड़ने के आसार है।