- दुनिया में अब तक 4 लाख 21 हजार 390 लोगों की मौत, जबकि 38.22 लाख से ज्यादा ठीक हुए
- अमेरिका में 20.77 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 15 हजार 572 लोगों की मौत हुई
दैनिक भास्कर
Jun 12, 2020, 02:41 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 21 हजार 390 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 75 लाख 39 हजार 565 हो गया है। 38 लाख 22 हजार 639 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। चीन की राजधानी बीजिंग में 56 दिनों के बाद कोरोनावायरस से लोकल ट्रांसमिशन का एक मामला सामने आया है।
चीन में गुरुवार को कुल 16 लोग संक्रमित पाए गए। चाइना डेली की खबर के मुताबिक, चीन की सरकार ने विदेश के साथ ही विभिन्न शहरों से आने वाले लोगों को क्वारैंटाइन करने के कड़े नियम लागू किए हैं। पांच जून से ही बीजिंग में कोराना के सख्त नियमों में थोड़ी ढील दी गई है।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 20,77,150 | 1,15,572 | 8,10,350 |
ब्राजील | 7,87,489 | 40,276 | 3,96,692 |
रूस | 5,02,436 | 6,532 | 2,61,150 |
ब्रिटेन | 2,91,409 | 41,279 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 2,89,787 | 27,136 | उपलब्ध नहीं |
भारत | 2,98,109 | 8,500 | 1,46,908 |
इटली | 2,36,142 | 34,167 | 1,71,338 |
पेरू | 2,08,823 | 5,903 | 98,031 |
जर्मनी | 1,86,648 | 8,849 | 1,71,200 |
ईरान | 1,80,156 | 8,584 | 1,42,663 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अपडेट्स
- यूरोप की सीमाएं एक जुलाई से खोली जाएंगी, यूरोपीय कमीशन ने यूरोपीय यूनियन के सभी देशों से उन गैर यूरोपीय देशों की सूची देने को कहा है, जहां के लोगों को आने अनुमति दी जा सकती है।
ईयू ने कहा- चीन और रूस फर्जी खबरें फैला रहे
यूरोपीय यूनियन (ईयू) ने कहा है कि चीन और रूस महामारी को लेकर गलत खबरें फैला रहे हैं। ईयू ने कहा कि दोनों देश फर्जी खबरों के जरिए अपनी इमेज बना रहे हैं। ईयू उपाध्यक्ष वेरा जुरोवा ने ब्रसेल्स में कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने दोनों से देशों से फर्जी खबरों पर रोक लगाने की मांग की।
पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ संक्रमित
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष और नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। पार्टी प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने गुरुवार को संक्रमण की पुष्टि की है। कैंसर की जंग जीत चुके 69 साल के शरीफ घर में ही क्वारैंटाइनन हैं। जियो न्यूज से बातचीत में पीएमएल-एन प्रतिनिधि अता तरार ने कहा कि मामूली लक्षण नजर आने के बाद शरीफ ने जांच कराई थी। 10 जून को आई रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई।
पाकिस्तान: 1.19 लाख से ज्यादा केस
पाकिस्तान में 24 घंटे में संक्रमण के 5834 मामले मिले हैं। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। सरकार ने यहां लॉकडाउन खत्म कर दिया है। इसके बाद यहां मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में अब तक 1.22 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 2394 मौतें हो चुकी हैं। यहां सिंध और पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। संक्रमण के मामले बढ़ते देख डब्ल्यूएचओ ने यहां फिर से लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है।
श्रीलंका: 5 अगस्त को चुनाव होंगे
संक्रमण के चलते श्रीलंका में एक बार फिर संसदीय चुनाव टाल दिए गए हैं। यह 20 जून को होने वाला था, जो अब पांच अगस्त को होगा। इससे पहले यहां 25 अप्रैल को चुनाव होने थे। इस बार चुनाव में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने के दिशा-निर्देंशों को लागू किया जा रहा है। देश में अब तक 1873 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
रूस : संक्रमितों के इलाज के लिए नई दवा एविफेविर को मंजूरी दी
रूस ने गुरुवार को कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए एक नई दवा एविफेयर को मंजूरी दी है। इस दवा रो रूस में विकसित किया गया है। रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दी है। इस दवा का परीक्षण भी बहुत कम किया गया है। रूस ने इस दवा को कारगर बताया है और कहा कि 10 से ज्यादा देशों ने उससे इस दवा की मांग की है।
रूस में संक्रमण के मामले 5 लाख से ज्यादा हो गए हैं। यहां 24 घंटे में 8779 नए मामले सामने आए हैं। अमेरिका और ब्राजील के बाद यह सबसे संक्रमित देश हैं। वहीं, यहां 6,532 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 2 लाख 61 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.3 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।
अमेरिका: 1.15 लाख मौतें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 19 जून से ओकाहोमा से चुनावी रैली की शुरुआत करेंगे। महामारी के कारण तीन महीने से रैलियां स्थगित कर दी गई थीं। राष्ट्रपति ने कहा कि फ्लोरिडा, एरिजोना, उत्तरी कैरोलीना और ओकाहोमा से 19 जून को रैली की शुरुआत करेंगे। अमेरिका दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां संक्रमण के 20.67 लाख से ज्यादा मामले हैं, जबकि 1.15 लाख मौतें हो चुकी हैं।
मैक्सिको: 24 घंटे में 708 मौतें
मैक्सिको में 24 घंटे में 708 लोगों की मौत हुई है। देश में मरने वालों की संख्या अब 15 हजार 357 हो चुकी है। वहीं, संक्रमण के 4833 नए केस मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 1 लाख 30 हजार हो गई है। राजधानी मैक्सिको सिटी में और जांच बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। क्योंकि, शहर में जल्द ही अर्थव्यवस्था को खोला जा सकता है।
ब्राजील: एक दिन में 1274 मौतें
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में महामारी से 24 घंटे में 1274 लोगों की मौत हुई है। बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हजार 803 हो गई है। बुधवार को 32,913 नए मामलों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 7 लाख 75 हजार 581 हो गई है। यहां एक दिन पहले 32,091 नए मामले सामने आए थे और 1272 लोगों की मौत हुई थी। अमेरिका के बाद ब्राजील दूसरा सबसे संक्रमित देश है।
इटली: 4564 बच्चे संक्रमित
इटली में नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख एगोस्टिनो मियोजो ने कहा कि देश में महामारी की शुरुआत से अब तक 4564 बच्चे संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, चार की मौत हो चुकी है। सक्रमित बच्चों में ज्यादातर 7 से 17 साल के हैं। बीमारी से मारे गए सभी बच्चे सात साल से कम उम्र के थे। सभी संक्रमित बच्चों को इलाज घर पर ही किया गया, केवल 100 बच्चों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। यदि स्कूलों को बंद नहीं किया गया होता तो संक्रमित बच्चों की संख्या ज्यादा हो सकती थी।
चीन: 11 विदेशी नागरिक संक्रमित मिले
चीन में बुधवार को 11 विदेशी नागरिकों में संक्रमण की पुष्टि हुई। नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, देश में अब 1797 इंपोर्टेड केस हो गए हैं। 11 में से 6 केस शंघाई में मिले, तीन गुआंग्डोंग प्रांत में और तियानजीन और फुजियान में एक-एक केस मिले। कुल मामलों में से 1736 को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जबकि 61 का इलाज अभी भी चल रहा है।
महामारी पर मौसम का प्रभाव नहीं: डब्ल्यूएचओ
डब्ल्यूएचओ के इमरजेंसी प्रोग्राम के प्रमुख माइक रेयान ने बुधवार को कहा कि इसके बेहद कम सबूत हैं कि महामारी पर मौसम बदलने का प्रभाव पड़ेगा। हम मौसम के बदलने या तापमान बढ़ने के भरोसे नहीं बैठे रह सकते। हमारे पास इसके कई सबूत ही नहीं हैं कि मौसम में बदलाव से संक्रमण और तेजी से फैलेगा या फिर रूक जाएगा। शुरुआत में कुछ लोगों का मानना था कि गर्मियों के मौसम में महामारी का प्रकोप कम हो जाएगा।
फ्रांस: 8 लाख लोगों की नौकरी खतरे में
फ्रांस यूरोप के सबसे प्रभावित देशों में से एक है। वित्त मंत्री ने बुधवार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगले कुछ महीनों में देश में आठ लाख लोगों की नौकरियां जा सकती हैं। यहां संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं, लेकिन मौतों में कमी आई है। देश में अब तक 1.55 लाख संक्रमित मिले हैं, जबकि 29 हजार 319 जानें जा चुकी हैं।
यह भी पढ़ेंः