फिल्मी जगत में पिछले कई दिनों से एक के बाद एक बुरी खबर सामने आ रही हैं। वहीं अब एक्टर अरुण वर्मा (Arun Verma) को लेकर बड़ी खबर सामने आई हैं। दरअसल, सलमान खान, अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन शेयर चुके अरुण वर्मा का निधन हो गया। इसकी जानकारी कवि उदय दहिया ने फेसबुक अकाउंट पर दी है। उन्होंने लिखा- बड़े दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि मेरे मित्र अभिनेता अरुण वर्मा का आज सुबह भोपाल में निधन हो गया है। भगवान उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। ओम शांति शांति शांति…। खबर है कि अरुण काफी समय से बीमार थे। भोपाल के रहने वाले अरुण वर्मा का पीपल्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। अरुण वर्मा ने अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, सलमान खान और संजय दत्त के अलावा कई बड़े सितारों के साथ काम किया था। अरुण वर्मा ने सलमान खान की फिल्म किक में काम किया था। सलमान खान ही नहीं उन्होंने सनी देओल के साथ फिल्म डकैत में भी काम किया था। अरुण वर्मा को ये ऑफर जावेद अख्तर ने दिया था। इसके बाद वे कई फिल्मों में नजर आए थे। अरुण वर्मा ने नायक, प्रेम गंथ, मुझसे शादी करोगी, हीरोपंती, खलनायक जैसी कई मूवीज में काम किया था। वे लगभग 80 फिल्मों का हिस्सा रहे थे।