फरीदाबाद14 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- आरोपियों के खिलाफ गवाही न देने के लिए किया हमला
बल्लभगढ़ इलाके में बेखौफ हो चुके बदमाशों ने सवा तीन माह पहले चाचा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। अब इस केस में आरोपियों के खिलाफ गवाही देने को तैयार भतीजे को बदमाशों ने गुरुवार रात चाकुओं से हमलाकर घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।
सुभाष कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी शमशेर ने आदर्शनगर थाने को दी शिकायत में कहा है कि 19 जून को उनका पड़ोस में झगड़ा हुआ था। इसमें उनके रिश्तेदार साेनू खान की मौत हो गई थी। इस हमले में उनका बेटा साजिद बच गया था। पुलिस इस घटना में हत्या का केस दर्ज कर चुकी है। इसमें साजिद गवाह है। अभी साजिद की गवाही नहीं हुई है। उनका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पंकज उसके साथी अक्की गुर्जर, राईया, सुनील, दशरथ और वासु ने गुरुवार शाम सुभाष कालोनी के मेन रोड के पास बाइक से जा रहे साजिद को रोक लिया। बाइक राेकते ही आरोपियों ने कहा कि तू मर्डर के मुकदमे में पंकज आदि के खिलाफ गवाही देगा।
अब तुझे भी जान से खत्म कर देते हैं। आरोप है उक्त पांचों बदमाशों ने चाकू से साजिद पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए साजिद गली नंबर तीन की तरफ भागा लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश होकर गिर गया। चीख पुकार सुन जब तक आसपास के लोग पहुंचते हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर है। पुलिस आराेपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी है।