- आर्थिक राजधानी मुंबई में अब तक कुल 55,451 मामले, मौत का आंकड़ा 2,044 पर पहुंचा
- महाराष्ट्र में अब तक 47,796 संक्रमित ठीक भी हुए, एक्टिव केसों की संख्या 49,616
दैनिक भास्कर
Jun 12, 2020, 10:54 PM IST
मुंबई.
महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच गया है। यहां पिछले 24 घंटों में 3,493 पॉजिटिव केस मिले हैं। इस हिसाब से राज्य में अब तक 1,01141 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य में 127 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में मौत की कुल संख्या 3,717 तक पहुंच गई है। हालांकि आज 1,718 मरीज ठीक होकर घर भी गए। राज्य में अब तक 47,796 संक्रमित ठीक हुए हैं। यहां एक्टिव केसों की संख्या 49,616 है। यह कुल पॉजिटिव मरीजों का 49% है।
पिछले 3 दिन में 10 हजार से ज्यादा मरीज मिले
पिछले तीन दिन में महाराष्ट्र में 10,354 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। महाराष्ट्र में पूरी दुनिया के 198 देशों से ज्यादा संक्रमित मरीज हैं। मुंबई में पिछले 24 घंटे में 1,366 नए केस मिले जबकि 90 कोरोना मरीजों की मौत हुई। मुंबई में अब कुल केसों की संख्या 55,451 और कुल मौतें 2,044 हो गई हैं। हालांकि, इसमें से एक्टिव केस 28,248 हैं जबकि 25,152 मरीज ठीक भी हुए हैं।
जिस चीन से इस कोरोनावायरस की शुरुआत हुई थी, उसे महाराष्ट्र ने चार दिन पहले ही पीछे छोड़ दिया है। चीन में कोरोना संक्रमितों की संख्या 83 हजार के आसपास है, जिनमें से सिर्फ कुछ सौ ही एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र ने कनाडा को भी पीछे छोड़ते हुए दुनिया में 17वें नंबर पर अपनी जगह बनाई है। worldometers के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तक कनाडा में 97 हजार पॉजिटिव मरीज थे। अब तो महाराष्ट्र से कम मरीज दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड, फिलीपींस, बांग्लादेश, मलेशिया और जापान जैसे देशों में हैं।
16 ऐसे देश जहां महाराष्ट्र से ज्यादा संक्रमित
आंकड़ों से यह सामने आया कि कुल 215 देशों में से 9 ऐसे देश हैं, जहां वर्तमान समय में 10 से कम पॉजिटिव केस हैं। 30 ऐसे देश हैं, जहां 11 से 100 के बीच संक्रमित मरीज हैं। इसके अलावा 16 ऐसे देश हैं, जहां महाराष्ट्र से ज्यादा संक्रमित मरीज हैं। इनमें सबसे ज्यादा मरीज अमेरिका में 20,89,825 हैं। इसके बाद ब्राजील, रूस, भारत, ब्रिटेन और स्पेन का नाम आता है।
मृतकों के मामले में 196 देशों से आगे है महाराष्ट्र
मौतों के मामले में भी महाराष्ट्र दुनिया के 196 देशों से आगे है। पाकिस्तान भी महाराष्ट्र से पीछे है। शुक्रवार तक यहां 2463 मौतें हुईं, जबकि महाराष्ट्र में यह आंकड़ा 3,590 था। दुनिया के 73 ऐसे देश हैं जहां मृतकों की संख्या 10 से कम है। वहीं 69 ऐसे देश हैं जहां 10 से 99 के बीच संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। मरने वालों में सबसे ज्यादा 116,035 संक्रमित मरीज अमेरिका से हैं। वहीं 30 ऐसे देश हैं, जहां एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है।
पूरी दुनिया में 5.68% और महाराष्ट्र में 3.68% है मृत्यु दर
12 जून की सुबह तक भारत समेत पूरी दुनिया में 72,73,958 संक्रमित मरीज थे और 4,13,372 लोग अपनी जान गंवा चुके थे। वहीं, भारत में यह संख्या 2,97,535 थी और यहां कुल 8,498 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से 3,590 सिर्फ महाराष्ट्र से हैं। मृत्युदर की बात करें तो पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों की मृत्यु दर 5.68% है, वहीं महाराष्ट्र में यह दर 3.68% है।
सबसे ज्यादा 31-40 आयु वर्ग के मरीज, एक मरीज 101-110 साल का भी
महाराष्ट्र में शुक्रवार तक कोरोना पॉजिटिव आने वालों में सबसे अधिक 31-40 वर्ष के आयु वर्ग (18,857) से संबंधित हैं, जो राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या का 19.3% है। इसके बाद 21-30 वर्ष की (17,890) आयु के हैं। वहीं 16,927 लोग 41-50 वर्ष के लोग हैं और 51-60 वर्ष के 16,041 लोग हैं। राज्य में 1 मरीज ऐसा भी है, जिसकी उम्र 101-110 साल के बीच है।
जांच करवाने वाले 83% निगेटिव, 40% में कोई लक्षण नहीं; 47% हुए ठीक
शुक्रवार सुबह तक राज्य में कुल 6,26,521 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिसमें से 83% निगेटिव और 17% पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 40% में कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। यानि इनमें खांसी, जुखाम और बुखार नहीं है। 7% में कोरोना के लक्षण हैं और 2% गंभीर मामले हैं, वहीं 47% ठीक हो गए हैं और 3.68% लोगों की मृत्यु हुई है। खास यह है कि वर्तमान एडमिट मरीजों में 82% में कोरोना के कोई लक्षण नहीं है, वहीं 4% की हालत गंभीर बनी हुई है। इसलिए मृतकों का आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है।
राज्य में 64% पुरुष कोरोना संक्रमित
लिंग के आधार पर संक्रमित मरीजों में 64% पुरुष हैं, 36% महिलाएं हैं। कोविड के कारण मरने वालों में से 64% पुरुष हैं, जबकि शेष 36% महिलाएं हैं।