- सोमवार सुबह दोनों अफसर इस्लामाबाद में लापता हो गए थे
- दो हफ्ते पहले दिल्ली में पाकिस्तान हाईकमीशन के दो अफसर जासूसी के आरोप में पकड़े गए थे
दैनिक भास्कर
Jun 15, 2020, 05:35 PM IST
नई दिल्ली/इस्लामाबाद. सोमवार सुबह लापता हुए भारतीय हाईकमीशन के दो अफसर पाकिस्तान पुलिस की गिरफ्त में हैं। पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है। अफसरों पर हिट एंड रन का आरोप लगाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में इस्लामाबाद पुलिस के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अफसरों की कार ने एक राहगीर को टक्कर मारी, इसके बाद भागने की कोशिश की।
इस बीच, सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि पाकिस्तान से कहा गया है कि दोनों अधिकारियों को सरकारी कार के साथ तुरंत इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग भेजा जाए। भारतीय अधिकारियों की सुरक्षा और सलामति की जिम्मेदारी पूरी तरह से पाकिस्तानी अथॉरिटिज की है। ऐसे में अधिकारियों को किसी भी तरह से परेशान न किया जाए।
सुबह आई अफसरों के लापता होने की खबर
इससे पहले, सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास के दो अफसरों के लापता होने की खबर आई। भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से इन दोनों अफसरों का फौरन पता लगाने को कहा। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी हाईकमीशन को समन भी भेजा। शाम करीब चार बजे न्यूज एजेंसी ने जानकारी दी कि दोनों अफसरों को इस्लामाबाद पुलिस ने हिट एंड रन के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
साजिश के शक के पीछे वजह
कुछ दिन पहले आईएसआई एजेंट्स ने भारतीय राजनयिक गौरव अहलूवालिया की कार का पीछा किया था। इसका वीडियो भी सामने आया था। भारत ने इसके खिलाफ पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से विरोध भी दर्ज कराया था।
भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के डिप्लोमैट को तलब किया
#WATCH – Pakistan’s Charge d’affaires to India arrives at MEA on being summoned by the Ministry, after two Indian officials working with Indian High Commission in Islamabad (Pakistan) went missing. #Delhi pic.twitter.com/RxilI9kz4t
— ANI (@ANI) June 15, 2020
पाकिस्तान को चेतावनी दी थी
भारत विदेश मंत्रालय ने इस बारे में पाकिस्तान को डिप्लोमैटिक नोट भी दिया था। इसमें कहा गया था कि मार्च से अब तक भारतीय राजनयिकों को परेशान या पीछा करने की 13 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। भारत ने चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान में यह सिलसिला फौरन रुकना चाहिए।
पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार हुए थे
दिल्ली पुलिस ने 1 जून को पाकिस्तानी दूतावास के दो अफसरों को जासूसी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। ये लोग एक व्यक्ति को पैसों का लालच देकर सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज ले रहे थे। दोनों जासूस दूतावास में वीजा असिस्टेंट के तौर पर काम करते थे। पकड़े जाने पर उन्होंने खुद को भारतीय नागरिक साबित करने की कोशिश की थी। उनके पास फर्जी आधार कार्ड, भारतीय मुद्रा और आईफोन मिले थे। भारत ने इन दोनों अफसरों को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने को कहा था। इन्होंने इस दौरान भारत छोड़ भी दिया था।