मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस बार मानसून 12 जून तक मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
गर्मी का सामना कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। केरल में नियत समय से दो दिन पहले पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। अभी तक मानसून केरल, कर्नाटक के अलावा आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्से में और तेलंगाना, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है।
वर्तमान में उसकी उत्तरी सीमा रत्नागिरी, सोलापुर, मेडक, भद्राचलम, विजय नगर और इस्लामपुर से होकर गुजर रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार बंगाल की खाड़ी से अधिक सक्रियता अरब सागर में दिखाई दे रही है। मानसून के रविवार-सोमवार तक मुंबई पहुंचने की संभावना है।
मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस बार मानसून 12 जून तक मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। प्रदेश में मानसून आने की संभावित तारीख 16 जून है। पिछले पांच वर्ष में तीसरी बार मानसून के तय तारीख से पहले आने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि केरल पहुंचने के बाद मानसून की गतिविधियां बंगाल की खाड़ी में तो थमी हुई हैं, लेकिन अरब सागर की तरफ से काफी अच्छी प्रगति जारी है।