- दुनिया में अब तक 4 लाख 862 लोगों की मौत, जबकि 34 लाख ठीक हुए
- अमेरिका में 19.82 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 11 हजार 961 लोगों की मौत हुई
दैनिक भास्कर
Jun 07, 2020, 02:27 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में संक्रमण से मौत का आंकड़ा 4 लाख पार हो चुका है। इसके मुताबिक, दुनिया में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4 लाख 862 हो चुकी है। वहीं, संक्रमितों का आंकड़ा 69 लाख 41 हजार 554 हो गया है। कुल 34 लाख 1 हजार 87 लोग स्वस्थ हुए। सऊदी अरब ने हाल ही में प्रतिबंधों में ढील देने के बाद एक बार फिर से नियम सख्त किए हैं। कोरोना के मामले बढ़ने पर यहां के शहर जेद्दा में दिन में 3 बजे से सुबह 6 बजे तक लोगों की आवाजाही पर मनाही रहेगी। इसके साथ ही यहां पर मस्जिदों में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी गई है । यहां पर 95 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 19,82,201 | 1,11,961 | 7,46,544 |
ब्राजील | 6,58,434 | 35,443 | 3,02,084 |
रूस | 4,58,689 | 5,725 | 2,21,388 |
स्पेन | 2,88,390 | 27,135 | उपलब्ध नहीं |
ब्रिटेन | 2,84,868 | 40,465 | उपलब्ध नहीं |
भारत | 2,46,622 | 6,946 | 1,18,695 |
इटली | 2,34,801 | 33,846 | 1,65,078 |
पेरू | 1,91,758 | 5,301 | 82,731 |
जर्मनी | 1,85,671 | 8,769 | 1,68,900 |
ईरान | 1,69,425 | 8,209 | 1,32,038 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
ट्रम्प बोले- टेस्टिंग हो, तो भारत-चीन में ज्यादा केस मिलेंगे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर भारत और चीन जैसे देश ज्यादा जांच करें तो उनके यहां कोरोना के मामले अमेरिका से ज्यादा निकलेंगे। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अमेरिका में अभी तक दो करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है।
अपडेट्स
- न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने शनिवार को कहा कि वह मंदिरों, मस्जिदों और चर्चों को फिर से खोलने की योजना बना रहे हैं।
- नेपाल में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 323 नए मामले सामने आए और एक की मौत हुई। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अभी तक कोरोना संक्रमण के कुल 3235 मामले आ चुके हैं और 11 लोगों की जान जा चुकी है।
- तुर्की में पहले बार दो महीने बाद लोगों ने बिना किसी लॉकडाउन के खुली हवा में सांस ली। राष्ट्रपति तैयप एर्दोआन ने यहां अचानक से लॉकडाउन हटा दिया है।
चीन ने अपने नागरिकों से कहा- ऑस्ट्रेलिया की यात्रा से परहेज करें
चीन ने अपने नागरिकों को ऑस्ट्रेलिया न जाने की सलाह दी है। चीन के कल्चर एंड टूरिज्म मिनिस्ट्री ने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि हाल ही में कोरोनावायरस के कारण ऑस्ट्रेलिया में चीनी और एशियाई लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव और हिंसा बढ़ी है। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले चीनियों से भी सतर्क रहने को कहा है।
ऑस्ट्रेलिया के पर्यटन मंत्री साइमन बर्मिंघम ने चीन की इस चेतावनी की जवाब दिया है। एबीसी न्यूज के मुताबिक साइमन ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया दुनिया का सबसे सफल मल्टीकल्चरल माइग्रेंट सोसाइटी है। चीनी-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान है
डब्ल्यूएचओ : दक्षिण एशिया पर खतरा
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि दक्षिण एशिया की घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कोविड-19 के बड़े पैमाने पर फैलने का खतरा है। डब्ल्यूएचओ की इमरजेंसी हेल्थ सर्विस डायरेक्टर माइकल रयान ने कहा, “दक्षिण एशिया में सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि बंगलादेश, पाकिस्तान और इस क्षेत्र के दूसरे देशों में महामारी अब तक बड़े पैमाने पर नहीं फैली है। लेकिन, हम मानते हैं कि ऐसा होने का खतरा है। जिस तरह का इसका ट्रेंड है, उसके हिसाब से यह कभी भी खतरनाक साबित हो सकती है। इसका कम्युनिटी ट्रांसफर हो सकता है।
चिली : 4207 नए मामले
चिली में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 24 घंटों में यहां 4207 नए मामले सामने आए। संक्रमितों की संख्या 1 लाख 22 हजार 499 हो गई। 24 घंटे के दौरान ही 92 और लोगों की मौत हुई। मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1448 तक पहुंच गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- 1521 मरीजों को आईसीयू में रखा गया है। 1291 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। 337 मरीजों की हालत गंभीर है।
मैक्सिको : यहां भी मुश्किल
लैटिन अमेरिका में संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ब्राजील और पेरू के बाद अब मैक्सिको में भी हालात बिगड़ रहे हैं। 24 घंटे में यहां 4346 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 625 लोगों की मौत हो गई। अब यहां एक लाख 10 हजार से ज्यादा मरीज हो चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा बी 13 हजार 170 हो गया है। सरकार का कहना है कि महामारी से निपटने के जितने उपाय किए गए हैं, उनके बेहतर नतीजे सामने आने लगे हैं।
अमेरिका : प्रदर्शन से खतरा
अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने सरकार को मुश्किल में डाल दिया है। न्यूयॉर्क में स्थानीय प्रशासन जल्द ही उन लोगों से संपर्क कर सकता है जो इन विरोध प्रदर्शनों में शामिल हुए। यही राज्य अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार कुछ नए टेस्टिंग सेंटर खोलने जा रही है जिनमें हर रोज 20 हजार टेस्ट किए जा सकेंगे। इनकी रिपोर्ट भी उसी दिन मिल जाएगी। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 922 लोगों की मौत हुई है।
ब्राजील: डब्ल्यूएचओ को छोड़ने की धमकी दी
अमेरिका के बाद ब्राजील ने भी वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) को छोड़ने की धमकी दी है। राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने डब्ल्यूएचओ पर वैचारिक पक्षपात का आरोप लगाया है।
बोल्सोनारो ने रिपोर्टरों से कहा, ‘‘मैं अभी आपको बता रहा हूं, अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ छोड़ दिया है, और हम भविष्य में इसके बारे में सोच रहे हैं। अगर डब्ल्यूएचओ ने वैचारिक पूर्वाग्रह के बिना काम करना शुरू नहीं किया तो हम इसे छोड़ देंगे।’’ बोल्सोनारो डब्ल्यूएचओ पर कोरोनावायरस को अच्छे हैंडल नहीं कर पाने का आरोप लगाते रहे हैं।
यहां अब तक 35 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। ब्राजील ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया में दूसरा सबसे मौतों वाला देश बनने के करीब है। यहां पर संक्रमितों की संख्या 6.5 लाख के करीब पहुंच गई है।
सऊदी अरब: अब फिर सख्ती
सऊदी अरब ने शुक्रवार को ऐलान किया कि जेद्दा शहर में दिन के 3 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। शनिवार से अगले 15 दिन तक यह नियम लागू रहेगा। 15 दिनों तक मस्जिदों में नमाज पढ़ने और ऑफिस जाने पर भी रोक रहेगी। इस दौरान रेस्टोरेंट और कैफे भी बंद रहंगे। शुक्रवार को देश में 2591 नए मामले सामने आए हैं। इनमें जेद्दा में सबसे ज्यादा 459 केस मिले हैं। देश में अब तक 95 हजार 748 मरीज मिल चुके हैं।