- दुनिया में अब तक 4 लाख 24 हजार 228 लोगों की मौत, जबकि 38.55 लाख से ज्यादा ठीक हुए
- अमेरिका में 20.89 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 16 हजार 035 लोगों की मौत हुई
दैनिक भास्कर
Jun 12, 2020, 08:12 PM IST
रियो डि जेनेरियो. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 24 हजार 228 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 76 लाख 16 हजार 782 हो गया है। इसी दौरान 38 लाख 55 हजार 68 लोग स्वस्थ भी हुए। उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की की पत्नी ओलेना संक्रमित पाई गई हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी। उनके पति और बच्चे संक्रमित नहीं हैं। वहीं, वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवॉल्यूएशन (आईएचएमई) ने दावा किया है कि ब्राजील में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते रहे तो 29 जुलाई तक यहां अमेरिका से भी ज्यादा मौतें होंगी। 29 जुलाई तक ब्राजील में 1 लाख 37 हजार 500 से ज्यादा जानें जाएंगी, जबकि अमेरिका में 1.37 लाख मौतें हो सकती हैं।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 20,89,825 | 1,16,035 | 8,16,086 |
ब्राजील | 8,05,649 | 41,058 | 3,96,692 |
रूस | 5,11,423 | 6,715 | 2,69,370 |
भारत | 3,00,821 | 8,531 | 1,49,035 |
ब्रिटेन | 2,91,409 | 41,279 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 2,89,787 | 27,136 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,36,142 | 34,167 | 1,71,338 |
पेरू | 2,14,788 | 6,109 | 1,02,429 |
जर्मनी | 1,86,867 | 8,852 | 1,71,600 |
ईरान | 1,82,525 | 8,659 | 1,44,649 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
यूक्रेन : 29 हजार से ज्यादा मरीज
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की की पत्नी ओलेना संक्रमित पाई गई हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी। उनके पति और बच्चे संक्रमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं और मेरे परिवार में सभी नियमों का पालन कर रहे हैं। हमेशा मास्क और ग्लब्स पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के बाद भी मेरा रिजल्ट पॉजिटिव आया है। ओलेना ने कहा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है। वे आइसोलेशन में हैं। देश में 29 हजार से ज्यादा केस मिल चुके हैं, जबकि 780 लोगों की मौत हुई है।
न्यूयॉर्क : स्विमिंग पूल और मैदान खुलेंगे
अमेरिका में महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क राज्य ने अपने नागरिकों को राहत का ऐलान किया है। गवर्नर एंड्रू क्यूमो के मुताबिक, पब्लिक स्विमिंग पूल्स और खेल के मैदान यानी प्लेग्राउंड्स अब आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। इनके इस्तेमाल के लिए कुछ सावधानियां रखनी होंगी। क्यूमो ने साफ कर दिया कि अगर शहर का कोई हिस्सा क्लस्टर है तो वहां पूल या ग्राउंड नहीं खोले जाएंगे। बुधवार को न्यूयॉर्क राज्य में 736 नए मामले सामने आए। कुल संक्रमितों की संख्या 3 लाख 80 हजार 892 हो गई।
मलेशिया : हज यात्रा को मंजूरी नहीं
धार्मिक मामलों के मंत्री जुल्किफी मोहम्मद अल बाकरी ने गुरुवार रात साफ कर दिया कि इस साल मलेशिया का कोई नागरिक हज यात्रा पर नहीं जाएगा। एक अखबार को दिए इंटरव्यू में बाकरी ने कहा- हज यात्रा से संबंधित फैसला किंग अब्दुल्ला से बातचीत और उनकी सहमति के बाद लिया गया है। सभी जानते हैं कि यह देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लिए भी बेहद मुश्किल वक्त है। मलेशिया के पहले इंडोनेशिया, सिंगापुर, कम्बोडिया, थाईलैंड और ब्रुनेई भी इस साल हज यात्रा पर रोक लगा चुके हैं।
ब्राजील : हर दिन बढ़ती मुश्किलें
राष्ट्रपति बोल्सोनोरो की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। देश में संक्रमण के 8 लाख से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 24 घंटे में यहां 30 हजार 412 मरीज सामने आए। दिक्कत की बात यह है कि लगातार पांच दिन से यहां हर रोज 30 हजार से ज्यादा संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। मरने वालों का आंकड़ा भी 40 हजार से ज्यादा हो गया है। गुरुवार को 1239 लोगों की मौत हुई। अमेरिका के बाद ब्राजील में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।
इजराइल : 214 नए मामले
25 अप्रैल के बाद इजराइल में पहली बार 200 से ज्यादा मामले सामने आए। गुरुवार को यहां 214 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। यह जानकारी हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में दी। देश में संक्रमितों की संख्या अब 18 हजार 569 हो गई है। 24 घंटे में मरने वालों का आंकड़ा 299 से 300 हो गया। अब तक 15 हजार 250 लोग स्वस्थ हुए हैं। कुल एक्टिव केस 3019 हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अगर मामले बढ़ते रहे तो जो पाबंदियां हटाई गई हैं, वह फिर लगाई जा सकती हैं।
नेपाल : बंदिशें हटाई जाएंगी
यहां 24 मार्च से जारी लॉकडाउन अब धीरे-धीरे हटाया जाएगा। हालांकि, इसके पहले हेल्थ मिनिस्ट्री नई गाइडलाइंस जारी करेगी और इसका सख्ती से पालन करना जरूरी होगा। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सबसे पहले कारोबारी गतिविधियां शुरू की जाएंगी ताकि अर्थव्यवस्था को सुधारा जा सके। नेपाल में गुरुवार तक कुल 4614 मामले सामने आए। इस दौरान 15 लोगों की मौत भी हुई।
बचाव के लिए मास्क सबसे ज्यादा उपयोगी
टेक्सॉस और कैलिफोर्निया में हुई एक स्टडी में कहा गया है कि वायरस हवा के जरिए सबसे तेजी से फैलता है। लिहाजा, मास्क ही संक्रमण से बचने का सबसे बेहतर तरीका है। एटमॉस्फेरिक साइंस के रिसर्चर रेन्यी झांग की टीम ने इटली और न्यूयॉर्क में मास्क को अनिवार्य बनाए जाने के पहले और बाद के नतीजों का अध्यन किया। रिसर्च डेटा में सामने आया कि जैसे ही इन दोनों जगहों पर मास्क जरूरी किया गया तो मामले कम होने लगे।
इजराइल की औद्योगिक राजधानी तेल अवीव के एक रेस्टोरेंट में मास्क पहनकर बैठीं महिलाएं। गुरुवार को टेक्सॉस और कैलिफोर्निया में हुई एक स्टडी की रिपोर्ट जारी की गई। इसमें कहा गया है कि संक्रमण को रोकने के लिए सबसे अच्छा विकल्प मास्क है।
इटली: बच्चों पर खतरा
इटली के पब्लिक सेफ्टी डिपार्टमेंट ने एक बयान में कहा है कि देश में महामारी की शुरुआत से अब तक 4564 बच्चे संक्रमित हो चुके हैं। इतना ही नहीं चार बच्चों की मौत भी हो चुकी है। संक्रमित बच्चों में ज्यादातर की उम्र 7 से 17 साल के बीच है। बीमारी से मारे गए सभी बच्चे सात साल से कम उम्र के थे। सभी संक्रमित बच्चों को इलाज घर पर ही किया गया। सिर्फ 100 बच्चों को ही अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। बयान के मुताबिक, अगर स्कूलों को बंद नहीं किया गया होता तो संक्रमित बच्चों की संख्या ज्यादा हो सकती थी।
मैक्सिको : राहत के संकेत नहीं
लैटिन अमेरिका में संक्रमण के मामले कम होते नहीं दिखते। ब्राजील और पेरू के बाद मैक्सिको में भी महामारी तेजी से फैल रही है। सरकार ने कुछ सख्त पाबंदियां लगाई हैं। बाजार बंद हैं लेकिन, इसके बावजूद मामले कम नहीं हो रहे। गुरुवार को यहां 4790 नए केस सामने आए। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1 लाख 33 हजार 974 हो गई। 24 घंटे में 587 लोगों की मौत हुई। मरने वालों का आंकड़ा 15 हजार 944 हो गया। सरकार ने खुद कहा है कि मरने वालों और संक्रमितों की तादाद इससे ज्यादा हो सकती है।
पाकिस्तान : फिर तेजी से बढ़े मामले
इमरान खान सरकार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। देश में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन 6 हजार से ज्यादा नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। डॉन न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमितों की संख्या सरकारी आंकड़ों पर आधारित है और हकीकत में मामले बहुत ज्यादा हो चुके हैं। नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन के सांसद ख्वाजा आसिफ ने गुरुवार को कहा कि इमरान सरकार मुल्क को संभालने में हर मोर्चे पर नाकाम रही है। आसिफ ने कहा- अब ऊपर वाला ही इस मुल्क की हिफाजत कर सकता है।