May 3, 2024 : 12:52 AM
Breaking News
राष्ट्रीय

तमिलनाडु में मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार, 24 घंटे में 4 हजार से ज्यादा केस बढ़े, अब तक 1300 से ज्यादा जानें गईं; देश में अब 6.38 लाख मामले

  • देश में कोरोना से अब तक 18 हजार 225 मौतें हुईं, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 8178 की जान गई
  • देश में गुरुवार को एक दिन 19999 मरीज ठीक हुए, अब 2 लाख 28 हजार 975 एक्टिव केस हैं

दैनिक भास्कर

Jul 03, 2020, 09:16 PM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6 लाख 38 हजार 039 हो गई है। तमिलनाडु में शुक्रवार को 4,329 नए केस सामने आए। इसी के साथ यहां मरीजों की संख्या एक लाख के पार हो गई। अब तक राज्य में 1 लाख 02 हजार 721 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 1,385 लोगों की मौत हो गई है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में सबसे ज्यादा 64,689 लोग संक्रमित हैं। 

रिकवरी रेट 60% के पार
देश में अब तक 3.86 लाख मरीज ठीक भी हो चुके हैं। शुक्रवार को रिकवरी रेट 60% के पार हो गया। अब तक देश में 60.73% मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 10 दिनों में इसमें 4% का इजाफा हुआ है। 24 जून को रिकवरी रेट 56% था। 

LIVE UPDATES : 

  • भाजपा सांसद और यूपी के मंत्री कोरोना पॉजिटिव : बांग्ला फिल्मों की एक्ट्रेस और पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और उत्तर प्रदेश के ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सांसद चटर्जी ने शुक्रवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ”मेरी कोरोना की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझे पिछले एक हफ्ते से हल्का बुखार था, जिसके कारण मैं सेल्फ आइसोलेशन में थी। मैं अपनी सेहत की जानकारी देती रहूंगी। सब ठीक है।” 

  • पर्यटकों के लिए गोवा खुला : गोवा सरकार ने अपनी सीमाएं घरेलू पर्यटकों के लिए खोल दी हैं। पूरे देश से लोग अब यहां आ सकेंगे। हालांकि, कोरोनावायरस को लेकर कुछ नियम भी बनाएं। यहां आने वाले सभी पर्यटकों की अनिवार्य स्क्रीनिंग होगी। इसके अलावा, स्टेट एंट्री प्वाइंट्स पर स्वाब सैंपल लिए जाएंगे। सरकार ने होटल बुकिंग को लेकर भी नियम बनाए हैं। 

  • 15 अगस्त तक लॉन्च हो सकती है कोरोना की दवा : इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर‌) ने शुक्रवार को बताया कि भारत बायोटेक ने कोविड-19 की दवा बना ली है। इसके क्लीनिकल ट्रायल के लिए आईसीएमआर ने 12 संस्थाओं का चयन किया है। आईसीएमआर का कहना है कि सरकार इसे 15 अगस्त को लॉन्च कर सकती है।
  • 31 जुलाई तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध : अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगा प्रतिबंध सरकार ने 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है। पहले इन पर 15 जुलाई तक रोक लगाई गई थी। डीजीसीए के आदेश के मुताबिक, इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय कार्गो फ्लाइट्स और विशेष उड़ानों पर नहीं पड़ेगा। कोरोनावायरस महामारी के कारण भारत ने 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध लगा रखा है। देश में 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू कर दी गई हैं।

  • मानव संसाधन मंत्रालय ने बताया है कि कोरोना महामारी के चलते मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET और इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम JEE Main को टाल दिया गया है। बता दें कि NEET पहले 26 जुलाई को होना थी, जो अब 13 सितंबर को होगी। वहीं, JEE Main 18 से 23 जुलाई के बीच होना थी, जो अब 1 से 6 सितंबर के बीच आयोजित होगी।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: राज्य मरीज़ों की संख्या बढ़कर 14,240 हो गयी है। इनमें से 10,862 मरीज़ स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं जबकि कुल 586 की मौत हो चुकी है। राजधानी भोपाल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2934 हो गयी है। इनमें से 105 की मौत हो चुकी है और 2366 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया में दो जूनियर डॉक्टर भी पॉजिटिव निकले। इसके पहले गुरुवार को हमीदिया अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट खराब होने से कोरोना के दो मरीज़ों की मौत हो गयी थी। 

महाराष्ट्र: राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्‍या लगातार बढ़ती ही जा रही है। बीते 24 घंटों में यहां कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 6,330 नए मामले सामने आए और 125 लोगों की इस महामारी के कारण मौत हो गई। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अनुसार राज्‍य में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा अब 1,86,626 तक पहुंच चुका है। अब तक 8,178 मरीजों की मौत हो चुकी है और 1,01,172 मरीज स्‍वस्‍थ होकर अस्‍पताल से घर जा चुके हैं। मुंबई के धारावी इलाके में वीरवार को कोरोना संक्रमण के 19 नए मामलो सामने आए और दो संक्रमितों की मौत हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम के अनुसार यहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्‍या 2,301 तक पहुंच चुकी है। जिसमें से 551 मरीज सक्रिय हैं और 84 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।  

उत्तरप्रदेश: योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह के साथ ही बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज के नौ जूनियर डॉक्टर्स, मुरादाबाद में तहसीलदार तथा रामपुर में कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी भी इसकी चपेट में हैं। सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद होम क्वॉरंटाइन हैं। राज्य में अब तक 24,825 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 735 लोगों की मौत हो चुकी है। 

राजस्थान: राज्य में कोरोना संक्रमण से शुक्रवार को 5 लोगों की मौत हो गई, वहीं 123 पॉजिटिव मिले हैं । प्रदेश में अब तक 435 लोगों की मौत होने के साथ ही 18,785 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं एक्टिव केसों की संख्या 3307 है । यहां शुक्रवार को अजमेर 4, अलवर 1, बाड़मेर 2, भीलवाड़ा 1, बीकानेर 8, दौसा 17, हनुमानगढ़ 6, जयपुर 21, झुंझुनू 2, कोटा 20, नागौर 1, राजसमंद 6, सवाईमाधोपुर 1, सीकर 23, टोंक 1, उदयपुर 9 लोग पॉजिटिव पाए गए।

बिहार:  राज्य में शुक्रवार को कोरोना के 231 नए मरीज मिले हैं। संक्रमितों की कुल संख्या 10914 हो गई है। आज कुल 2200 कोविड-19 सैंपल्स की जांच हुई। वहीं, गुरुवार को एक दिन में इस बीमारी के एकसाथ 478 मरीज मिले हैं, जो आजतक का सर्वाधिक आंकड़ा है। 

Related posts

ट्रैक्टर मार्केट में लाठी-डंडों से पीट पीकर युवक की हत्या

News Blast

मोर्चे की बैठकों में नहीं पहुंच रहे बड़े किसान नेता: रोक के बाद भी महापंचायतें जारी, अब खापों को समझाएगी भाजपा

Admin

सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 31 मार्च के बाद बेचे गए बीएस-4 गाड़ियों का पंजीकरण नहीं होगा

News Blast

टिप्पणी दें