- दुनिया में अब तक 4 लाख 16 हजार 598 लोगों की मौत, जबकि 37.14 लाख से ज्यादा ठीक हुए
- अमेरिका में 20.62 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 15 हजार 10 लोगों की मौत हुई
दैनिक भास्कर
Jun 11, 2020, 02:44 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 16 हजार 598 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 74 लाख 4 हजार 93 हो गया है। अब तक 37 लाख 14 हजार 197 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. रिक पीपरकॉर्न ने बताया कि अफगानिस्तान में मरीजों की संख्या वास्तविक आंकड़ों से ज्यादा है। इसका कारण देश में कम टेस्टिंग होना है। बेहतर स्थिति के लिए ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग की जरूरत है। यहां अब तक 22 हजार से ज्यादा केस मिल चुके हैं। वहीं, रूस में 24 घंटे में 8404 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही देश में मरीजों की संख्या 4.93 लाख से ज्यादा हो गई है।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 20,62,146 | 1,15,010 | 8,00,338 |
ब्राजील | 7,47,561 | 38,701 | 3,80,300 |
रूस | 4,93,657 | 6,358 | 2,52,783 |
ब्रिटेन | 2,90,143 | 41,128 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 2,89,360 | 27,136 | उपलब्ध नहीं |
भारत | 2,87,155 | 8,107 | 1,40,979 |
इटली | 2,35,763 | 34,114 | 1,69,939 |
पेरू | 2,03,736 | 5,738 | 92,929 |
जर्मनी | 1,86,866 | 8,844 | 1,70,700 |
ईरान | 1,77,938 | 8,506 | 1,40,590 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
कोरोना मुक्त देश
पूरी दुनिया अभी कोरोना की चपेट में है। वहीं, कई देशों ने खुद को कोरोनावायरस से मुक्त घोषित कर लिया है। न्यूजीलैंड ने हाल ही में देश में एक भी कोरोना मरीज नहीं होने की पुष्टि की थी। संक्रमण मुक्त होने वाला वह नौवां देश है। इससे पहले वेटिकन सिटी, फिजी और तंजानिया ने भी खुद को संक्रमण मुक्त घोषित कर लिया है। कई देश मई में ही महामारी पर काबू पा चुके हैं। इनमें पापुआ न्यू गिनी, सैंटट किट्स एंड नेविस, तिमोर-लेस्टे, मॉन्टेनेग्रो और सैशल्स शामिल हैं।
मिस्र: बढ़ सकते हैं मामले
मिस्र के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने चेतावनी दी है कि इस महीने देश में संक्रमण के मामले बढ़ने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्रालय में कोरोना कमिटी के प्रमुख होसाम होस्नी ने कहा कि लोग पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य उपायों का पालन नहीं कर रहे हैं। सोशल सतर्कता कर्फ्यू से ज्यादा अहम है। इस महीने हर दिन बढ़ने वाले मामले दो हजार से ज्यादा हो जाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि 15 जुलाई के बाद से मामलों में कमी आनी शुरू होगी।
महामारी अभी खत्म नहीं हुई: फॉसी
अमेरिका के संक्रमण रोग विशेषज्ञ डॉ. एंथनी फॉसी ने मंगलवार को चेतावनी दी कि महामारी अभी भी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने इसे सबसे बुरा सपना बताया। साथ ही कहा कि वायरस ने चार महीने में पूरी दुनिया को हिला कर रखा दिया। इससे काफी कम समय में लाखों लोग संक्रमित हुए हैं। बीमार लोगों के दुनियाभर में यात्रा करने से यह और फैली है। उम्मीद है कि जल्द ही इसका वैक्सीन बना लिया जाएगा।
बुरुंडी: राष्ट्रपति का निधन
बुरुंडी के राष्ट्रपति पिएरे नकुरुंजिजा की रविवार को निधन हो गया। उनकी मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया। 55 वर्षीय पिएरे अगस्त में सत्ता छोड़ने वाले थे। हालाकि, कुछ लोगों का मानना है कि वे कोरोना से संक्रमित थे। देश में सात दिनों के शोक की घोषणा की गई है। राष्ट्रपति कार्यालय के एक सूत्र ने बताया कि फर्स्ट लेडी डेनिस बुकुमी का केन्या के एक अस्पताल में कोरोना का इलाज चल रहा था। वे मंगलवार को बुजुमबारा पहुंंची।
मैक्सिको: पीक से हफ्तों दूर
मैक्सिको के उप स्वास्थ्य मंत्री ह्यूगो लोपेज-गैटेल ने मंगलवार को कहा कि देश अभी भी कोरोनावायरस के पीक से हफ्तों दूर है। मंगलवार को यहां करीब तीन हजार नेए मामले मिले थे। देश में अब तक 1.24 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 14,649 लोगों की मौत हो चुकी है।
ब्राजील : अब डाटा अपडेट
ब्राजील सरकार ने मंगलवार रात सरकारी वेबसाइट पर संक्रमण से जुड़ा डाटा अपडेट कर दिया है। यह 4 जून के बाद किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के एक जज ने डाटा अपडेट करने के आदेश दिए थे। इसके अलावा कुछ गैर सरकारी संगठन भी राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो सरकार पर आंकड़े छिपाने के आरोप लगा रहे थे। विपक्षी दलों ने भी आरोप लगाया था कि सरकार महामारी से निपटने में नाकाम रही है, इसलिए सही आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं।
ब्राजील : 32 हजार मामले
मंगलवार का दिन ब्राजील के लिए बेहद चिंताजनक रहा। यहां कुल 32 हजार 91 नए मामले सामने आए। देश में अब तक 7 लाख 39 हजार 503 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। खास बात ये है कि यह लगातार चौथा दिन था जब देश में एक दिन में 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। देश में अब तक 38 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति बोल्सोनोरो के खिलाफ देश और दुनिया में आवाजें उठने लगी हैं। दूसरी तरफ, बोल्सोनोरो का कहना है कि महामारी की वजह से देश बंद नहीं किया जा सकता।
पाकिस्तान : डब्ल्यूएचओ का दबाव
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पाकिस्तान सरकार से फिर लॉकडाउन लगाने और इसका सख्ती से पालन कराने को कहा है। कहने को तो पिछले महीने भी पाकिस्तान ने आंशिक लॉकडाउन लगाया था लेकिन, इसका असर कहीं नहीं दिखा। रमजान के दौरान मस्जिदें खुली रहीं और ईद के दौरान बाजारों में बेहद भीड़ रही। यहां के डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पिछले मई की शुरुआत में ही सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर लॉकडाउन लागू नहीं किया गया तो हालात बदतर हो सकते हैं।
इमरान की मजबूरी
पाकिस्तान में मार्च के पहले हफ्ते में संक्रमण शुरू हुआ। मामले बढ़े तो प्रधानमंत्री इमरान खान पर दबाव बढ़ा। अलग-अलग प्रांतों में दिखावे का आंशिक लॉकडाउन रहा लेकिन, इसका फायदा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि लोगों ने इसका पालन नहीं किया। इमरान ने कहा कि देश लॉकडाउन से पड़ने वाला आर्थिक बोझ सहन नहीं कर सकता। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि पाकिस्तान में 1 लाख 8 हजार से ज्यादा मामले और 2 हजार 172 मौतें बताई गई हैं। लेकिन, असली आंकड़े इससे काफी ज्यादा हो सकते हैं।
पेरू : दो लाख से ज्यादा मामले
पेरू में अब कुल मामलों की संख्या दो लाख से ज्यादा हो गई है। मंगलवार रात जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल 2 लाख 3 हजार 736 संक्रमित हैं। 24 घंटे में 167 लोगों की मौत हुई। अब मरने वालों का आंकड़ा 5738 हो गया है। अमेरिका और लैटिन अमेरिका संक्रमण बेहद तेजी से फैला है। ब्राजील, पेरू और मैक्सिको में मामले बढ़ते जा रहे हैं।
चीन : 3 नए मामले
यहां बुधवार को तीन नए मामलों की पुष्टि हुई। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, तीनों मामले उन लोगों के हैं जो दूसरे देशों से चीन आए। दूसरे देशों से आने वाले कुल 1786 मामले सामने आ चुके हैं। बयान के मुताबिक, दूसरे देशों से आए कुल 54 लोग अब भी अस्पताल में हैं। बाकी को डिस्चार्ज किया जा चुका है।