January 15, 2025 : 6:46 PM
Breaking News
अन्तर्राष्ट्रीय

एशिया में संक्रमण का आंकड़ा 13.60 लाख के पार, यहां सबसे ज्यादा 2.57 लाख मरीज भारत में; दुनिया में अब तक 70.39 लाख संक्रमित

  • दुनिया में अब तक 4 लाख 3 हजार 422 लोगों की मौत, जबकि 34 लाख से ज्यादा ठीक हुए
  • अमेरिका में 19.97 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 12 हजार 226 लोगों की मौत हुई

दैनिक भास्कर

Jun 08, 2020, 02:08 AM IST

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 3 हजार 422 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 70 लाख 39 हजार 801 हो गया है। अब तक 34 लाख 42 हजार 559 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, एशिया में संक्रमण के मामले अब तक 13 लाख 60 हजार से ज्यादा हो चुके हैं। वहीं, 35 हजार 20 लोगों की मौत हो चुकी है। महाद्वीप में भारत सबसे ज्यादा संक्रमित देश है। यहां अब तक 2.57 लाख से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं, जबकि 7206 लोगों की जान जा चुकी है।

कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 19,97,358 1,12,226 7,52,925
ब्राजील 6,78,360 36,078 3,02,084
रूस  4,67,673  5,859 2,26,731
स्पेन  2,88,630 27,136 उपलब्ध नहीं
ब्रिटेन  2,86,194 40,542 उपलब्ध नहीं
भारत 2,57,161 7,206 1,23,785
इटली 2,34,998 33,899 1,65,837
पेरू 1,91,758  5,301 82,731
जर्मनी 1,85,759 8,770 1,69,100
ईरान 1,71,789 8,281 1,34,349

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

रूस: 8984 नए मामले

रूस में 24 घंटे में संक्रमण के 8984 मामले सामने आए हैं और 134 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक 4.67 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका और ब्राजील के बाद रूस सबसे संक्रमित देश है। वहीं, यहां अब तक 5859 लोगों की जान जा चुकी है।

रूस के मास्को में  रेड स्क्वॉयर पर मास्क पहनकर निगरानी करते पुलिस अफसर। अमेरिका और ब्राजील के बाद रूस कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है।

सऊदी अरब: मरीजों की संख्या 1 लाख के पार

सऊदी अरब में संक्रमण का आंकड़ा एक लाख के पार हो गया है। यहां अब तक 712 लोगों की जान जा चुकी है। यहां 24 घंटे में तीन हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं, जबकि 36 लोगों की मौत हुई है। यहां शनिवार को पहली बार तीन हजार से ज्यादा मरीजों की पुष्टि हुई है। यहां 2 मार्च को संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि हुई थी।

सऊदी अरब में मास्क पहनकर मस्जिद में नमाज अदा करते लोग। (फाइल फोटो)

स्पेन: साफ-सफाई पर ध्यान देने की अपील

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने रविवार को युवाओं से अपील की कि अपने माता-पिता या दादा-दादी के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि हम अब तक पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। देश में अब तक 27 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2.88 लाख संक्रमित हैं।

स्पेन में कोरोनावायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम 27 मई को शुरू हुआ था और यह 5 जून तक यानी 10 दिन चला।

पाकिस्तान: 4,960 नए मरीज मिले

पाकिस्तान में रविवार तक संक्रमितों की संख्या 1 लाख 687 हो गई। यहां अब तक 2,018 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 4,960 नए मरीज मिले हैं। बढ़ते मामले के बावजूद प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि वे देश में सख्ती से लॉकडाउन लागू नहीं करेंगे। ऐसा करने से देश की अर्थव्यवस्था तबाह हो जाएगी और गरीबी बढ़ेगी।

यह फोटो पाकिस्तान स्थित हैदराबाद में रविवार को ली गई। यहां कोरोना से जान गंवाने वाले एक युवक के शव को दफन करने ले जाते परिजन।

हमने संक्रमण की जानकारी समय पर दी: चीन
चीन पर कई देशों ने वक्त पर कोरोनावायरस के संबंध में जानकारी ना देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में चीन ने रविवार को श्वेत पत्र जारी किया। चीन ने कहा- संक्रमण के बारे में हमने डब्ल्यूएचओ को समय से बता दिया था। वायरस के जीनोम सीक्वेंस और इसकी जांच के तरीके भी समय से साझा किए थे। अमेरिका को 4 जनवरी को जानकारी दी गई थी।

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के उप प्रमुख शु लिन रविवार को कोरोना पर जारी श्वतेपत्र जारी किया। इसमें उन्होंने संक्रमण को लेकर चीन पर लगे आरोपों का खंडन किया है।

बांग्लादेश: मंत्री संक्रमित
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बांग्लादेश के एक मंत्री बीर बहादुर उशवे सिंग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वे देश के कैबिनेट में पहले ऐसे मंत्री हैं, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले 9 दिन से उनमें कोरोनावायरस के लक्षण थे। शनिवार की रात उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। देश में अब तक 65 हजार से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। वहीं, 888 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह तस्वीर बांग्लादेश की राजधानी ढाका की है। लोग लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद बस में बैठने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे हैं।

ब्राजील ने कोरोना के आंकड़े वेबसाइट से हटाए

ब्राजील ने कोरोना से जुड़े आंकड़े शनिवार को वेबसाइट से हटा दिए। इस वेबसाइट पर देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या, मौत और इससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बताई जा रही थी। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने संक्रमितों की कुल संख्या जारी करना भी बंद कर दिया। अब तक ब्राजील में 6 लाख 72 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।ब्राजील के राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने कहा कि कोरोना के बढ़ते आंकड़े देश के मौजूदा हालात नहीं बताते। मामलों को कम करने की कोशिश जारी है। पिछले हफ्ते ही यहां मौतों का आंकड़ा 36 हजार से ज्यादा हो गया था, जोकि अमेरिका से भी ज्यादा था। 

ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में शनिवार को कब्र में ताबूत डालते पीपीई किट पहने कर्मचारी। यहां मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। पिछले हफ्ते ही इसने मौतों के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया था।

प्रिंस विलियम ने बतौर वॉलेंटियर सेवाएं दी

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम कोरोना से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए बनाए गए हेल्पलाइन में बतौर वॉलंटियर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने शनिवार को वालंटियर्स वीक समाप्त होने के मौके पर एक वीडियो कॉल में खुद इस बात की जानकारी दी। उन्होंने देश में सेवा दे रहे सभी वॉलंटियर्स के कामों की सराहना भी की। 

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने शनिवार को वीडियो कॉल के जरिए कोरोना से निपटने में मदद कर रहे वॉलंटियर्स से बात की।

न्यूयॉर्क में मौतों का आंकड़ा निचले स्तर पर पहुंचा

अमेरिका में 24 घंटे में 22 हजार 836 मरीज मिले हैं और 706 लोगों की जान गई है। यहां मौतों का आंकड़ा 1 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गया है। वहीं, संक्रमितों की संख्या 19 लाख 88 हजार से ज्यादा हो चुकी है। वहीं, न्यूयॉर्क में शनिवार को 35 संक्रमितों की मौत हुई। यह बीते दो महीने में यहां सबसे कम मौतें हैं। एक दिन पहले तक यहां 42 मौतें हुई थीं। न्यूयॉर्क के मेयर एंड्रयू क्यूमो ने कहा यह पहले की तुलना में वास्तव में एक अच्छी खबर है। यहां 8 जून से लॉकडाउन में छूट दी जाएगी।

फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी 20 मई की इस तस्वीर मेें एक कोरोना मरीज को अस्पताल पहुंचाते हुए नजर आ रहे हैं। शनिवार को बीते दो महीने में पहली बार यहां 40 से कम मौतें हुई।

इराक ने कर्फ्यू बढ़ाने का ऐलान किया

इराक ने कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या बढ़ने के बाद 13 जून से एक हफ्ते के लिए कर्फ्यू बढ़ाने का ऐलान किया है। ईराक के प्रधानमंत्री मुस्तफा अल खादिमी ने शनिवार को इसकी घोषणा की। देश में पिछले कुछ दिनों में 33 संक्रमितों की मौत होने के बाद सरकार ने यह फैसला किया।

इराक के बसरा में लॉकडाउन के बीच नौकरी से हटाने पर प्रदर्शन करने के लिए एकजुट हुए एक ब्रिटिश तेल कंपनी के कर्मचारी।

ब्रिटेन: 15 जून से चर्च में कर सकेंगे प्रेयर

ब्रिटेन में सरकार ने 15 जून से लोगों को चर्च में प्रेयर करने की इजाजत दी है। हालांकि, इसके लिए उन्हें अकेले जाना होगा। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन देश में लोगों को घर के बाहर खाना खाने और शादी समारोहों में शामिल होने की मंजूरी देने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, सरकार ने देश के कई हिस्सों में अब भी स्कूल न खोलने का फैसला किया है। वहीं, 23 मार्च को लॉकडाउन शुरू होने के बाद से ब्रिटेन में शनिवार को सबसे कम 77 मौतें दर्ज की गईं। यह एक दिन का सबसे कम आंकड़ा है।

ब्रिटेन के ब्लेश्ले में प्रोटेक्टिव स्क्रीन के सामने खड़े होकर दुकानदार से बात करता एक व्यक्ति

ऑस्ट्रेलिया में सरकार एविएशन सेक्टर को मदद देगी
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने अपने देश के एविएशन सेक्टर को मदद करने का फैसला किया है। इसके लिए 9067 हजार करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज दिया जाएगा। उप प्रधानमंत्री मैककॉमार्क ने कहा कि इस फंडिंग से ऑस्ट्रेलिया की एयरलाइन ऑपरेटर जरूरी सेवाएं जारी रख सकेंगी। कोरोना से जुड़ी पाबंदियों को हटाने के बाद लोग घरेलू उड़ानों की सेवाएं ले सकेंगे।

सिडनी में टारोंगा जू के बाहर टिकटों के लिए कतार में लोग। सरकार ने पिछले हफ्ते जू और पार्क खोलने को मंजूरी दी थी।

चीन में 6 नए मामले सामने आए
चीन में पिछले 24 घंटे में 6 नए मामले सामने आए हैं और एक भी मौत नहीं हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए 6 में से 5 लोग विदेश से लौटे थे। इसके साथ ही पांच नए बिना लक्षण वाले मामले भी मिले हैं। 

चीन में लॉकडाउन हटाने के बावजूद लोग सावधानी बरत रहे हैं। शनिवार को बीजिंग में मास्क लगाकर जाती लड़कियां।

मैक्सिको में मौतों का आंकड़ा 13 हजार के पार

मैक्सिको में पिछले 24 घंटे में 3600 नए मामले मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 1 लाख 13 हजार 500 के पार हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 13 हजार 511 लोगों की मौत हुई है। यहां के महामारी विज्ञान संस्थान के निदेशक लॉस लुइस अलोमिया ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि संक्रमण से 1 हजार 189 संदिग्ध मौतों की भी जांच की जा रही है।

न्यू मैक्सिको सिटी में शनिवार को ताबूत में रखे एक शव को दफनाने ले जाते स्थानीय कर्मचारी।

दक्षिण कोरिया में 24 घंटे में 57 नए मामले मिले

दक्षिण कोरिया में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 57 नए मामले सामने आए हैं। रविवार को लगातार दूसर दिन यहां 50 से ज्यादा पॉजिटिव केस मिले। कोरिया के डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन सेंटर ने इसकी जानकारी दी। नए मामले सामने आने से ग्रेटर सियोल इलाके में नए क्लस्टर मिलने की चिंताएं बढ़ गई हैं।  देश में अब तक 11 हजार 776 मामले सामने आ चुके हैं और 273 मौतें हुई हैं। 10 हजार 552 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

दक्षिण कोरिया के सियोल के एक बार में ड्रिंक्स बनाने के लिए रोबोट की मदद ली जा रही है।

Related posts

दानिश सिद्दीकी की मौत पर तालिबान को दुख:आतंकी संगठन ने कहा- हमने फोटो जर्नलिस्ट पर हमला नहीं किया, पता नहीं किसकी गोली से जान गई

News Blast

कोरोना महामारी:डेल्टा वैरिएंट ने मुश्किलें बढ़ाईं; रूस में रिकॉर्ड मौतें फिर भी लोग टीके ही नहीं लगवा रहे

News Blast

उत्तरी अफ्रीका में अल-कायदा का सरगना अब्देलमलिक मारा गया, फ्रांसीसी सेना को 7 साल से उसकी तलाश थी

News Blast

टिप्पणी दें