दैनिक भास्कर
Jul 07, 2020, 06:59 AM IST
आलोट. नगर से तीन किमी दूर शिप्रा नदी समीप बने पुल के समीप रविवार रात आलोट में पदस्थ आरक्षक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शव पुलिया से नीचे बने गड्ढे में मुंह के बल पड़ा मिला। अंदरुनी चोटों के कारण खून का रिसाव होने से उसकी मौत हुई। 6 दिन पहले ही धारासिंह चौहान (25) निवासी डेलची बुजुर्ग ने आलोट ज्वाइन किया। रविवार रात 11 बजे बड़ाैद फंटे पर बनी चेकपोस्ट पर डयूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे।
रास्ते में शिप्रा नदी पुल के समीप उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और वे पुलिया की रेलिंग से टकराते हुए बाइक सहित सड़क से नीचे उतर गए। एसआई चंदेल व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरक्षक के शव को सरकारी अस्पताल लाए। जहां बीएमओ डॉ. देवेंद्र मौर्य ने पीएम किया।
शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे। माैर्य ने बताया अंदरूनी चोट के खून का रिसाव हुआ और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अशोक निनामा ने कहा कि आरक्षक चेक पोस्ट से काेराेना ड्यूटी कर घर लौट रहा था तभी हादसा हो गया। पीएम कराकर पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।