- दुनिया में अब तक 3 लाख 85 हजार 390 लोगों की मौत, जबकि 31 लाख 10 हजार 619 लाख ठीक हुए
- अमेरिका में 18.98 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 8 हजार 989 लोगों की मौत हुई
दैनिक भास्कर
Jun 04, 2020, 03:28 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 65 लाख 31 हजार 621 हो गया। इस दौरान कुल 31 लाख 10 हजार 619 लोग स्वस्थ हुए। 3 लाख 85 हजार 390 लोगों की मौत हो चुकी है। डब्ल्यूएचओ ने बुधवार को कहा कि यूरोप में मंगलवार को 22 मार्च के बाद सबसे कम मामले देखे गए। यूरोप में लगातार मामले कम हो रहे हैं।
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडहोनम गेब्रेसियोसिस ने कहा कि हमें खासतौर पर मध्य और दक्षिण अमेरिका की चिंता है। वहां कई देशों में मामले बढ़ते जा रहे हैं। पिछले पांच दिनों में यहां एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इस बीच, उन्होंने कहा- कोरोनावायरस के इलाज के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन का ट्रायल फिर से शुरू होगा।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 18,98,204 | 1,08,989 | 6,52,011 |
ब्राजील | 5,60,737 | 31,417 | 2,53,570 |
रूस | 4,32,277 | 5,215 | 1,95,957 |
स्पेन | 2,87,406 | 27,128 | उपलब्ध नहीं |
ब्रिटेन | 2,79,856 | 39,728 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,33,836 | 33,601 | 1,60,938 |
भारत | 2,16,805 | 6,088 | 1,04,071 |
जर्मनी | 1,84,396 | 8,698 | 1,67,300 |
पेरू | 1,78,914 | 4,894 | 72,319 |
तुर्की | 1,66,422 | 4,609 | 1,30,852 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
दुनियाभर में 600 नर्सों की महामारी से मौत
इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेस (आईसीएन) ने बुधवार को कहा कि दुनियाभर में 600 नर्सों की महामारी के चलते मौत हुई है। साथ ही 2 लाख 30 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हुए हैं। आईसीएन की यह रिपोर्ट कुछ देशों के नेशनल नर्सिंग एसोसिएशन के आधिकारिक आंकड़ों और मीडिया रिपोर्टों के डेटा पर आधारित है।
इजराइल: 7000 छात्र और शिक्षक संक्रमित
इजराइल में लगभग 7,000 छात्रों और टीचिंग स्टाफ को क्वारैंटाइन किया गया है। साथ ही 40 से ज्यादा स्कूलों को बंद कर दिया गया है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, सरकार ने फैसला किया है कि स्कूल और किंडरगार्टन अभी के लिए खुले रहेंगे। हाल के दिनों में येरूशलम के स्कूल में 130 पॉजिटिव केस मिले थे। एक शिक्षक से यहां संक्रमण फैली थी।
रूस: 8536 नए मरीज मिले
रूस में संक्रमण का मामला बढ़ता जा रहा है। यहां 24 घंटे में 8,536 नए मामले मिले हैं और 178 लोगों की मौत हुई है। देश में संक्रमण के मामले अब तक 4 लाख 32 हजार से ज्यादा हो चुके हैं। अमेरिका और ब्राजील के बाद रूस सबसे संक्रमित देश है।
इटली: यात्रा प्रतिबंध हटाया गया
इटली ने यूरोपीय देशों के नागरिकों से यात्रा प्रतिबंध हटा दिया है। टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है। साथ ही वहां से ाने वालों लोगों को क्वारैंटाइन भी नहीं किया जाएगा। वहीं, देश में भी यात्रा करने पर लगाई गई पाबंदी हटा ली गई है। बुधवार से लोग देश में कहीं ही आवागमन कर सकते हैं। सरकार द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए लगाई गई पाबंदियों को हटाने का यह तीसरा चरण है। यहां सबसे पहले 18 मई को ढील देनी शुरू की गई थी। देश में 15 जून से थियेटर और सिनेमा घरों को भी खोला जा सकता है।
वेल्स में 29 जून से स्कूल खोला जाएगा
शिक्षा मंत्री क्रिस्टी विलियम्स ने कहा कि वेल्स में 29 जून से स्कूल खोल दिया जाएगा। इस हफ्ते सीमित समय के लिए सभी वर्ष के बच्चों के लिए स्कूल खुले रहेंगे। वहीं, एक समय में एक तिहाई से ज्यादा बच्चे क्लास में नहीं रहेंगे। समर टर्म भी एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। अब यह 27 जुलाई को खत्म होगा। जो माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते, उनपर कोई जुर्माना नहीं लगेगा।
द.अफ्रीका: कोर्ट ने लॉकडाउन नियमों को असंवैधानिक बताया
दक्षिण अफ्रीका की एक कोर्ट ने लॉकडाउन के नए नियमों को असंवैधानिक और अवैध बताया है। नए नियम पाबंदियों में राहत देने के अगले चरण के तहत जारी हुए थे। हाईकोर्ट के गौटेंग डिविजन ने मंगलवार को सरकार नियमों में दो हफ्ते के अंदर सुधार करने को कहा। कोर्ट का आदेश देश की सीमा बंद करने के साथ ही कैसिनों और नाइट क्लब बंद रखने जैसे सरकारी नियमों पर भी लागू होगा।
बांग्लादेश के शरणार्थी शिविर में पहले रोहिंग्या की मौत
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि बांग्लादेश में स्थित दुनिया के सबसे बड़े शरणार्थी शिविर में मंगलवार को पहले रोहिंग्या शरणार्थी की मौत हो गई है। मृतक के नाम का पता नहीं चल पाया है। कॉक्स बाजार के पास बने इस कैंप में लाखों रोहिंग्या शरणार्थी रहते हैं। पिछले महीने यहां पहले मामले की पुष्टि हुई थी।
अमेरिका: फिर बढ़े मामले
जॉन्स हॉपकिंस यूनिर्सिटी के मुताबिक, अमेरिका में 24 घंटे के दौरान मंगलवार रात तक 20 हजार 461 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 1015 लोगों की मौत भी हो गई। संक्रमितों की संख्या 18 लाख से ज्यादा हो चुकी है। मरने वालों का आंकड़ा एक लाख 6 हजार से ज्यादा हो चुका है। अमेरिकी सर्जन जनरल ने कहा है कि अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या के बाद हो रहे विरोध प्रदर्शनों में जुट रही भीड़ की वजह से हालात और बिगड़ेंगे।
पाकिस्तान : सिंध में मंत्री की मौत
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में मंत्री हाजी गुलाम मुर्तजा बलोच की मंगलवार को संक्रमण से मौत हो गई। यह जानकारी राज्य सरकार के प्रवक्तान ने दी। पाकिस्तान में लॉकडाउन हटाए जाने के बाद हालात तेजी से खराब हुए हैं। यहां अब तक कुल 79 हजार 929 मामले सामने आ चुके हैं। कुल 1683 लोगों की मौत हो चुकी है। सिंध प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 31 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
ब्राजील : हालात काबू में नहीं
यहां 24 घंटे में कुल 1262 संक्रमितों की मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा 31 हजार 199 हो गया। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, करीब 29 हजार नए संक्रमित मिले। अब तक देश में कुल पांच लाख 55 हजार 383 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। साओ पाउलो सबसे ज्यादा प्रभावित शहर है। 24 घंटे में यहां 327 नए मामले सामने आए। डब्ल्यूएचओ ने मंगलवार को ही ब्राजील को चेतावनी जारी की थी। इसमें कहा गया था कि अगर हालात नहीं संभाले गए तो वहां महामारी बहुत तेजी से बढ़ सकती है।
सिंगापुर : सरकार की तैयारी
सिंगापुर के प्रवासी मजदूरों में संक्रमण फैलने के बाद अब वहां की सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए नई डोरमेट्रीज बनाने का फैसला किया है। सरकार ने साफ कर दिया है कि इन नई डोरमेट्रीज में पहले से बहुत बेहतर सुविधाएं होंगी। खास तौर पर सफाई का ध्यान रखा जाएगा। जानकारी के मुताबिक, इस साल के आखिर तक सिंगापुर में 60 हजार नई डोरमेट्रीज तैयार कर ली जाएंगी। इसके कुछ महीने बाद इनकी संख्या एक लाख हो जाएगी। बता दें कि सिंगापुर में ज्यादातर संक्रमित इन्हीं डोरमेट्रीज में रहने वाले प्रवासी मजदूर हैं।
चिली : एक दिन में साढ़े तीन हजार केस
दक्षिण अमेरिकी देश चिली में कोविड-19 का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यहां संक्रमितों की संख्या 1 लाख 08 हजार 686 हो गई। 1188 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री जैमी मनालिक ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश में संक्रमण के 3,527 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 75 मरीजों की मौत हुई। राजधानी सैंटियागो समेत अन्य मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों में लॉकडाउन पांच जून तक बढ़ा दिया गया है।
इजरायल : फिर नए मामले
इजरायल दुनिया के उन चुनिंदा देशों में है जिसने कोविड-19 पर काफी हद तक काबू पा लिया है। लेकिन, यहां 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 116 नए मामले सामने आए। एक मई को 155 मामले सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अब तक कुल 17 हजार 285 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। मरने वालों को आंकड़ा 287 हो गया है।