May 3, 2024 : 3:09 PM
Breaking News
राष्ट्रीय

दिल्ली में कोरोना के हालात पर अमित शाह कल मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ बैठक करेंगे; देश में अब तक 3.09 लाख केस

  • दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 36 हजार से ज्यादा हो गई है, शुक्रवार को यहां 2137 पॉजिटिव मिले
  • देश में कोरोना संक्रमण से अब तक 8895 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 3717 लोगों की जान गई

दैनिक भास्कर

Jun 13, 2020, 04:47 PM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3 लाख 10 हजार 131 हो गई है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। उधर, राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह रविवार को एलजी अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक करेंगे। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया समेत अन्य अफसर भी मौजूद रहेंगे। दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 36 हजार से ज्यादा हो गई है।

उधर, महाराष्ट्र सरकार ने प्राइवेट लैब में किए जा रहे कोरोना टेस्ट की फीस को कम कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को बताया कि फीस 4500 रुपए से 2200 रुपए कर दी है। घर से सैंपल लेने पर 2800 रुपए फीस देनी होगी। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को राहत मिलेगी। उधर, भारत और बांग्लादेश के बीच पश्चिम बंगाल से कारोबार शनिवार से फिर शुरू हो गया। महामारी की वजह से 23 मार्च को दोनों देशों के बीच व्यापार बंद कर दिया गया था।

5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए

तारीख

केस
12 जून 11314
11 जून 11128
10 जून 11156
7 जून 10882
9 जून 9979

पिछले 24 घंटे में 11 हजार 458 मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11 हजार 458 मामले सामने आए। वहीं, 386 लोगों की मौत हुई। इसके बाद देशभर में मरीजों की कुल संख्या 3 लाख 8 हजार 993 हो गई। इनमें 1 लाख 45 हजार 779 एक्टिव मामले हैं। वहीं, 1 लाख 54 हजार 330 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 8884 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना अपडेट्स 

  • दिल्ली में टेस्टिंग विवाद पर सत्येंद्र जैन ने कहा कि अगर आपको राजधानी में टेस्टिंग बढ़ानी है तो इंडियन काउंसिल मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) से कहिए कि वे अपनी गाइडलाइंस में बदलाव करे। हम आईसीएमआर की गाइडलाइन के बाहर नहीं जा सकते। आप आईसीएमआर से और केंद्र सरकार से कहिए कि उसको खोल दे जो भी चाहे जा कर टेस्ट करा ले।
  • चेन्नई के एमआईओटी इंटरनेशन हॉस्पिटल ने बताय कि एआईएएमडीके का एक विधायक कोरोना पॉजिटिव मिला है। इस बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

महाराष्ट्र में 3 दिन में 10354 संक्रमित बढ़े, यहां सबसे ज्यादा 20% मरीज 31 से 40 साल के

महाराष्ट्र एक लाख कोरोना मरीजों वाला देश का इकलौता राज्य बन गया। यहां 1 लाख 1 हजार 141 मरीज हो गए। शुक्रवार को राज्य में 3493 संक्रमित मिले। इससे पहले,11 जून को 3607 और 10 जून को 3254 संक्रमित मिले थे।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 93 हजार 804 मरीजों का उम्र के हिसाब से एनालिसिस किया है। इसमें सबसे ज्यादा मरीज 31 से 40 साल की उम्र के हैं, जो राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या का 20.10% है। इसी तरह 21 से 30 साल की उम्र के 17890 संक्रमित मिले। वहीं, राज्य में 10 साल की उम्र तक के 3081 बच्चे संक्रमित हुए।

देश में शुक्रवार को 7259 मरीज ठीक हुए, यह 14 दिन बाद दूसरा बड़ा आंकड़ा

उधर, देश में स्वस्थ हो रहे मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। कल 7259 मरीज ठीक हुए। इससे पहले 29 मई को सबसे ज्यादा 11 हजार 736 मरीज ठीक हुए थे। पश्चिम बंगाल 10 हजार मरीजों वाला देश का 8वां राज्य हो गया। तमिलनाडु में मरीजों की संख्या 40 हजार के पार हो गई।

5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: भोपाल जिले में शनिवार को 63, इंदौर में 57 और उज्जैन में आठ पॉजिटिव मिले। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 10 हजार 443 हो गई है। भोपाल के स्वास्थ्य अफसर ने बताया कि 1964 सैंपल में से 63 पॉजिटिव मिले। जिले में 2145 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिनमें से 69 की मौत हो गई।

यह तस्वीर भोपाल की है। यहां हायर सेकंडरी की परीक्षाएं चल रही हैं। सावधानी के तौर पर क्लास के बाहर सभी स्टूडेंट्स के जूते और सैंडिल उतरवा लिए गए।

उत्तरप्रदेश: बस्ती जिले में शनिवार को आठ पॉजिटिव मिले। इसे मिलाकर जिले में मरीजों की संख्या अब तक 253 तक पहुंच गई है। इनमें से 169 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 12 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में ट्रूनेट मशीनों से टेस्ट होंगे। इससे कुछ घंटों के भीतर ही रिपोर्ट आ जाएगी।

महाराष्ट्र: यहां शुक्रवार को कोरोना के 3493 केस मिले और 127 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में 55 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। राकांपा नेता और कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे पॉजिटिव पाए गए। प्रदेश में मरीजों की संख्या 1 लाख 1 हजार 141 हो गई, इनमें से 49 हजार 628 एक्टिव केस हैं। अब तक 3717 की जान गई।

यह तस्वीर मुंबई की है। संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कब्रिस्तान में उसके रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार किया। मुंबई में शुक्रवार को 61 लोगों की मौत हुई। 

राजस्थान: राजस्थान में शनिवार सुबह कोरोना संक्रमण के 118 मामले सामने आए। इनमें भरतपुर में 39, पाली में 34, जयपुर में 19, अजमेर में 5, नागौर में 4, चूरू, डूंगरपुर और कोटा में 3-3, अलवर, बाड़मेर और टोंक में 2-2, झालावाड़ और दूसरे राज्य से आए 1-1 मरीज शामिल हैं। इसके साथ राज्य में कुल संक्रमितो का आंकड़ा 12 हजार 186 पहुंच गया। वहीं, पिछले 12 घंटे में राज्य में संक्रमण से 3 लोगों ने दम तोड़ा। इनमें जयपुर में 2 और पाली में 1 मरीज की जान गई। इसके बाद राज्य में संक्रमण से जाने वाली मौतों का कुल आंकड़ा 275 पर पहुंच गया।

बिहार: बिहार में शनिवार को 87 मरीज मिले। इनमें सबसे ज्यादा 15 लोग बांका से हैं। इनके अलावा, पटना में 14, पूर्णिया में 13, भोजपुर में 6, औरंगाबाद में 6, सीतामढ़ी में 6, रोहतास में 3, किशनगंज में 2, नवादा में 2, जहानाबाद और दरभंगा में एक-एक मरीज मिला। वहीं, बक्सर, मुजफ्फरनगर, गोपालगंज, मधेपुरा,लखीसराय में एक-एक पॉजिटिव मिला। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि गुरुवार से शनिवार तक राज्य में एक व्यक्ति मौत हुई। 

Related posts

एक्सपर्ट्स की चेतावनी- अगले 6 से 12 महीनों में देश में चिंता, डिप्रेशन और आत्महत्या के मामले बढ़ सकते हैं, बच्चों को ज्यादा खतरा

News Blast

दिल्ली में हर घर की 6 जुलाई और कंटेंनमेंट जोन में 30 जून तक स्क्रीनिंग करने की योजना

News Blast

ऑक्सीजन डिमांड का मामला:अंतरिम रिपोर्ट को पूर्वाग्रह से प्रेरित बता अंतिम बैठक में शामिल नहीं हुए दो मेंबर्स; रिपोर्ट को लेकर दिल्ली और केंद्र फिर आमने-सामने

News Blast

टिप्पणी दें