April 29, 2024 : 9:41 AM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

ट्रम्प बोले- हिंसा नहीं थमी तो आर्मी तैनात होगी; व्हाइट हाउस के बाहर से प्रदर्शनकारी हटाए गए, ताकि ट्रम्प तस्वीरें खिंचवाने चर्च पहुंच सकें

  • राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खुद को लॉ एंड ऑर्डर प्रेसिडेंट करार दिया; व्हाइट हाउस के बाहर लोगों को हटाने के लिए रबर की गोलियां चलानी पड़ीं
  • अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद वॉशिंगटन समेत कई बड़े शहरों में प्रदर्शन जारी, मिनेसोटा के ज्यादातर हिस्सों में नेशनल गार्ड्स की तैनाती
  • अमेरिकी पुलिस अधिकारियों ने जॉर्ज की गर्दन को आठ मिनट 46 सेकंड तक घुटने से दबाए रखा था, दम घुटने से मौत हो गई थी

दैनिक भास्कर

Jun 02, 2020, 07:44 PM IST

वॉशिंगटन. अमेरिका में अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस के हाथों मौत के बाद 7 दिन से प्रदर्शन और हिंसा जारी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक बार फिर प्रदर्शनकारियों को सख्त वॉर्निंग दी। उन्होंने खुद को लॉ एंड ऑर्डर प्रेसिडेंट करार दिया। कहा कि अगर हिंसा जारी रही तो सेना की तैनाती होगी। सोमवार रात ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर रबर की गोलियां और आंसू गैस के गोले छोड़े। मकसद व्हाइट हाउस के सामने से प्रदर्शनकारियों को हटाना था ताकि ट्रम्प चर्च जाकर फोटो खिंचा सकें।

इसके पहले भी राष्ट्रपति प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दे चुके हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने कहा था कि हमारे पास बेहतरीन हथियार और खतरनाक कुत्ते हैं। रविवार रात वॉशिंगटन के सेंट जॉन चर्च को आग के हवाले कर दिया गया था।

व्हाइट हाउस से सुरक्षा घेरे के बीच सेंट जॉन चर्च के लिए निकलते डोनाल्ड ट्रम्प।

अपील और चेतावनी, दोनों काम नहीं आईं
अमेरिका के ज्यादातर राज्यों में जॉर्ज की पुलिस अफसर के हाथों मौत के बाद विरोध प्रदर्शन और हिंसा हो रही है। एक हफ्ता बीत चुका है लेकिन, ज्यादातर राज्य अब तक हिंसा, आगजनी और लूटपाट पर पूरी तरह काबू नहीं पा सके हैं। राष्ट्रपति की अपील और चेतावनी भी काम नहीं आई। सोमवार शाम ट्रम्प ने मीडिया से कहा कि सभी अमेरिकी जॉर्ज के साथ हुई बर्बर घटना से दुखी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जॉर्ज को इंसाफ जरूर मिलेगा। साथ ही प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी। कहा- अगर हिंसा और लूटपाट जैसी घटनाएं नहीं रुकीं तो हम सेना तैनात कर देंगे। 

पुलिस को नहीं है किसी की जान लेने का अधिकार

जॉर्ज की मौत के कुछ वीडियोज सामने आए हैं। कुछ घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बनाए तो कुछ सिक्योरिटी सर्विलांस कैमरों में दर्ज हुए। खास बात ये है कि पुलिस ने फ्लॉयड पर जो भी तरीके आजमाए वो विभागीय नियमों का उल्लंघन हैं। पुलिस अफसर दम घोंटता रहा, जॉर्ज ही नहीं बाकी लोग भी उसे छोड़ देने की अपील करते रहे। लेकिन, पुलिस की बर्बरता के आगे किसी की एक न चली। जॉर्ज फ्लॉयड की मौत कत्ल नहीं तो और क्या है। 

पुलिस ने प्रदर्शकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े।

फ्लॉयड की मौत के अगले दिन घटना में शामिल सभी चार पुलिस अफसरों को बर्खास्त किया जा चुका है। फ्लॉयड की गर्दन पर घुटना रखने वाले पुलिस अफसर को 27 मई को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर थर्ड डिग्री हत्या का आरोप लगाया गया है। इस मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सोमवार को उसे 8 जून को अदालत में पेश होने के लिए कहा है।

जॉर्ज फ्लॉयड को घुटने से दबोचे हुए पुलिस अफसर डेरेक चॉविन। वह आठ मिनट 46 सेकंड तक गर्दन इसी तरह दबाए रहे, इसके चलते फ्लॉयड की मौत हो गई।

चारों अफसरों के खिलाफ जांच

चॉविन के खिलाफ दर्ज केस में साफ कहा गया है कि उन्होंने 8 मिनट 46 सेकंड तक जॉर्ज की गर्दन अपने घुटने से दबाए रखी। हैरानी की बात ये है कि चॉवेन ने फ्लॉयड की सांस रुकने के बाद भी घुटना नहीं हटाया। वो तब हटे जब मेडिकल टीम वहां पहुंच गई। घटना में तीन और अफसर शामिल थे। इनके नाम हैं- थॉमस लेन, जे एलेक्जेंडर और टोउ थाओ। इनके खिलाफ भी जांच जारी है।

शव परीक्षण में कई लोगों के मिलकर मारने की बात आई
जॉर्ज फ्लायड के परिवार के वकील बेन क्रम्प ने कहा है कि जॉर्ज की हत्या कई लोगों ने की। उन्होंने कहा कि शव परीक्षण से पता चला है कि इसमें केवल एक पुलिस अफसर शामिल नहीं था, बल्कि और अधिकारी भी शामिल थे। 
जॉर्ज के परिवार ने शव की जांच के लिए खुद के मेडिकल एग्जामनर को हायर किया था। उन्होंने बताया कि दम घुटने की वजह से मौत हुई है। जार्ज की गर्दन दबाने के साथ ही पीठ को भी दबाया गया था। एक अफसर घुटने से उसकी गर्दन दबाए था, जबकि दूसरों ने उसकी पीठ को दबा रखा होगा। 

दंगा प्रभावित  राज्यों का हाल

मिनेसोटा- यहां की राजधानी सेंट पाउल में पुलिस ने सोमवार को 66 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। शहर में कर्फ्यू लगाया गया है, लेकिन इस दौरान भी भारी प्रदर्शन हो रहे हैं। 

इलिनॉयस-  शिकागो शहर में प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां के सिसरो टाउन में गोलीबारी हुई। टाउन के प्रवक्ता ने बताया कि गोलीबारी करने वाले सिसरो के नहीं है। वे बाहर से टाउन में घुस आए थे।  

मिसौरी- यहां के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं।  सेंट लुईस शहर में प्रदर्शनकारियों की गोलीबारी में चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस डिपार्टमेंट ने बताया कि सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे खतरे से बाहर हैं। 

बॉक्सिंग चैंपियन मेवेदर ने कहा- अंतिम संस्कार का खर्चा उठाउंगा 
बॉक्सिंग चैंपियन फ्लॉयड मेवेदर ने जॉर्ज के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि वह जॉर्ज फ्लॉयड के अंतिम संस्कार की पूरी रकम अदा करेंगे। इसके साथ ही स्टार गोल्फर टाइगर वुड्स ने ट्वीट किया कि उनका दिल जॉर्ज के परिवार और जिन्हें नुकसान पहुंचा है, उनके लिए परेशान है। उन्होंने पुलिस के लिए भी सम्मान जताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी यह समझने के लिए बहुत मेहनत करते हैं कि बल का प्रयोग कब और कैसे करना है? लेकिन इस बार यह चौंकाने वाली घटना हुई। इसके साथ ही अमेरिकी गायिका एवं अभिनेत्री बिनोन्से नॉलेस ने कहा कि हम टूट चुके हैं। हम इस दर्द को नॉर्मल नहीं कर सकते हैं। उन्होंने बदलाव की मांग की है।

वॉशिंगटन में सोमवार को भी जॉर्ज की मौत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहे। इस दौरान नेशनल गार्ड्स के साथ और
घुसड़सवार पुलिस भी मौजूद रही।

Related posts

भारतीय मूल के शेफ से शादी करने वाली ऑस्ट्रिया की राजकुमारी का निधन, 31 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से जान गई

News Blast

मोदी दुनिया के 100 सबसे असरदार लोगों में शामिल, लेकिन टाइम ने लिखा- भाजपा ने मुसलमानों को टारगेट किया, विरोध दबाने के लिए महामारी का बहाना मिला

News Blast

उत्तरी अमेरिका में संक्रमण के सबसे ज्यादा 21.52 लाख मामले हुए, यहां केवल अमेरिका में 88% मरीज; दुनिया में अब तक 66.62 लाख संक्रमित

News Blast

टिप्पणी दें